शेयर बाजार में पैसे लगा कर कैसे बनें अमीर? वॉरेन बफेट ने समझाया
Investment Tips: वॉरेन बफेट की यह सीख आज के उतार-चढ़ाव भरे बाजार में और भी ज्यादा अहम हो जा रही है। जब हर कोई तेजी से पैसा कमाने की कोशिश में लगा है, तब धैर्य, अनुशासन और सही मौके का इंतजार ही निवेशकों को लंबे समय में सफल बना सकता है।

Investment Tips: दुनिया के शेयर बाजार में जहां आजकल तेजी, जल्द मुनाफा और FOMO (Fear of Missing Out) का माहौल बना रहता है, वहीं दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट (Warren Buffett) की एक पुरानी लेकिन बेहद काम की सलाह फिर चर्चा में है—“हर मौके पर दांव लगाने की ज़रूरत नहीं है।” सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रही एक पोस्ट में उनकी यही सीख दोबारा सामने आई है, जिसमें साफ कहा गया है—“कभी भी किसी स्टॉक के पीछे भागो मत।”
क्या कहा गया है
इस पोस्ट में बताया गया कि भले ही कोई कंपनी कितनी ही शानदार क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर खरीद लेना समझदारी नहीं है। वॉरेन बफेट का मानना है कि सही निवेश वही है, जहां अच्छी कंपनी सही दाम पर मिले। यानी निवेशक को धैर्य रखना चाहिए और सही मौके का इंतज़ार करना चाहिए, ना कि हर छोटी-बड़ी हलचल पर रिएक्ट करना चाहिए।
उदाहरण में समझें
बफेट ने इस बात को समझाने के लिए बेसबॉल खिलाड़ी टेड विलियम्स का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि जैसे एक बल्लेबाज हर गेंद पर शॉट नहीं मारता, बल्कि सही गेंद का इंतजार करता है, वैसे ही निवेश में भी सही मौके का इंतजार जरूरी है। फर्क बस इतना है कि क्रिकेट या बेसबॉल में गलत गेंद छोड़ने पर नुकसान हो सकता है, लेकिन निवेश में “नो कॉल्ड स्ट्राइक” होता है—यानी आप बिना नुकसान के इंतजार कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि निवेशकों को हर कंपनी या हर स्टॉक पर राय बनाने की जरूरत नहीं होती। असली समझदारी कुछ चुनिंदा कंपनियों को गहराई से समझने में है। जब आपको बिजनेस पूरी तरह समझ आ जाए और उसकी कीमत आकर्षक लगे, तभी निवेश करना चाहिए। यही रणनीति लंबे समय में बेहतर रिटर्न देती है।
...सिर्फ 20 बार ही निवेश करने का मौका
पोस्ट में बफेट का एक और दिलचस्प उदाहरण भी बताया गया—“20 पंच कार्ड” का। उन्होंने कहा कि अगर किसी निवेशक को पूरी जिंदगी में सिर्फ 20 बार ही निवेश करने का मौका मिले, तो वह हर फैसले को बहुत सोच-समझकर लेगा और संभवतः ज्यादा अमीर बनेगा। इसका मतलब यह है कि ज्यादा ट्रेडिंग करने से नहीं, बल्कि सही और सोच-समझकर किए गए कुछ फैसलों से ही असली पैसा बनता है।
कुल मिलाकर, वॉरेन बफेट की यह सीख आज के उतार-चढ़ाव भरे बाजार में और भी ज्यादा अहम हो जा रही है। जब हर कोई तेजी से पैसा कमाने की कोशिश में लगा है, तब धैर्य, अनुशासन और सही मौके का इंतजार ही निवेशकों को लंबे समय में सफल बना सकता है।




साइन इन