Dassault jet manufacturing deal with reliance infra share surges 4 percent today इतिहास रचने की तैयारी में अनिल अंबानी! राफेल बनाने वाली कंपनी से डील, तूफान बना शेयर, ₹400 पार भाव, Business Hindi News - Hindustan
More

इतिहास रचने की तैयारी में अनिल अंबानी! राफेल बनाने वाली कंपनी से डील, तूफान बना शेयर, ₹400 पार भाव

रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर की यूनिट रिलायंस एयरोस्ट्रक्चर ने वैश्विक बाजारों के लिए भारत में फाल्कन 2000 ‘बिजनेस एग्जीक्यूटिव जेट’ बनाने के लिए फ्रांस की दिग्गज कंपनी डसॉल्ट एविएशन के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। दोनों कंपनियों ने बुधवार को यह घोषणा की।

Thu, 19 June 2025 09:45 AMVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share
इतिहास रचने की तैयारी में अनिल अंबानी! राफेल बनाने वाली कंपनी से डील, तूफान बना शेयर, ₹400 पार भाव

Reliance Infra share: अनिल अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर के शेयर आज गुरुवार को कारोबार के दौरान फोकस में हैं। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में ही 4% से अधिक उछल गए और 403 रुपये के इंट्रा डे हाई पर पहुंच गए। शेयरों में इस तेजी के पीछे एक बड़ी डील है। दरअसल, बीते बुधवार को कंपनी ने फ्रांस की दिग्गज कंपनी डसॉल्ट एविएशन के साथ डील की घोषणा की है। रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर की यूनिट रिलायंस एयरोस्ट्रक्चर ने वैश्विक बाजारों के लिए भारत में फाल्कन 2000 ‘बिजनेस एग्जीक्यूटिव जेट’ बनाने के लिए फ्रांस की दिग्गज कंपनी डसॉल्ट एविएशन के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। दोनों कंपनियों ने बुधवार को यह घोषणा की। बता दें कि डसॉल्ट एविएशन धाकड़ फाइटर जेट राफेल बनाने वाली कंपनी है।

क्या है डिटेल

यह घोषणा पेरिस एयरशो के दौरान की गई। यह साझेदारी भारत की वैमानिकी क्षेत्र में विनिर्माण क्षमताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डसॉल्ट एविएशन ने कहा कि पहली बार वह फ्रांस के बाहर फाल्कन 2000 जेट का विनिर्माण करेगी। फाल्कन 2000 जेट के लिए अत्याधुनिक असेंबली लाइन महाराष्ट्र के नागपुर में स्थापित की जाएगी। यह भारतीय वैमानिकी और विनिर्माण उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है। इस ऐतिहासिक समझौते से भारत के लिए अमेरिका, फ्रांस, कनाडा और ब्राजील के साथ अगली पीढ़ी के बिजनेस जेट बनाने वाले देशों के क्लब में शामिल होने का रास्ता साफ हुआ है।

क्या है योजना

डसॉल्ट एविएशन और रिलायंस एयरोस्ट्रक्चर (डीआरएएल) के बीच संयुक्त उद्यम की स्थापना 2017 में हुई थी। परिचालन की शुरुआत उसी वर्ष नागपुर के मिहान में अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई की स्थापना के साथ हुई। संयुक्त उद्यम एविएशन के लिए फाल्कन 6X और फाल्कन 8X असेंबली कार्यक्रमों सहित फाल्कन श्रृंखला के लिए उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) भी बन जाएगा। यह फ्रांस के बाहर पहला ऐसा उत्कृष्टता केंद्र होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रॉकेट बनेगा टाटा का यह शेयर, एनालिस्ट ने दी खरीदने की सलाह, आपका है दांव?

कंपनी ने क्या कहा?

डसॉल्ट एविएशन के चेयरमैन और मुख्य कार्यपाीलक अधिकारी (सीईओ) एरिक ट्रैपियर ने कहा, ‘‘यह नया समझौता एक बार फिर हमारी 'मेक इन इंडिया' प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और वैश्विक वैमानिक आपूर्ति श्रृंखला में भारत को एक प्रमुख भागीदार के रूप में मान्यता दिलाने में योगदान देने के हमारे दृढ़ इरादे को बताता है। यह समझौता संयुक्त उद्यम को फ्रांस के बाहर फाल्कन असेंबली के लिए पहला उत्कृष्टता केंद्र बनाएगा। यह अंततः फाल्कन 2000 के लिए अंतिम असेंबली लाइन की स्थापना को सक्षम बनाएगा।’’ रिलायंस समूह के संस्थापक चेयरमैन अनिल डी. अंबानी ने कहा, ‘‘डसॉल्ट एविएशन के साथ हमारी साझेदारी रिलायंस समूह की यात्रा में मील का पत्थर है, क्योंकि हम वैश्विक वैमानिकी मूल्य श्रृंखला में भारत को एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में मजबूती से स्थापित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।’’ बयान के अनुसार, असेंबली संचालन के हस्तांतरण के साथ-साथ कारखाने को अत्याधुनिक बनाने से 2028 तक भारत से ‘मेड इन इंडिया’ फाल्कन 2000 की पहली उड़ान का रास्ता साफ होगा। नई अंतिम असेंबली लाइन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती मांग को पूरा करेगी। डीआरएएल अपने विस्तारित परिचालन के लिए अगले दशक में कई सौ इंजीनियर और तकनीशियन की नियुक्ति कर सकती है।

(भाषा इनपुट के साथ)

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,