अमेरिकी अरबपतियों की संपत्ति में सेंध, टॉप-20 में केवल अडानी-अंबानी ही चमके
Billionaires Networth Updates: अमेरिकी शेयर बाजारों में शुक्रवार को आए तूफान का असर अमेरिकी अरबपतियों के नेटवर्थ पर दिखा। एक झटके में ही फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट समेत दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों के करीब 70 अरब डॉलर डूब गए। इन अरबपतियों में नौ अमेरिका के हैं। सबसे बड़ा झटका एलन मस्क को लगा।

अमेरिकी शेयर बाजारों में शुक्रवार को आए तूफान का असर अमेरिकी अरबपतियों के नेटवर्थ पर दिखा। एक झटके में ही फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट समेत दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों के करीब 70 अरब डॉलर डूब गए। इन अरबपतियों में नौ अमेरिका के हैं। सबसे बड़ा झटका एलन मस्क को लगा। टेस्ला के शेयर में 5 फसद से अधिक की गिरावट से उनकी संपत्ति एक ही दिन में 15.8 अरब डॉलर कम हो गई। ब्लूमबर्ग बिलनेनियर इंडेक्स के मुताबिक अब उनकी दौलत 437 अरब डॉलर ही रह गई है।
टॉप-20 अरबपतियों में केवल अडानी-अंबानी ही चमके
वहीं, दुनिया टॉप-20 अरबपतियों में केवल अंबानी और अडानी की संपत्ति में ही शुक्रवार को बढ़ोतरी देखने को मिली। अडानी की दौलत 630 मिलियन डॉलर बढ़कर 88.8 अरब डॉलर हो गई है। जबकि, अंबानी के नेटवर्थ में 379 अरब डॉलर बढ़े। अब अंबानी की कुल संपत्ति 97.5 अरब डॉलर है।
जेफ बेजोस की संपत्ति 10.2 घटी
वहीं अमेजन के शेयर 4.99% गिरे तो जेफ बेजोस की संपत्ति 10.2 अरब डॉलर घटकर 248 अरब डॉलर रह गई। मेटा के शेयर 3.85 टूटे और इससे मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में शुक्रवार को 9.67 अरब डॉलर की सेंध लग गई। अब इनका नेटवर्थ 248 अरब डॉलर रह गया है। एनवीडिया के शेयर की कीमत 4.91% गिर गई तो जेनसेंग हुआंग 8.07 अरब डॉलर गंवा बैठे। अब इनके पास 159 अरब डॉलर की संपत्ति है।
लैरी एलिसन को 5.17 अरब डॉलर का झटका
इनके अलावा ओरेकल के शेयर टूटे तो लैरी एलिसन को 5.17 अरब डॉलर का झटका लगा। इनकी कुल संपत्ति अब 351 अरब डॉलर है, जिसमें 159 अरब डॉलर इसी साल बढ़े हैं।
दौलत गंवाने वालों में लैरी पेज भी हैं। इनकी कुल संपत्ति 209 अरब डॉलर है। इन्हें 3.84 अरब डॉलर का झटका लगा है। सर्गी ब्रिन को 3.56 अरब डॉलर की चपत लगी है। इनके पास अब 195 अरब डॉलर का नेटवर्थ है। बर्नार्ड अर्नाल्ट को 2.99 अरब डॉलर की चोट पहुंची है। इनकी कुल संपत्ति अब 177 अरब डॉलर है।
स्टीव बाल्मर ने 3.65 अरब डॉलर गंवाए हैं। इनका नेटवर्थ अब 176 अरब डॉलर रह गया है। माइकल डेल 5.92 अरब डॉलर गंवाए हैं और इनका नेटवर्थ अब 151 अरब डॉलर है।
बता दें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन के साथ ट्रेड वॉर बढ़ाने के बाद शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट आई। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 878.82 अंक या 1.90% गिरकर 45,479.60 पर आ गया, जबकि एसएंडपी 500 182.60 अंक या 2.71% फिसलकर 6,552.51 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 820.20 अंक या 3.56% की गिरावट के साथ 22,204.43 पर बंद हुआ।




