Gautam Adani announced an investment of Rs. 60,000 crore in Bihar over next few years, check all details गौतम अडानी का बड़ा ऐलान! बिहार में गैस-बिजली और हेल्थ सेक्टर में 60,000 करोड़ का निवेश, ये है मास्टरप्लान, Business Hindi News - Hindustan
More

गौतम अडानी का बड़ा ऐलान! बिहार में गैस-बिजली और हेल्थ सेक्टर में 60,000 करोड़ का निवेश, ये है मास्टरप्लान

गौतम अडानी ने बिहार में अगले कुछ सालों में 60,000 करोड़ रुपये निवेश करने का ऐलान किया है। इस निवेश में पावर प्लांट, स्मार्ट मीटर, सिटी गैस नेटवर्क, सीमेंट यूनिट्स और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। आइए अडानी के मास्टरप्लान के बारे में विस्तार से जानते हैं।

Sun, 17 May 2026 10:59 PMSarveshwar Pathak लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
गौतम अडानी का बड़ा ऐलान! बिहार में गैस-बिजली और हेल्थ सेक्टर में 60,000 करोड़ का निवेश, ये है मास्टरप्लान

बिहार में विकास और बड़े निवेश को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। देश के बड़े उद्योगपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) ने ऐलान किया है कि उनका ग्रुप आने वाले कुछ सालों में बिहार में 50 हजार करोड़ से 60 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश करेगा। इस घोषणा के बाद बिहार में रोजगार, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर नई उम्मीदें बढ़ गई हैं। खास बात यह है कि यह निवेश सिर्फ बिजनेस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:माइक्रोसॉफ्ट के शेयर बेच दुनिया बदलने निकले बिल गेट्स! दुनिया को दिया बड़ा संदेश

गौतम अडानी ने यह घोषणा सारण जिले के मस्तीचक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की, जहां नई नेत्र स्वास्थ्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अडानी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल मिलकर बिहार के ग्रामीण और गरीब लोगों तक बेहतर आंखों का इलाज पहुंचाने का काम करेंगे। इसके लिए अडानी फाउंडेशन करीब 150 करोड़ रुपये की सहायता देगा। इस फंड से अडानी सेंटर फॉर आई और अडानी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन जैसे बड़े संस्थान बनाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान 10 नई एंबुलेंस को भी रवाना किया गया, ताकि दूरदराज के गांवों तक नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंच सकें। अडानी ने कहा कि इस पहल के जरिए हर साल लगभग 3.3 लाख आंखों की सर्जरी की जा सकेगी और करीब 1,000 स्वास्थ्यकर्मियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। उनका दावा है कि आने वाले समय में यह देश के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र चिकित्सा नेटवर्क में बदल सकता है।

अगर बिजनेस निवेश की बात करें तो अडानी ग्रुप पहले ही बिहार में करीब 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता कर चुका है। इनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट 2,400 मेगावाट का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट है, जिसे भागलपुर के पीरपैंती में बनाया जा रहा है। इस परियोजना पर अकेले लगभग 27 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे बिहार के निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है।

इसके अलावा समूह गया और नालंदा में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क विकसित कर रहा है। वहीं, उत्तर बिहार में करीब 30 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है, जिससे बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा सके। नवादा और मुजफ्फरपुर में सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट्स के विस्तार पर भी करीब 3 हजार करोड़ रुपये निवेश किए जा रहे हैं।

गौतम अडानी ने कहा कि बिहार तेजी से बदल रहा है और आने वाले समय में यह निवेश राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जा सकता है। वहीं अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के अधिकारियों का कहना है कि यह साझेदारी सिर्फ अस्पताल बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों गरीब लोगों की जिंदगी में रोशनी लाने का मिशन है।

बिहार में इतने बड़े निवेश और स्वास्थ्य परियोजनाओं की घोषणा को राज्य के विकास के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे, उद्योगों को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं भी बेहतर हो सकेंगी।

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,