Bihar Police Exam Date: बिहार पुलिस कांस्टेबल ऑपरेटर भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, इस दिन आएंगे एडमिट कार्ड
Bihar Police CSBC Constable Operator Exam Date 2026: सीएसबीसी (CSBC) ने कांस्टेबल ऑपरेटर के कुल 993 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की आधिकारिक तिथि और समय सारणी की घोषणा कर दी है ।

Bihar Police CSBC Constable Operator Exam Date 2026: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार यानी सीएसबीसी (CSBC) ने कांस्टेबल ऑपरेटर के कुल 993 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की आधिकारिक तिथि और समय सारणी की घोषणा कर दी है । पर्षद द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, यह लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी । छात्रों की सहूलियत के लिए इस परीक्षा का आयोजन राज्य के सभी 38 राजस्व जिलों में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सिंगल शिफ्ट में दोपहर 12:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक किया जाएगा । सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे के बीच ही रिपोर्ट करना होगा, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटा पहले यानी 11:00 बजे एंट्री गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे ।
15 जून से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
अभ्यर्थी 08 जून 2026 से पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करके अपने परीक्षा केंद्र के जिले की जानकारी एडवांस में प्राप्त कर सकते हैं । एडमिट कार्ड 15 जून 2026 को समय 00:00 बजे से डाउनलोड होना शुरू हो जाएंगे, जिसे छात्र परीक्षा के दिन यानी 21 जून 2026 की सुबह 11:00 बजे तक डाउनलोड कर सकेंगे । डाक द्वारा कोई भी एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा ।
यदि कोई छात्र किसी तकनीकी वजह से वेबसाइट से अपना हॉल टिकट डाउनलोड नहीं कर पाता है, तो वह 19 जून 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे के बीच अपने आवेदन की रसीद और एक वैलिड फोटो आईडी कार्ड के साथ केंद्रीय चयन पर्षद के बैक हार्डिंग रोड (सचिवालय हाल्ट के निकट), पटना स्थित कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर डुप्लीकेट ई-एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकता है। परीक्षा केंद्र पर ई-एडमिट कार्ड के साथ एक वैलिड फोटो आईडी कार्ड (जैसे- आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस) ले जाना अनिवार्य है। यदि एडमिट कार्ड पर फोटो साफ नहीं है, तो राजपत्रित पदाधिकारी से वेरिफाइड कराया गया घोषणा पत्र और दो फोटो साथ लेकर जाना होगा ।
OMR शीट भरने में गलती की तो रद्द हो जाएगी उम्मीदवारी
केंद्रीय चयन पर्षद ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि ओएमआर (OMR) आंसर शीट में रोल नंबर, प्रश्न पुस्तिका नंबर, अनुच्छेद लेखन (हिंदी या अंग्रेजी में नकल करना) और अपने सिग्नेचर करने में कोई भी लापरवाही न बरतें। इन जरूरी डिटेल्स को सही से न भरने पर उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन नहीं किया जाता है और अभ्यर्थिता तुरंत रद्द कर दी जाती है ।
अभ्यर्थियों के लिए वेबसाइट पर ओएमआर की एक सैंपल कॉपी भी जारी की गई है। परीक्षा हॉल में ओएमआर शीट भरने के लिए अलग से कोई पेन या पेंसिल ले जाने की अनुमति नहीं होगी, पर्षद द्वारा प्रश्न पुस्तिका के साथ ही विशेष बॉल पॉइंट पेन उपलब्ध कराया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध, होगी जेल
परीक्षा केंद्र परिसर के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर और किसी भी प्रकार की कलाई घड़ी (सामान्य या स्मार्ट वॉच) ले जाना और उनका उपयोग करना पूरी तरह वर्जित है । यदि कोई भी अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अवांछित सामग्री के साथ पकड़ा जाता है, तो इसे कदाचार माना जाएगा । ऐसे उम्मीदवारों के खिलाफ तुरंत आवश्यक कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी ।




साइन इन