BTech AKTU : यूपी के इंजीनियरिंग कॉलेजों में इस साल से नया कोर्स, JEE Main व CUET से होता है यहां दाखिला
AKTU 2026-27 सत्र से बीटेक प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम में बड़ा बदलाव करने जा रही है, जिसमें ब्रांच आधारित पढ़ाई पर जोर होगा। नए पाठ्यक्रम के तहत छात्रों को उनकी शाखा के अनुसार गणित और फिजिक्स पढ़ाई जाएगी।

उत्तर प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीटेक प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम में व्यापक सुधार लागू करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को उनकी शाखा (ब्रांच) के अनुरूप अधिक व्यावहारिक और उपयोगी शिक्षा प्रदान करना है ताकि वे शुरुआत से ही अपने क्षेत्र की गहराई समझ सकें और उद्योग की जरूरतों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
नया पाठ्यक्रम जुलाई 2026 से लागू
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में कोर्स रिफॉर्म बेहद आवश्यक हो गया है। तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में पारंपरिक पाठ्यक्रम छात्रों की अपेक्षाओं और इंडस्ट्री की मांगों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नया पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, जिसमें ब्रांच स्पेसिफिक पढ़ाई पर विशेष जोर दिया गया है। कोर्स बदलाव में सभी कॉलेजों से सुझाव भी मांगे गए हैं। प्रदेश भर में एकेटीयू से सम्बद्ध 750 से अधिक इंजीनियरिंग और तकनीकी कॉलेज हैं, जहां यह नया पाठ्यक्रम जुलाई 2026 से लागू होगा। माना जा रहा है कि यह कदम तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देगा ।
हर ब्रांच की अपनी गणित और फीजिक्स
नए बदलाव के तहत अब बीटेक प्रथम वर्ष के छात्रों को एक समान विषय पढ़ाने के बजाय उनकी शाखा के अनुसार विषय पढ़ाए जाएंगे। उदाहरण के तौर पर, सिविल इंजीनियरिंग के छात्र अब सिविल से जुड़ी गणित पढ़ेंगे, जिससे उन्हें अपने क्षेत्र के कॉन्सेप्ट बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्रों को उनके कोर्स से संबंधित गणित और भौतिकी पढ़ाई जाएगी।
क्या बोले कुलपति
कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने कहा कि बीटेक में कोर्स बदलाव तेजी से किया जा रहा है। नए सत्र से नए पाठ्यक्रम को सभी कॉलेजों में लागू किया जाना है। जुलाई माह से नया पाठ्यक्रम होगा।
कैसे होता है यहां दाखिला
पिछले वर्ष यूपी में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबंद्ध संस्थानों में जेईई मेन स्कोर से दाखिला हुआ था। इसके बाद सीयूईटी यूजी का स्कोर भी स्वीकार किया गया था। बची सीटों पर 12वीं पास छात्रों को भी प्रवेश का मौका दिया गया था। विश्वविद्यालय स्तर पर पहली बार 12वीं पास छात्रों को बगैर जेईई, सीयूईटी के प्रवेश दिया गया था।




साइन इन