पेपर लीक की चर्चाओं के बीच BPSC का ऐक्शन, रद्द की बड़ी भर्ती परीक्षा; 32 अभ्यर्थियों पर कार्रवाई
BPSC ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी और सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने 32 अभ्यर्थियों को प्रतिबंधित भी किया है। जानिए पूरा मामला।

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की तरफ से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति ने हजारों अभ्यर्थियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। जिन उम्मीदवारों ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी और सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी भर्ती परीक्षा दी थी, उनके लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है। आयोग ने साफ शब्दों में कहा है कि परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर ब्लूटूथ और दूसरे माध्यमों से कदाचार करने की कोशिशें सामने आईं, जिसके बाद बड़ा फैसला लेते हुए परीक्षा रद्द कर दी गई।
परीक्षा के दौरान क्या क्या आरोप लगे?
आयोग के मुताबिक जिला प्रशासन की सतर्कता के कारण कई जगहों पर गड़बड़ी करने की कोशिश पकड़ में आई। जांच के दौरान कुछ अभ्यर्थियों और असामाजिक तत्वों पर परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने और अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने का आरोप लगा। इसी मामले में 32 अभ्यर्थियों को आयोग की आगामी परीक्षाओं से प्रतिबंधित भी कर दिया गया है। BPSC का कहना है कि इन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और दूसरी दंडात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। आयोग ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में परीक्षा को लेकर कई तरह की बातें फैलाई जा रही थीं, जिससे परीक्षा की शुचिता पर सवाल उठने लगे।
क्या सच में पेपर लीक हुआ था?
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि आयोग ने पेपर लीक की चर्चाओं को पूरी तरह सही नहीं माना। BPSC ने अपने बयान में साफ कहा कि अब तक की जांच में प्रश्न पत्र लीक होने या वायरल होने का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। आयोग ने यह भी दावा किया कि परीक्षा के किसी भी सेट या सीरीज का प्रश्न पत्र बाहर मिलने की पुष्टि नहीं हुई। यानी एक तरफ परीक्षा में गड़बड़ी और कदाचार की कोशिशें सामने आईं, लेकिन दूसरी तरफ आयोग यह मानने को तैयार नहीं है कि पूरा पेपर लीक हुआ था।
कौन-कौन सी परीक्षाएं रद्द हुईं?
आयोग ने विज्ञापन संख्या 87/2025 के तहत 14 अप्रैल 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी लिखित प्रतियोगिता परीक्षा की कुल 9 पालियों की परीक्षा रद्द कर दी है। इसके अलावा विज्ञापन संख्या 108/2025 के तहत 23 अप्रैल 2026 को आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी लिखित प्रतियोगिता परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।




साइन इन