IGNOU June TEE 2026: इग्नू ने बढ़ाई जून 2026 परीक्षा फॉर्म की तारीख; 26 अप्रैल तक बिना लेट फीस करें आवेदन
IGNOU June TEE 2026: इग्नू ने जून 2026 टर्म-एंड परीक्षा (TEE) के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया है। अब छात्र बिना किसी विलंब शुल्क के 26 अप्रैल 2026 तक अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं।

IGNOU June TEE 2026: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) में पढ़ाई कर रहे लाखों छात्रों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय ने जून 2026 टर्म-एंड परीक्षा (TEE) के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया है। अब छात्र बिना किसी विलंब शुल्क के 26 अप्रैल 2026 तक अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं। यह फैसला उन हजारों छात्रों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो तकनीकी कारणों या व्यस्तता की वजह से 10 अप्रैल की पिछली समय-सीमा तक अपना फॉर्म नहीं भर पाए थे।
नया शेड्यूल और लेट फीस का गणित
इग्नू द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया को दो चरणों में बांटा गया है। छात्र 26 अप्रैल 2026 की रात 11:59 बजे तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के फॉर्म भर सकते हैं। इस दौरान केवल प्रति कोर्स 200 रुपये की सामान्य परीक्षा फीस देनी होगी। यदि कोई छात्र 26 अप्रैल तक भी आवेदन नहीं कर पाता है, तो उसे 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच फॉर्म भरने का मौका मिलेगा। हालांकि, इस दौरान छात्र को 200 रुपये प्रति कोर्स की फीस के साथ 1100 रुपये का विलंब शुल्क भी देना होगा।विश्वविद्यालय ने साफ कर दिया है कि 30 अप्रैल के बाद परीक्षा फॉर्म भरने का लिंक पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी स्थिति में तारीख नहीं बढ़ाई जाएगी।
असाइनमेंट और प्रोजेक्ट के लिए भी बढ़ा समय
परीक्षा फॉर्म के साथ-साथ इग्नू ने छात्रों को एक और बड़ी खुशखबरी दी है। जून 2026 परीक्षा के लिए असाइनमेंट, फाइनल प्रोजेक्ट, शोध प्रबंध और इंटर्नशिप रिपोर्ट जमा करने की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 30 अप्रैल 2026 कर दी गई है। याद रहे कि इग्नू के नियमों के अनुसार, परीक्षा में बैठने के लिए असाइनमेंट जमा करना अनिवार्य है, क्योंकि कुल अंकों में इनका 30 प्रतिशत हिस्सा होता है। यदि आप असाइनमेंट जमा नहीं करते हैं, तो आपकी हॉल टिकट जारी नहीं की जाएगी।
कैसे भरें ऑनलाइन फॉर्म? (आसान स्टेप्स)
छात्र घर बैठे इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं:
- सबसे पहले इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट ignou.ac.in या सीधे परीक्षा पोर्टल exam.ignou.ac.in पर जाएं।
- होमपेज पर "Online submission of examination form for June 2026 TEE" के लिंक पर क्लिक करें।
- दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और 'Proceed to fill online examination form' पर क्लिक करें।
- अपना नामांकन नंबर (Enrollment Number), प्रोग्राम कोड दर्ज करें और परीक्षा केंद्र के क्षेत्र का चुनाव करें।
- अपने उन विषयों (Theory and Practical) को चुनें जिनकी आप परीक्षा देना चाहते हैं।
- अपनी ABC ID (Academic Bank of Credits) को लिंक करें या नई बनाएं।
- अंत में डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए फीस का भुगतान करें और स्लिप सुरक्षित रख लें।
परीक्षा की संभावित तारीखें
इग्नू जून 2026 टर्म-एंड परीक्षा का आयोजन 1 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 के बीच होने की संभावना है। विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय में वेबसाइट पर होने वाले भारी ट्रैफिक और तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए 26 अप्रैल का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना फॉर्म सबमिट कर दें।




साइन इन