BHU Swayam Courses : बीएचयू ने जारी किए 121 स्वयं कोर्स, 28 फरवरी तक चलेगी एडमिशन प्रक्रिया
बीएचयू ने आईएनआई (इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपॉर्टेंस) स्वयं के जनवरी-अप्रैल 2026 सत्र के लिए 121 क्रेडिट-रेडी पाठ्यक्रम शुरू किये हैं। आईएनआई-स्वयं के लिए राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में बीएचयू का यह पहला सेमेस्टर है।

बीएचयू ने आईएनआई (इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपॉर्टेंस) स्वयं के जनवरी-अप्रैल 2026 सत्र के लिए 121 क्रेडिट-रेडी पाठ्यक्रम शुरू किये हैं। आईएनआई-स्वयं के लिए राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में बीएचयू का यह पहला सेमेस्टर है। पहली बार एक बहु-विश्वविद्यालयी पहल के अंतर्गत बीएचयू के साथ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय भी साझेदार बने हैं। स्वयं के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो. आशुतोष मोहन ने बताया कि सत्र-2026 के लिए बीएचयू ने 71 अंत: विषयी पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रबंधन, चिकित्सा, शिक्षा, मानविकी, सामाजिक विज्ञान और कानून के पाठ्यक्रम शामिल हैं। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय अरबी से जूलॉजी तक 48 पाठ्यक्रम और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय रक्षा, सामरिक अध्ययन और फोरेंसिक लेखांकन में दो पाठ्यक्रमों की शुरुआत कर रहा है।
सभी पाठ्यक्रम 26 जनवरी से शुरू हो रहे हैं। प्रो. मोहन ने बताया कि बीएचयू यह सुनिश्चित करेगा कि आईएनआई-स्वयं पाठ्यक्रम एनईपी-2020 की भावना के अनुरूप हैं। उन्होंने बताया कि दो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सह-विकसित पाठ्यक्रम भी आईएनआई स्वयं पाठ्यक्रम की पेशकश का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
लीपजिग विश्वविद्यालय जर्मनी के साथ इन दो विशिष्ट पेशकशों में स्टार्ट-अप के लिए डिजिटल मार्केटिंग और ब्रांडिंग, डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप की नींव पाठ्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। इसकी अंतिम तिथि 28 फरवरी रखी गई है। इच्छुक युवा निर्धारित तारीख पर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। इसके आधार पर उनका चयन होगा।




साइन इन