Bihar STET Result : बिहार एसटीईटी में 2.56 लाख पास, नई शिक्षक भर्ती BPSC TRE 4.0 भर्ती का रास्ता साफ
Bihar STET Result: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सोमवार को माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2025 का परीक्षाफल जारी कर दिया। इसी के साथ बीपीएससी टीआरई 4.0 भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सोमवार को माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2025 का परीक्षाफल जारी कर दिया। इसी के साथ बीपीएससी टीआरई 4.0 भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। एसटीईटी 2025 में 2,56,301 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें 1,04,167 महिला, 1,52,134 पुरुष शामिल हैं। पेपर-1 और पेपर-2 को मिलाकर कुल 4,42,214 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें 1,78,407 महिला और 2,63,807 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हुए थे। पास अभ्यर्थी अब बीपीएससी टीआरई 4.0 में बैठेंगे।
रिजल्ट बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने जारी किया। उन्होंने बताया कि कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 57.96 प्रतिशत रहा। परिणाम समिति की वेबसाइट bsebstet.org पर देख एवं डाउनलोड कर सकते हैं। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में 14 अक्तूबर से 16 नवंबर 2025 तक परीक्षा हुई थी। कटऑफ सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत तथा महिला, दिव्यांग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 40 प्रतिशत था। कुल 150 प्रश्न पूछे गए थे, जिनमें 100 अंक विषयवस्तु और 50 अंक शिक्षण कला एवं अन्य दक्षताओं पर आधारित थे। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय थे और गलत उत्तर पर कोई निगेटिव मार्किंग नहीं थी। पटना समे नौ जिलों में 23 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई थी।
पेपर-1 में 1.54 लाख से अधिक अभ्यर्थी उत्तीर्ण
पेपर-1 (कक्षा 9-10 के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा) में कुल 2,46,415 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें 1,07,229 महिला और 1,39,186 पुरुष अभ्यर्थी थे। इस पेपर में 1,54,145 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। पेपर-1 का कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 62.56 प्रतिशत रहा। इस पेपर में समिति द्वारा कुल 16 विषयों की परीक्षा आयोजित की गयी थी।
पेपर-2 में 1.02 लाख परीक्षार्थी हुए पास
पेपर-2 (कक्षा 11-12 के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा) में कुल 1,95,799 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें 71,178 महिला एवं 1,24,621 पुरुष अभ्यर्थी थे। इस पेपर में 1,02,156 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गये। पेपर-2 का कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 52.17 प्रतिशत रहा। कुल 29 विषयों की सीबीटी मोड में परीक्षा ली गयी थी।




साइन इन