16 की उम्र में चली गई सुनने की शक्ति, नहीं टूटा हौसला; 4 महीने की पढ़ाई में फोड़ा UPSC का एग्जाम
IAS Saumya Sharma Success Story : सुनने की क्षमता खोने के बाद भी सौम्या शर्मा ने हार नहीं मानी और पहले ही प्रयास में UPSC की परीक्षा पास कर IAS अफसर बन गईं।

IAS Saumya Sharma Success Story : यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है। जहां लाखों उम्मीदवार हर साल IAS, IPS और IFS जैसे बड़े पदों के लिए परीक्षा देते हैं, वहीं सफलता कुछ ही को मिलती है। लेकिन दिल्ली की रहने वाली सौम्या शर्मा ने इस परीक्षा को न सिर्फ पहले ही अटेम्प्ट में क्लियर किया, बल्कि टॉप 10 में भी जगह बनाई और वो भी तब जब वो सुनने की शक्ति खो चुकी थीं।
16 साल की उम्र में सुनने की क्षमता चली गई
सौम्या शर्मा दिल्ली की रहने वाली हैं और उनके माता-पिता मेडिकल प्रोफेशनल्स हैं। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई दिल्ली से ही की। लेकिन एक दुखद मोड़ तब आया जब 16 साल की उम्र में उन्होंने अपनी सुनने की शक्ति खो दी। इस कठिन वक्त में भी उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली से कानून की पढ़ाई की और यहां से आगे बढ़ने की ठानी।
कानूनी पढ़ाई के दौरान सौम्या ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और श्रवण बाधित छात्रों के लिए आरक्षण की मांग भी की। लेकिन जब खुद परीक्षा दी, तो उन्होंने किसी भी आरक्षण का सहारा नहीं लिया और जनरल कैटेगरी से ही परीक्षा पास की।
चार महीने की पढ़ाई में फोड़ा यूपीएससी का एग्जाम
सौम्या ने कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू की। उनके पास सिर्फ चार महीने का वक्त था और वो प्रतिदिन छह घंटे पढ़ाई करती थीं। उन्होंने पहली बार में ही प्रीलिम्स और फिर मेन्स भी पास किया, खास बात ये रही कि मेन्स के दौरान उन्हें तेज बुखार था, फिर भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। आखिरकार, 23 साल की उम्र में सौम्या शर्मा ने अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 9 हासिल कर ली और पूरे देश के लिए प्रेरणा बन गईं।
सौम्या शर्मा आज हैं एक जिम्मेदार अफसर
आईएएस सौम्या शर्मा को महाराष्ट्र कैडर अलॉट हुआ और वर्तमान में वो नागपुर जिला परिषद की सीईओ हैं। सौम्या शर्मा की निजी जिंदगी भी उतनी ही प्रेरणादायक है। उन्होंने IPS ऑफिसर अर्चित चंदक से शादी की है, जो इस वक्त नागपुर में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस के पद पर तैनात हैं।




साइन इन