गोल्ड-सिल्वर पर कस्टम ड्यूटी बढ़ने से इन शेयरों में पैसा लगाने वालों ने काटी चांदी
हिंदुस्तान जिंक और वेदांता के शेयरों में पैसा लगाने वाले आज चांदी काट रहे हैं। बुधवार यानी आज हिंदुस्तान जिंक और वेदांता के शेयरों में 5% तक की तेजी देखने को मिली।

केंद्र सरकार ने सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दी। इससे हिंदुस्तान जिंक और वेदांता के शेयरों में पैसा लगाने वाले आज चांदी काट रहे हैं। बुधवार यानी आज हिंदुस्तान जिंक और वेदांता के शेयरों में 5% तक की तेजी देखने को मिली। बता दें सरकार ने सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दी। इससे कीमती धातुओं के दाम बढ़े और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ, खासकर भारत की सबसे बड़ी चांदी उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक में।
कस्टम ड्यूटी बढ़ाने के पीछे सरकार का क्या है मकसद
सरकार ने यह फैसला रुपये की गिरावट रोकने और गैर-जरूरी आयात कम करने के लिए किया है। ईरान-अमेरिका तनाव के चलते दुनिया भर में अनिश्चितता है और तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं। ऐसे में यह कदम उठाया गया।
ड्यूटी बढ़ने सोने-चांदी के भाव में उछाल
ड्यूटी बढ़ने के बाद MCX पर जुलाई 2026 डिलीवरी वाले चांदी के वायदा भाव में करीब ₹18000 की बढ़ोतरी हुई और यह 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। जून 2026 डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव में करीब ₹10000 की तेजी आई और वह 1.64 लाख प्रति 10 ग्राम हो गया।
हिंदुस्तान जिंक के शेयर में रिकॉर्ड तेजी
हिंदुस्तान जिंक देश की सबसे बड़ी चांदी उत्पादक कंपनी है। दिसंबर तिमाही में उसने 158 टन चांदी का उत्पादन किया। NSE पर शेयर 5% से अधिक चढ़कर ₹676.80 पर पहुंच गया। यह निफ्टी मेटल इंडेक्स का टॉप गेनर रहा। एक हफ्ते में यह 6% और एक महीने में इसमें 20% से अधिक की तेजी रही। साल 2026 में अब तक इसने 10% और पिछले एक साल में 57% का उछाल दर्ज किया है। तीन साल में 117% और पांच साल में 112% से अधिक का रिटर्न भी देने में कामयाब रहा।
ब्रोकरेज फर्म की राय
एसबीआई सिक्योरिटीज ने हिंदुस्तान जिंक के शेयर पर 'Buy' का सुझाव दिया है। उसका टार्गेट प्राइस ₹745 प्रति शेयर है, जो पिछले बंद भाव ₹641.90 से 16% अधिक है। ब्रोकरेज के मुताबिक सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर से स्टील की मांग बढ़ेगी, जो 2030 तक 300 मिलियन टन तक पहुंच सकती है। इससे जिंक और लेड की मांग बढ़ेगी, और हिंदुस्तान जिंक को सबसे ज्यादा फायदा होगा।
पीएम मोदी ने की है एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद के सिकंदराबाद में लोगों से अगले एक साल तक गैर-जरूरी सोना न खरीदने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि इससे विदेशी मुद्रा भंडार और आयात पर दबाव कम होगा।
मोदी की अपील पर अनिल अग्रवाल ने क्या कहा?
वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने हाल ही में X पर पोस्ट किया कि वे पीएम मोदी की अपील से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने कहा, "विदेशी मुद्रा बचाने के दो तरीके हैं - कम उपभोग या अधिक उत्पादन। पीएम की चिंता तेल और सोना है, जो भारत के दो सबसे बड़े आयात हैं (कुल का 30% से अधिक)। अगर अन्य खनिज जोड़ दें तो यह 50% हो जाता है। मौजूदा संसाधनों से हम उत्पादन तेजी से बढ़ा सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन