OYO आईपीओ को सेबी की हरी झंडी, कब से निवेशक लगा सकेंगे दांव?
ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म, वारबर्ग पिंकस समर्थित ट्रूहोम फाइनेंस और रियल एस्टेट डेवलपर वीगलैंड डेवलपर्स सहित पांच कंपनियों को बाजार नियामक सेबी से अपना आईपीओ लाने की मंजूरी मिल गई है।

ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म के आईपीओ को सेबी ने हरी झंडी दे दी है। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की कंपनी ओयो अपने आईपीओ के जरिये 6,650 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। घटनाक्रम से परिचित लोगों के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ से कंपनी का मूल्यांकन लगभग सात से आठ अरब अमेरिकी डॉलर होने की उम्मीद है। इस आईपीओ पर निवेशक कब से दांव लगा सकेंगे, जल्द ही कंपनी तय करेगी।
आईपीओ को मंजूरी ऐसे समय में मिली है जब प्रिज्म प्रमुख मार्केट्स भारत, अमेरिका और यूरोप में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के साथ स्व-संचालित होटल और संडे होटल्स और पैलेट होटल्स जैसे प्रीमियम ब्रांड के विकास पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है। इसके अलावा, कंपनी ने हाल ही में अपने यूरोपीय ब्रांड डैनसेंटर के साथ गोवा में किराये के लिए विला खोलकर भारत में 'वैकेशन होम सेगमेंट' में कदम रखा है।
14 साल पुरानी कंपनी
ओयो की स्थापना रितेश अग्रवाल ने 2012 में की थी। वह प्रिज्म ग्रुप के सीईओ हैं। सॉफ्टबैंक इसके सबसे बड़े शेयरधारकों में से एक है। कंपनी ने पहले भी सार्वजनिक होने का प्रयास किया था। होटल को अपने प्लेटफॉर्म से जोड़ने वाली कंपनी ने सबसे पहले 2021 में 8,430 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ के लिए आवेदन किया था और सेबी को 12 अरब डॉलर के मूल्यांकन का लक्ष्य रखते हुए दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। इसके बाद 2023 में अपडेटेड वित्तीय और परिचालन संबंधी जानकारियों के साथ एक और आवेदन किया गया। हालांकि, वैश्विक बाजार में बढ़ती अस्थिरता के कारण निवेशकों के विश्वास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा और कंपनी ने बाद में आईपीओ की योजना वापस ले ली।
प्रिज्म में अजय त्यागी की नियुक्ति
हाल ही में, प्रिज्म ने सेबी के पूर्व चेयरमैन अजय त्यागी को अपने बोर्ड (निदेशक मंडल) में स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किया है। पूंजी बाजार, कॉरपोरेट प्रशासन और नियामक मामलों में उनके व्यापक अनुभव से कंपनी के आईपीओ की ओर बढ़ने के साथ ही प्रिज्म के बोर्ड को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इन कंपनियों को भी मिली मंजूरी
ओयो के अलावा वारबर्ग पिंकस समर्थित ट्रूहोम फाइनेंस और रियल एस्टेट डेवलपर वीगलैंड डेवलपर्स को भी बाजार नियामक सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा, एग्री सॉल्युशन फर्म एडवांटा एंटरप्राइजेज और मेहता हाईटेक इंडस्ट्रीज के आईपीओ को भी हरी झंडी मिली है।
ट्रूहोम फाइनेंस के प्रस्तावित आईपीओ में प्रवर्तक मैंगो क्रेस्ट इन्वेस्टमेंट लिमिटेड द्वारा 1,500 करोड़ रुपये के शेयरों का नया इश्यू और 1,500 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। वी-गार्ड ग्रुप की कंपनी वीगलैंड डेवलपर्स, शेयरों के बिल्कुल नए इश्यू के माध्यम से 250 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।




साइन इन