मोदी सरकार दे रही 20 लाख रुपये तक लोन, किसे और कैसे मिलेगा फायदा, जानें सबकुछ
पीएम मुद्रा की शुरुआत तीन कैटेगरी 'शिशु', 'किशोर', 'तरुण' के साथ हुई थी। हालांकि, दो साल पहले नई कैटेगरी 'तरुण प्लस' को शामिल कर दिया गया। शिशु कैटेगरी में 50,000 रुपये तक का लोन मिलता है। तरुण प्लस 10 लाख रुपये से लेकर 20 लाख रुपये तक को कवर करता है।

PM Mudra Loan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में कई ऐसी स्कीम शुरू की गई थी, जिसकी मदद से आप अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं। ऐसी ही एक स्कीम प्रधानमंत्री मुद्रा लोन की थी। इस स्कीम के तहत सरकार 50 हजार रुपये से 20 लाख रुपये तक का लोन देती है। आइए डिटेल जान लेत हैं।
लोन के बारे में
पीएम मुद्रा की शुरुआत तीन कैटेगरी 'शिशु', 'किशोर', 'तरुण' के साथ हुई थी। हालांकि, दो साल पहले नई कैटेगरी 'तरुण प्लस' को शामिल कर दिया गया। शिशु कैटेगरी में 50,000 रुपये तक का लोन मिलता है। वहीं, किशोर कैटेगरी में 50,000 रुपये से अधिक और 5 लाख रुपये तक के ऋणों को कवर किया जाता है। तरुण कैटेगरी 5 लाख रुपये से अधिक और 10 लाख रुपये तक के ऋणों को कवर करता है । इसके अलावा, तरुण प्लस 10 लाख रुपये से लेकर 20 लाख रुपये तक को कवर करता है। मतलब ये हुआ कि जो जिस कैटेगरी के योग्य है उसे उतनी रकम लोन के तौर पर मिल जाएगी।
यह लोन मैन्युफैक्चरिंग, बिजनेस और सर्विस सेक्टर में वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करते हैं, जिसमें कृषि से संबंधित गतिविधियां जैसे मुर्गी पालन, डेयरी और मधुमक्खी पालन आदि शामिल हैं। ब्याज दर आरबीआई के दिशानिर्देशों द्वारा निर्धारित की जाती है और वर्किंग कैपिटल फैसलिटीज के लिए री-पेमेंट की शर्तें नरम होती हैं।
क्या है खासियत
योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई गारंटी या कोलेटरल की आवश्यकता नहीं होती। मतलब ये कि आपको लोन के लिए किसी गारंटी की जरूरत नहीं है। वहीं, प्रोसेसिंग फीस न्यूनतम या शून्य होती है तथा ब्याज दर आमतौर पर 9% से 15% प्रति वर्ष के बीच रहती है, जो बैंक के MCLR या बेस रेट पर निर्भर करती है। री-पेमेंट की अवधि 3 से 7 वर्ष तक हो सकती है। वहीं, पात्रता के लिए आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए, 18 वर्ष से अधिक उम्र का हो, कोई बैंक डिफॉल्टर न हो तथा व्यवसाय आय सृजन करने वाला हो। इस योजना के तहत आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, पता प्रमाण, व्यवसाय से जुड़े कोटेशन, बैंक स्टेटमेंट और जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू) शामिल हैं।
कौन देता है लोन?
पीएम मुद्रा योजना के तहत कॉमर्शियल बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (आरआरबी), लघु वित्त बैंक (एसएफबी) लोन देते हैं। इसके अलावा, कुछ गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (एनबीएफसी), सूक्ष्म वित्त संस्थान (एमएफआई) आदि द्वारा भी 20 लाख रुपये तक के जमानत मुक्त लोन दिए जाते हैं।




साइन इन