CA Topper : सीए 2nd टॉपर तेजस की सीए इंटर में भी थी धाकड़ रैंक, AI का इस्तेमाल, रोजाना 12 घंटे पढ़कर पूरा किया ख्बाव
तेजस ने सीए फाइनल में 600 में से 492 अंक (82 प्रतिशत अंक) लाकर ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल की । सीए इंटर में उनकी ऑल इंडिया रैंक 5 (AIR 5) थी, जो उनके सीए की पढ़ाई की पूरे सफर में उनके लगातार टॉप प्रदर्शन को दर्शाता है।

भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान ने सोमवार को सितंबर 2025 में आयोजित सीए फाइनल, इंटरमीडिएट, फाउंडेशन परीक्षाओं का रिजल्ट जारी किया जिसमें हैदराबाद के तेजस मुंदड़ा सेकेंड टॉपर बने हैं। तेजस ने सीए फाइनल में 600 में से 492 अंक (82 प्रतिशत अंक) हासिल किए। इससे पहले उन्होंने सीए इंटर लेवल पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। सीए इंटर में उनकी ऑल इंडिया रैंक 5 (AIR 5) थी, जो उनके सीए की पढ़ाई की पूरे सफर में उनके लगातार टॉप प्रदर्शन को दर्शाता है। तेजस मुंदड़ा एक चार्टर्ड अकाउंटेंट परिवार से आते हैं। उनके पिता और भाई सीए हैं, इससे उनकी दिलचस्पी सीए प्रोफेशन की तरफ होती चली गई। सीए का पारिवारिक बैकग्राउंड होने के चलते अकाउंट्स एंड फाइनेंस के विषय में उनकी रुचि बढ़ती चली गई।
कहां से की है ग्रेजुएशन
मुंदड़ा ने जनवरी 2021 और जून 2024 के बीच उस्मानिया विश्वविद्यालय से बीकॉम जनरल की डिग्री पूरी की। ग्रेजुएशन में उनका स्कोर 8.59 सीजीपीए रहा। अपनी स्नातक की पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सीए के सभी स्टेज पास किए और फाइनेंशियल रिपोर्टिंग, कॉर्पोरेट कानून, डायरेक्ट व इनडायरेक्ट टैक्सेशन, स्टैचुटरी ऑडिट और आईटी स्किल्स जैसे क्षेत्रों में लगातार विशेषज्ञता हासिल की।
आर्टिकलशिप ने की मदद
फरवरी 2023 से मुंदड़ा हैदराबाद स्थित अर्न्स्ट एंड यंग (EY) में आर्टिकल्ड असिस्टेंट के रूप में आर्टिकलशिप ट्रेनिंग ले रहे हैं। उनकी जिम्मेदारियों में रसायन से लेकर आईटी-बीपीओ तक, विभिन्न उद्योगों में स्टैचुएटरी ऑडिट और रिव्यू शामिल हैं। उन्होंने इंड एस, आईजीएएपी और यूएस जीएएपी जैसे फाइनेंशियल रिपोर्टिंग फ्रेमवर्क के साथ काम किया। इस प्रैक्टिकल नॉलेज ने उन्हें सीए फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद की।
रोजाना 12 घंटे पढ़ाई
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए मुंदड़ा ने कहा, 'मैंने फाइनल ग्रुप की तैयारी के दौरान रेगुलर एक्सरसाइज के साथ-साथ लगभग 12 घंटे पढ़ाई की।' तेजस महज पढ़ाई में डूबे रहने पसंद नहीं करते। उन्होंने अपने वीकेंड पर रनिंग की योजना बना रखी थी। वे बेसब्री से वीकेंड का इंतज़ार करते थे। उन्होंने कहा, 'छह दिन मैं पढ़ाई करता हूं, और रविवार को मैं दोस्तों के साथ 5 किलोमीटर दौड़ने का इंतज़ार करता हूं। यह एक ऐसी चीज है जिसका मुझे बहुत आनंद आता है और इससे मुझे संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।'
CA-GPT: सीए के लिए बेस्ट एआई टूल
