गोल्ड लोन देने वाली कंपनी के शेयर पर रखें नजर, RBI ने डील को दी है मंजूरी
Manappuram Finance share: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) से बेन कैपिटल सहयोगियों द्वारा 41.66% तक हिस्सेदारी अधिग्रहण की मंजूरी मिल गई है। कंपनी के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो बीते शुक्रवार को 2.11% गिरकर ₹302.15 पर बंद हुआ।

Manappuram Finance share: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को गोल्ड लोन देने वाली कंपनी मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि मणप्पुरम फाइनेंस के कारोबार को लेकर एक बड़ी खबर आई है। कंपनी ने बताया कि उसे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) से बेन कैपिटल सहयोगियों द्वारा 41.66% तक हिस्सेदारी अधिग्रहण की मंजूरी मिल गई है। कंपनी के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो बीते शुक्रवार को 2.11% गिरकर ₹302.15 पर बंद हुआ। पिछले एक साल में शेयर ने 56% से अधिक रिटर्न दिया है, जबकि पांच साल में यह 75% से ज्यादा चढ़ चुका है। 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर ₹321.60 और न्यूनतम स्तर ₹168.83 रहा है। शेयर का उच्चतम स्तर इसी साल जनवरी महीने में था। इस लिहाज से शेयर अभी बिकवाली मोड में आ गया है।
किस भाव पर डील
मणप्पुरम फाइनेंस ने एक बयान में कहा कि बेन कैपिटल की सहयोगी कंपनियां लगभग ₹4,385 करोड़ का निवेश करेंगी। इसके जरिए वे प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के माध्यम से ₹236 प्रति शेयर के भाव पर 18% हिस्सेदारी हासिल करेंगी। बेन कैपिटल की सहयोगी कंपनियां- बीसी एशिया इन्वेस्टमेंट्स XXV लिमिटेड और बीसी एशिया इन्वेस्टमेंट्स XIV लिमिटेड हैं। इसके अलावा, यह सौदा सेबी के टेकओवर नियमों के तहत 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर को भी ट्रिगर करता है। आरबीआई की मंजूरी के बाद बेन कैपिटल को कंपनी में प्रमोटर का दर्जा मिलेगा और वह मौजूदा प्रमोटरों के साथ जॉइंट कंट्रोल साझा करेगी।
डील के तहत कंपनी के बोर्ड का पुनर्गठन भी किया जाएगा, जिसमें बेन कैपिटल के नामित निदेशकों को शामिल किया जाएगा। ओपन ऑफर की सदस्यता के आधार पर बेन कैपिटल की हिस्सेदारी 18% से बढ़कर अधिकतम 41.7% तक हो सकती है, जबकि मौजूदा प्रमोटरों की हिस्सेदारी घटकर करीब 28.9% रह सकती है। कंपनी के एमडी और सीईओ वी पी नंदकुमार के मुताबिक बेन कैपिटल के जुड़ने से कंपनी अपने मुख्य कारोबार, टेक्नोलॉजी निवेश और जोखिम प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करेगी तथा पूरे देश में शाखा नेटवर्क के विस्तार को गति मिलेगी।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
दिसंबर तिमाही के नतीजों की बात करें तो मणप्पुरम फाइनेंस का नेट प्रॉफिट 15.9% घटकर ₹381 करोड़ रहा जबकि नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 0.9% गिरकर ₹1,150 करोड़ पर आ गई। हालांकि, परिचालन से आय 6.5% बढ़कर ₹1,915 करोड़ रही, जो स्थिर कारोबारी वृद्धि का संकेत देती है। बोर्ड ने ₹2 फेस वैल्यू वाले प्रति शेयर पर ₹0.50 का अंतरिम डिविडेंड भी घोषित किया।




साइन इन