CBSE 12वीं रिजल्ट को लेकर सोशल मीडिया पर हलचल, वायरल पोस्ट ने बढ़ाई छात्रों की टेंशन
CBSE 12वीं रिजल्ट 2026 को लेकर सोशल मीडिया पर एक वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट चर्चा में है। पोस्ट में 11 मई को रिजल्ट आने का दावा किया गया है, जिससे CUET परीक्षा देने वाले छात्र चिंता में हैं।

सीबीएसई 12वीं बोर्ड रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के बीच सोशल मीडिया पर अचानक हलचल तेज हो गई है। इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही एक पोस्ट ने छात्रों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि CBSE 12वीं का रिजल्ट 11 मई को जारी हो सकता है। हालांकि बोर्ड की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद छात्र लगातार इंटरनेट और सोशल मीडिया खंगाल रहे हैं।
वायरल वीडियो में क्या कहा गया?
इंस्टाग्राम यूजर “@gajendrasir_physics” द्वारा साझा किए गए वीडियो में कहा गया कि कॉपियों की जांच प्रक्रिया अभी जारी है और माना जा रहा है कि यह काम बुधवार तक पूरा हो सकता है। वीडियो में अलग-अलग रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा गया कि 11 मई तक रिजल्ट आने की संभावना जताई जा रही है। यही नहीं, कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने यह भी दावा किया कि हाल ही में चर्चा में आए Hantavirus को लेकर बनी परिस्थितियों की वजह से रिजल्ट में देरी हो सकती है। हालांकि इन दावों की किसी भी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
छात्रों की सबसे बड़ी चिंता बना CUET
छात्रों की चिंता की सबसे बड़ी वजह CUET परीक्षा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक CUET की शुरुआत भी 11 मई से होने की संभावना है। ऐसे में अगर उसी दिन CBSE रिजल्ट जारी होता है तो लाखों छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ सकता है। सोशल मीडिया पर कई छात्रों ने इस बात को लेकर नाराजगी और चिंता जाहिर की। किसी ने लिखा, “11 मई को CUET का एग्जाम है, रिजल्ट मत निकालो भाई।” वहीं दूसरे छात्र ने कहा, “CUET है 11 मई से, तब रिजल्ट नहीं आना चाहिए।”
कमेंट सेक्शन में दिखी छात्रों की बेचैनी
वायरल पोस्ट के कमेंट सेक्शन में छात्रों के मजेदार मीम्स से लेकर तनाव भरे रिएक्शन तक देखने को मिले। एक यूजर ने लिखा, “अब भी आए अच्छा आए।” वहीं दूसरे ने कहा, “इस बार CBSE वालों ने परेशान करके रख दिया।” कुछ छात्रों का मानना है कि हर साल की तरह इस बार भी रिजल्ट 10 से 12 मई के बीच आ सकता है, जबकि कई लोग यह भी कह रहे हैं कि 15 मई से पहले रिजल्ट आने की संभावना कम है।
अभी तक CBSE की तरफ से कोई आधिकारिक तारीख नहीं
फिलहाल CBSE ने 12वीं रिजल्ट 2026 की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी जा रही है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और बोर्ड के नोटिस पर भरोसा करें, सोशल मीडिया पर चल रही हर जानकारी को अंतिम सच न मानें।




साइन इन