तेजस को अपनी तैयारी के अंतिम चरण में एक और बड़ी मदद ICAI के नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्लेटफ़ॉर्म, CA GPT से मिली। दिसंबर 2024 में, ICAI ने CA-GPT के लॉन्च की घोषणा की, जो एक ऐसा सॉफ़्टवेयर है जिसमें मुख्य प्रश्नों से संबंधित संपूर्ण आईसीएआई डेटा डाला गया है। जब कोई प्रश्न पूछता है, तो यह सॉफ्टवेयर ICAI द्वारा दिए गए डेटा से डेटा/उत्तर ढूंढ लेगा, और इसमें गूगल या अन्य स्रोतों जैसे सर्च इंजन शामिल नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि सीए जीपीटी सर्वोत्तम टूल में से एक रहा।
कोचिंग से मदद मिलती है
तेजस कोचिंग की जरूरत के बारे में भी स्पष्ट थे। उन्होंने कहा, 'इससे आपको यह समझने में मदद मिलती है कि क्या सीखना है, क्या-क्या समझना है और पाठ्यक्रम को कैसे पूरा करना है। यह किसी प्रोफेसर या शिक्षक की मदद से ही संभव है। कोचिंग जरूरी है।' उन्होंने आगे बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा के बाद उन्होंने कोचिंग छोड़ दी और उसके बाद स्वतंत्र रूप से अपनी तैयारी जारी रखी।
आर्टिकलशिप के दौरान पढ़ाई की चुनौती
तेजस ने बताया कि उनकी तैयारी में सबसे बड़ी चुनौती आर्टिकलशिप के दौरान आई। "चुनौती यह थी कि दिन में ऑफिस में सभी जरूरी व्यावहारिक ज्ञान सीखते हुए परीक्षाओं की तैयारी करनी थी, ताकि मैं अपनी तैयारी में पीछे न रह जाऊं... मुझे दोनों में संतुलन बनाना था और अपनी पढ़ाई की लय को नहीं तोड़ना था।"
स्क्रीन टाइम और पढ़ाई का संतुलन
दिलचस्प बात यह है कि अपनी तैयारी के दौरान वह कभी भी सोशल मीडिया या ओटीटी प्लेटफॉर्म से पूरी तरह दूर नहीं रहे। उन्होंने कहा, "हां, मैं सोशल मीडिया देखता हूं। मैं कभी भी सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर नहीं रहा। मैं हमेशा आराम करने और पढ़ाई करने के तरीके में संतुलन बनाए रखता था ताकि मेरा प्रवाह न टूटे।
टिप्स भी दिए
सीए बनने की चाह रखने वाले छात्रों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा, "विषय को विस्तार से जानें, बिना किसी अंतराल के, और अभ्यास में निरंतरता बनाए रखें। ये बातें बहुत ज़रूरी हैं।"
आपको बता दें कि सीए फाइनल परीक्षा में मध्य प्रदेश के धार जिले के मुकुंद अग्रवाल ने पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 83.33% अंक पाए। फाउंडेशन परीक्षा में चेन्नई की एल. राजलक्ष्मी ने प्रथम स्थान हासिल किया। पुरुषों का उत्तीर्ण प्रतिशत 15.74, महिलाओं का 13.76 रहा। सीए इंटरमीडिएट में जयपुर की नेहा ने 84.17% अंक से अव्वल रहीं। परिणामों का विवरण वेबसाइट www.icai.nic.in पर उपलब्ध है। सीए फाइल में अलवर के बकुल गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।
CA Foundation Topper 2025: सीए फाउंडेशन टॉपर लिस्ट
एल राजलक्ष्मी: चेन्नई – 360 अंक (90%) ऑल इंडिया रैंक 1
प्रेम अग्रवाल: सूरत – 354 अंक (88.50%) ऑल इंडिया रैंक 2
नील राजेश शाह: मुंबई – 353 अंक (88.25%) ऑल इंडिया रैंक 3
CA Intermediate Topper 2025: सीए इंटरमीडिएट टॉपर लिस्ट
नेहा खानवानी: जयपुर – 505 अंक (84.17%) – ऑल इंडिया रैंक 1
कृति शर्मा: अहमदाबाद- 503 अंक (83.83%) – ऑल इंडिया रैंक 2
अक्षत बीरेंद्र नौटियाल: – 500 अंक (83.33%) – ऑल इंडिया रैंक 3
CA Final Topper 2025: सीए फाइनल टॉपर लिस्ट
मुकुंद अग्रवाल: धामनोद – 500 अंक (83.33%) – ऑल इंडिया रैंक 1
तेजस मुंदड़ा – हैदराबाद – 492 अंक (82%) – ऑल इंडिया रैंक 2
बकुल गुप्ता – अलवर – 489 अंक (81.50%) – ऑल इंडिया रैंक 3




साइन इन