अमेरिकी कंपनी से ऑर्डर मिलने की खबर, इस शेयर ने अचानक निवेशकों को चौंकाया
डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स लिमिटेड के शेयर में यह तेजी कंपनी को मिले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर की खबर के बाद आई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को यह स्टॉक 10 प्रतिशत से अधिक उछल गया। आइए डिटेल जान लेते हैं।

Dee development share: आमतौर पर देखा गया है कि किसी कंपनी से जुड़ी पॉजिटिव खबर आने पर उसके स्टॉक की डिमांड अचानक बढ़ जाती है। शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी-डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स लिमिटेड के स्टॉक के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को यह स्टॉक 10 प्रतिशत से अधिक उछल गया। बहरहाल, आइए जानते हैं कि आखिर कौन सी ऐसी पॉजिटिव खबर है जिसकी वजह से स्टॉक में इतनी बड़ी तेजी देखी गई है।
कंपनी को मिला है बड़ा ऑर्डर
डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स लिमिटेड के शेयर में यह तेजी कंपनी को मिले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर की खबर के बाद आई। कंपनी को पावर सेक्टर की दुनिया की सबसे बड़ी मूल उपकरण निर्माता कंपनियों में से एक से एलओआई मिला है। हालांकि व्यावसायिक कारणों से कंपनी ने ग्राहक का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। यह कंपनी अमेरिका में मुख्यालय रखने वाली एक बड़ी ग्लोबल OEM बताई जा रही है। इस समझौते के तहत कंपनी को हीट रिकवरी स्टीम जनरेटर (HRSG) के लिए पाइपिंग सिस्टम सप्लाई करने का काम मिला है। यह सप्लाई कुल 16 यूनिट्स के लिए की जाएगी। इसमें कई HRSG प्रोजेक्ट्स के लिए प्रोसेस पाइपिंग सॉल्यूशन शामिल हैं। ऑर्डर का कुल मूल्य 40 मिलियन डॉलर से अधिक होने की उम्मीद है।
शेयर का परफॉर्मेंस
डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स लिमिटेड के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो 208.85 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 230 रुपये तक पहुंच गया है। जुलाई 2025 में शेयर 336.15 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। वहीं, 178 रुपये शेयर के 52 हफ्ते का लो है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स ने दिसंबर 2025 की तिमाही में बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी ने दिसंबर 2025 में समाप्त तिमाही के दौरान ₹18.28 करोड़ का नेट प्रॉफिट अर्जित किया जबकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में ₹13.33 करोड़ का घाटा हुआ था।
परिचालन से राजस्व में 76.96 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह ₹286.67 करोड़ तक पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह ₹162.00 करोड़ था। जनवरी 2026 में कुल ₹92.77 करोड़ के ऑर्डर प्राप्त हुए, जिससे 31 जनवरी 2026 तक कंपनी का ऑर्डर बुक बढ़कर ₹1,319.91 करोड़ हो गया। कंपनी ने इस माह के दौरान ₹75.59 करोड़ के ऑर्डर पूरे किए। कंपनी का पाइपिंग सेगमेंट, जिसे डी इंडिया और डी थाइलैंड संचालित करते हैं। यह सेग्मेंट पावर और ऑयल-एंड-गैस सेक्टर से सबसे ज्यादा ऑर्डर ला रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक कंपनी को कुल ₹959.81 करोड़ के ऑर्डर मिल चुके हैं।




साइन इन