इग्नू ने बढ़ाई आवेदन की आखिरी तारीख, बीएड और नर्सिंग प्रवेश परीक्षा अब 29 मार्च को
इग्नू ने बीएड और बीएससी नर्सिंग (पोस्ट बेसिक) प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 मार्च 2026 तक बढ़ा दी है। परीक्षा 29 मार्च को होगी, जबकि यूजी और पीजी कार्यक्रमों में भी दाखिले जारी हैं।

उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय यानी इग्नू ने बीएड और बीएससी नर्सिंग (पोस्ट बेसिक) कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 10 मार्च 2026 शाम 6 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार इन कार्यक्रमों के साथ पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन रूरल एंड प्लांटेशन मैनेजमेंट के लिए भी यही विस्तारित समय सीमा लागू होगी। पहले तय समय में आवेदन न कर पाने वाले छात्रों के लिए यह एक अतिरिक्त अवसर माना जा रहा है।
29 मार्च को होगी प्रवेश परीक्षा
इन तीनों कार्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा 29 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।
जनवरी 2026 सत्र के लिए यूजी और पीजी में भी दाखिले जारी
इसी बीच विश्वविद्यालय ने जनवरी 2026 सत्र के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। ये दाखिले ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से किए जा रहे हैं, जिससे नौकरीपेशा और दूरदराज के विद्यार्थी भी आसानी से पढ़ाई कर सकें।
स्नातक स्तर पर बीए, बीबीए, बीकॉम, बीसीए, बीएससी और बीएसडब्ल्यू जैसे लोकप्रिय कार्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनमें कई ऑनर्स और विशेष विषयों के विकल्प भी दिए गए हैं।
स्नातकोत्तर स्तर पर भी कई विकल्प
पोस्टग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में एमबीए, विभिन्न विषयों में एमए, एमसीए और एमकॉम जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने ऐसे डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किए हैं, जिनका उद्देश्य छात्रों के कौशल विकास और करियर उन्नति में मदद करना है।
भाषा अध्ययन, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यावरण अध्ययन और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में लघु अवधि के कार्यक्रम भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार पढ़ाई का चुनाव कर सकें।
लचीली शिक्षा प्रणाली है इग्नू की खासियत
इग्नू की शिक्षा व्यवस्था उन छात्रों के लिए खास तौर पर उपयोगी मानी जाती है जो नियमित कॉलेज नहीं जा सकते। विश्वविद्यालय का देशभर में 2000 से अधिक शिक्षार्थी सहायता केंद्र और क्षेत्रीय अध्ययन केंद्रों का नेटवर्क है।
छात्रों को डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई कंटेंट और इंटरैक्टिव ऑनलाइन टूल्स की सुविधा भी मिलती है, जिससे वे अपनी गति और सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं। यही वजह है कि कामकाजी लोगों, गृहिणियों और दूरदराज के विद्यार्थियों के बीच इस प्रणाली की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।




साइन इन