5 IITians Leading Multi-Billion Dollar Giants in USA America IIT Graduates Businessman: सैलरी अरबों में, दिमाग IIT का! अमेरिकी कॉर्पोरेट जगत के बॉस हैं ये 5 भारतीय, Career Hindi News - Hindustan
More

IIT Graduates Businessman: सैलरी अरबों में, दिमाग IIT का! अमेरिकी कॉर्पोरेट जगत के बॉस हैं ये 5 भारतीय

Famous IIT Graduates Businessman: आईआईटी को दुनिया भर में प्रतिभा की खान माना जाता है। 5 दिग्गज IIT ग्रेजुएट्स की सफलता की कहानी जानिए, जिन्होंने अपनी मेहनत और दूरदर्शिता से अमेरिका की सबसे बड़ी कंपनियों के टॉप पदों तक का सफर तय किया है।

Thu, 26 March 2026 10:10 PMPrachi लाइव हिन्दुस्तान
share
IIT Graduates Businessman: सैलरी अरबों में, दिमाग IIT का! अमेरिकी कॉर्पोरेट जगत के बॉस हैं ये 5 भारतीय

Famous IIT Graduates Businessman: इंडियन इंस्टीटयूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) को दुनिया भर में प्रतिभा की खान माना जाता है। यहां से पढ़ें हुए छात्रों ने न केवल भारत में, बल्कि सात समंदर पार अमेरिका की धरती पर भी अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। हाल ही में एक रिपोर्ट में उन 5 दिग्गज IIT ग्रेजुएट्स की सफलता की कहानी साझा की गई है, जिन्होंने अपनी मेहनत और दूरदर्शिता से अमेरिका की सबसे बड़ी कंपनियों के टॉप पदों तक का सफर तय किया है।

ये कहानियां उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं जो अपनी आंखों में बड़े सपने संजोए हुए हैं। आइए जानते हैं इन 'ग्लोबल लीडर्स' के बारे में जिन्होंने साबित कर दिया कि सही शिक्षा और अटूट संकल्प के साथ कुछ भी हासिल करना मुमकिन है।

1. सुंदर पिचाई – गूगल के CEO

IIT खड़गपुर से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग करने वाले सुंदर पिचाई आज दुनिया के सबसे बड़े टेक लीडर्स में से एक हैं। वे Google और उसकी पेरेंट कंपनी Alphabet के CEO हैं। सुंदर पिचाई की सादगी और मुश्किलों को आसानी से हल करने की उनकी कला ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने गूगल क्रोम और एंड्रॉइड जैसे प्रोडक्ट्स को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

2. अरविंद कृष्णा – IBM के पथप्रदर्शक

अरविंद कृष्णा ने IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। आज वे IBM के चेयरमैन और CEO हैं। हाइब्रिड क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में IBM को आगे बढ़ाने का श्रेय उन्हीं को जाता है। उन्होंने कंपनी के इतिहास के सबसे बड़े टेकओवर (रेड हैट का टेकओवर) का नेतृत्व किया, जिसने टेक जगत को चौंका दिया था।

3. निकेश अरोड़ा – साइबर सिक्योरिटी के दिग्गज

IIT (BHU) वाराणसी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने वाले निकेश अरोड़ा वर्तमान में पालो अल्टो नेटवर्क्स के चेयरमैन और CEO हैं। इससे पहले वे गूगल और सॉफ्टबैंक जैसी बड़ी कंपनियों में बड़े पदों पर रह चुके हैं। साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में उनके योगदान और उनकी बिजनेस स्ट्रैटिजी की दुनिया मुरीद है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुकेश अंबानी से लेकर भारत पे के फाउंडर, ये हैं फेमस आईआईटी ड्रॉपआउट्स
ये भी पढ़ें:GATE 2026 स्कोर पर कहां मिलेगा एडमिशन? टॉप 10 IIT इंजीनियरिंग कॉलेजों की लिस्ट
ये भी पढ़ें:IIT-NIT नहीं मिला तो न हों परेशान, ये हैं देश के टॉप प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज

4. विनोद खोसला – सिलिकॉन वैली के दिग्गज निवेशक

अमेरिकी अरबपति बिजनेसमैन और वेंचर कैपिटलिस्ट विनोद खोसला IIT दिल्ली के पूर्व छात्र हैं, जहां से उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रैजुएशन की डिग्री प्राप्त की। सन माइक्रोसिस्टम्स के को-फाउंडर खोसला ने 1971 से 1976 तक IIT में पढ़ाई की और फिर उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए। 'खोसला वेंचर्स' के माध्यम से उन्होंने दर्जनों टेक्नोलॉजिकल और क्लीन एनर्जी स्टार्टअप्स को सहारा दिया है। उन्हें सिलिकॉन वैली के सबसे प्रभावशाली इन्वेस्टर्स में से एक माना जाता है, जिनमें क्रांतिकारी विचारों को जल्दी पहचानने की अद्भुत क्षमता है।

5. अरविंद श्रीनिवास – AI की नई लहर

चेन्नई में जन्मे अरविंद श्रीनिवास 'परप्लेक्सिटी एआई' के को-फाउंडर और CEO हैं। वे IIT मद्रास के पूर्व छात्र हैं, जहां से उन्होंने 2017 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डुअल डिग्री (B.Tech और M.Tech) प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले से पीएचडी की और OpenAI, Google Brain और DeepMind जैसे बड़े लैब्स में रिसर्च वर्क किया। 2022 में उन्होंने Perplexity को लॉन्च कर AI की दुनिया में नई हलचल मचा दी है।

सफलता का मूल मंत्र

इन पांचों दिग्गजों में एक बात समान है—वह है निरंतर सीखने की ललक और चुनौतियों को अवसर में बदलने का साहस। इन्होंने न केवल तकनीक को समझा, बल्कि दुनिया की बदलती जरूरतों को भी पहचाना।

इनकी सफलता का संदेश साफ है कि आपकी शुरुआत कहां से हुई, उससे कहीं ज्यादा यह मायने रखता है कि आपकी मंजिल कहां है और आप वहां पहुंचने के लिए कितनी मेहनत करने को तैयार हैं। इन दिग्गजों ने अपनी मेहनत से न केवल अपना नाम रोशन किया है, बल्कि ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर 'ब्रांड इंडिया' को एक नई पहचान दी है।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और Maharashtra SSC Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।