cbse class 10th result 2026 date latest updates april me kyu aa sakta hai result CBSE 10वीं का रिजल्ट अप्रैल में ही हो सकता है जारी, बोर्ड क्यों बदल सकता है रणनीति, Career Hindi News - Hindustan
More

CBSE 10वीं का रिजल्ट अप्रैल में ही हो सकता है जारी, बोर्ड क्यों बदल सकता है रणनीति

cbse class 10th result 2026: सीबीएसई 10वीं के नतीजे 2026 अप्रैल के बीच में आने की उम्मीद है। दो चरणों वाली परीक्षा प्रणाली के कारण इस साल परिणाम जल्दी घोषित किए जा सकते हैं। यहां जानें पूरी डिटेल्स।

Sun, 12 April 2026 05:04 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
CBSE 10वीं का रिजल्ट अप्रैल में ही हो सकता है जारी, बोर्ड क्यों बदल सकता है रणनीति

cbse class 10th result 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के 10वीं कक्षा के लाखों छात्र इन दिनों अपनी धड़कनें थामे बैठे हैं। ताजा अपडेट्स और बोर्ड के गलियारों से छनकर आ रही खबरों की मानें तो, सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट 2026 (सेशन 1) अप्रैल के बीच में यानी अगले एक हफ्ते के भीतर कभी भी घोषित किया जा सकता है। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक किसी आधिकारिक तारीख पर मुहर नहीं लगाई है लेकिन तैयारी जिस रफ्तार से चल रही है, उससे साफ है कि इस साल छात्रों को नतीजों के लिए पिछले सालों की तरह मई के दूसरे हफ्ते तक इंतजार नहीं करना होगा।

समय से पहले क्यों आ रहे हैं नतीजे?

अमूमन देखा जाता है कि सीबीएसई मई के मध्य में अपने नतीजे जारी करता है, पिछले साल भी 10वीं और 12वीं के रिजल्ट 13 मई को आए थे। तो फिर इस बार इतनी जल्दी क्यों? इसकी सबसे बड़ी वजह बोर्ड द्वारा लागू किया गया दो-चरण परीक्षा मॉडल है। यह पहला साल है जब सीबीएसई ने 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं को दो सत्रों में बांटा है।

इस नए सिस्टम के तहत, जो छात्र सेशन-1 के नतीजों से खुश नहीं होंगे या जिनके नंबर कम रह जाएंगे, उन्हें मई में होने वाले सेशन-2 में अपने प्रदर्शन को सुधारने का मौका मिलेगा। छात्र अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा देकर अपने स्कोर को बेहतर बना सकते हैं। इसी सेशन-2 की वजह से बोर्ड पर दबाव है कि वह पहले सेशन का रिजल्ट जल्द से जल्द जारी करे, ताकि छात्रों को अपनी तैयारी और सुधार के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

25 लाख छात्रों की किस्मत का फैसला

इस साल परीक्षाओं का पैमाना बहुत बड़ा रहा है। आंकड़ों पर नज़र डालें तो करीब 43 लाख से ज्यादा छात्र भारत और विदेशों के अलग-अलग केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से अकेले 10वीं कक्षा के लगभग 25 लाख छात्र अपने स्कोरकार्ड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जबकि 12वीं के परीक्षार्थियों की संख्या करीब 18.5 लाख है। 10वीं की परीक्षाएं 11 मार्च को ही खत्म हो गई थीं, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलीं। दोनों की शुरुआत 17 फरवरी को हुई थी।

पर्दे के पीछे क्या चल रहा है?

रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया इस समय अपने अंतिम चरण में है। परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने स्पष्ट किया है कि समय पर नतीजे घोषित करने के लिए स्कूलों का सहयोग बेहद जरूरी है। बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन 17 अप्रैल तक हर हाल में ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दें। यह पोर्टल 8 अप्रैल से ही खुला हुआ है। जैसे ही यह डेटा पूरी तरह कंपाइल हो जाएगा, बोर्ड फाइनल रिजल्ट का बटन दबाने के लिए तैयार होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बच्चे का KV में कराना है एडमिशन? इस तरीके से बहुत आराम से मिल जाएगी सीट
ये भी पढ़ें:35 परीक्षाओं में फेल, नहीं टूटा हौसला; विजय वर्धन ने कैसे फोड़ा UPSC का एग्जाम?

विदेशों में आई कुछ अड़चनें

भले ही भारत में परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न हुईं, लेकिन पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में हालात अलग थे। इज़राइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कुछ केंद्रों पर परीक्षाएं बाधित हुईं। इस स्थिति को देखते हुए सीबीएसई ने उन क्षेत्रों में कुछ पेपर रद्द कर दिए थे। प्रभावित 12वीं के छात्रों के लिए बोर्ड ने एक वैकल्पिक मूल्यांकन योजना पेश की है, ताकि उनका साल खराब न हो।

छात्र कहां और कैसे देख सकेंगे अपना रिजल्ट?

नतीजों के दिन अक्सर भारी ट्रैफिक की वजह से वेबसाइट्स क्रैश हो जाती हैं। इससे बचने के लिए सीबीएसई ने कई डिजिटल रास्ते खोल दिए हैं। छात्र नीचे दिए गए आधिकारिक प्लेटफार्मों पर अपना स्कोर चेक कर पाएंगे -

1. cbse.gov.in

2. results.nic.in

3. results.digilocker.gov.in

4. umang.gov.in

रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर, स्कूल कोड, एडमिट कार्ड आईडी और जन्म तिथि की जरूरत पड़ेगी।

इसके अलावा, डिजी लॉकर (DigiLocker) एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरा है। छात्र अपने आधार-लिंक्ड मोबाइल नंबर के जरिए इस पर साइन-अप कर सकते हैं और रिजल्ट घोषित होते ही अपनी डिजिटल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकते हैं। जो छात्र इंटरनेट की पहुंच से दूर हैं, उनके लिए IVRS (इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम) और SMS की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। दिल्ली के छात्र 24300699 पर और देश के अन्य हिस्सों के छात्र 011-24300699 पर कॉल करके अपना परिणाम जान सकेंगे।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।