BSNL Recruitment 2026 : senior executive trainee apply online eligibility salary exam date hindi news BSNL में काम करने का शानदार मौका, सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी की निकली भर्ती; कौन कर सकता है आवेदन, Career Hindi News - Hindustan
More

BSNL में काम करने का शानदार मौका, सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी की निकली भर्ती; कौन कर सकता है आवेदन

बीएसएनएल भर्ती 2026 के तहत 120 सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों पर आवेदन शुरू। जानिए योग्यता, उम्र सीमा, सैलरी, चयन प्रक्रिया, फीस और आवेदन की पूरी जानकारी।

Sun, 8 Feb 2026 09:03 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
BSNL में काम करने का शानदार मौका, सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी की निकली भर्ती; कौन कर सकता है आवेदन

BSNL Recruitment 2026 : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बीएसएनएल एक बार फिर बड़ा मौका लेकर आया है। भारत संचार निगम लिमिटेड ने सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसमें टेलीकॉम और फाइनेंस स्ट्रीम के लिए कुल 120 पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि इस भर्ती में इंजीनियरिंग ग्रेजुएट के साथ-साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट और सीएमए पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।

बीएसएनएल SET भर्ती 2026: क्या है पूरा मामला

बीएसएनएल की यह भर्ती डायरेक्ट रिक्रूटमेंट के जरिए की जा रही है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 7 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे और इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट bsnl.co.in पर जाना होगा।

कुल पद और स्ट्रीम वाइज वैकेंसी

इस भर्ती के तहत टेलीकॉम स्ट्रीम में सबसे ज्यादा पद रखे गए हैं। टेलीकॉम स्ट्रीम के लिए 95 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि फाइनेंस स्ट्रीम में 25 पदों पर भर्ती की जाएगी। दोनों ही स्ट्रीम में चयनित उम्मीदवारों को सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के पद पर नियुक्त किया जाएगा।

शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए

टेलीकॉम स्ट्रीम के लिए उम्मीदवार के पास इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकॉम, कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रिकल या इंस्ट्रूमेंटेशन में फुल टाइम बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं।

फाइनेंस स्ट्रीम में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का चार्टर्ड अकाउंटेंट या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट होना जरूरी है।

उम्र सीमा और छूट

बीएसएनएल SET भर्ती 2026 में आवेदन करने के लिए न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 30 वर्ष तय की गई है। उम्र की गणना 7 मार्च 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी और बीएसएनएल नियमों के अनुसार उम्र में छूट दी जाएगी।

सैलरी कितनी मिलेगी

इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को आईडीए ई-3 पे स्केल के तहत वेतन दिया जाएगा। शुरुआती सैलरी 24,900 रुपये होगी, जो बढ़कर 50,500 रुपये प्रति माह तक जा सकती है। इसके अलावा अन्य भत्ते भी लागू नियमों के अनुसार मिलेंगे।

आवेदन शुल्क कितना देना होगा

जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 2,500 रुपये जमा करने होंगे। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 1,250 रुपये रखा गया है। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी

बीएसएनएल सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी भर्ती 2026 में चयन तीन चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के दस्तावेज़ों की जांच की जाएगी और अंत में मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

जरूरी तारीखें जो याद रखना जरूरी है

इस भर्ती का नोटिफिकेशन 29 जनवरी 2026 को जारी किया गया था। ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 5 फरवरी 2026 से हो चुकी है और अंतिम तारीख 7 मार्च 2026 है। आवेदन में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 8 से 15 मार्च 2026 तक खुली रहेगी। परीक्षा की संभावित तारीख 29 मार्च 2026 बताई गई है।

बीएसएनएल भर्ती 2026 के लिए ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवारों को बीएसएनएल के आधिकारिक रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में सभी जरूरी जानकारियां भरनी होंगी। मांगे गए दस्तावेज़, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करना होगा। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी एक प्रति डाउनलोड कर सुरक्षित रखना जरूरी है।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और HPBOSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।