Budget 2026 LIVE: बजट में लोकलुभावन घोषणाओं से परहेज; छोटे उद्योगों, कृषि और पर्यटन पर जोर budget 2026 in hindi live fm Nirmala Sitharaman speech income tax nps stock market pm kisan key announcements - business news
More
Hindi Newsबिज़नेसBudget 2026 LIVE: बजट में लोकलुभावन घोषणाओं से परहेज; छोटे उद्योगों, कृषि और पर्यटन पर जोर

Budget 2026 LIVE: बजट में लोकलुभावन घोषणाओं से परहेज; छोटे उद्योगों, कृषि और पर्यटन पर जोर

Budget 2026 Live: संसद का मौजूदा बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हुआ है। इसका पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा। उसके बाद नौ मार्च से दूसरे चरण की बैठक शुरू होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार बजट सत्र दो अप्रैल को समाप्त होगा।

Budget 2026 LIVE: बजट में लोकलुभावन घोषणाओं से परहेज; छोटे उद्योगों, कृषि और पर्यटन पर जोर

Budget 2026 LIVE (ANI Photo/Rahul Singh)

Nisarg Dixit| लाइव हिन्दुस्तान | Sun, 01 Feb 2026 10:12 PM
हमें फॉलो करें

Budget 2026 Live: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को भारत का आम बजट (Aam Budget 2026) की घोषणा कर दी है। इस दौरान सरकार का मुख्य रूप से ग्रामीण महिलाओं, गरीब छात्रों, उद्योगों, चिकित्सा पर खास फोकस रहा। उन्होंने बताया है कि 1 अप्रैल से भारत में नया इनकम टैक्स एक्ट लागू होने जा रहा है। अगले कुछ महीनों में चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद भी केंद्र सरकार ने बजट में लोकलुभावन घोषणाओं से परहेज किया और 'सुधार एक्सप्रेस' को जारी रखते हुए वैश्विक डेटा केंद्रों के लिए 'कर छूट' और कृषि एवं पर्यटन क्षेत्रों को प्रोत्साहन का प्रस्ताव रखा।

इसके अलावा बजट कैंसर की 17 दवाओं के साथ-साथ सात दुर्लभ बीमारियों के लिए विशेष चिकित्सकीय आवश्यकताओं वाली दवाओं एवं खाद्य पदार्थों के साथ-साथ 'माइक्रोवेव ओवन' में उपयोग होने वाले कलपुर्जों के सीमा शुल्क में भी कटौती का ऐलान किया है। दूसरी तरफ, आयातित सस्ते छाते, एटीएम/कैश डिस्पेंसर, कॉफी भूनने, बनाने या 'वेंडिंग' मशीन जैसी कुछ वस्तुएं हालांकि मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) में वृद्धि के कारण महंगी होने वाली हैं। में पाकिस्तान और चीन से आते टेंशन को देखते हुए सरकार ने बजट का एक बड़ा हिस्सा रक्षा मंत्रालय के लिए रखा है। दूसरी तरफ विपक्ष की तरफ से लगातार सरकार पर निशाना साधा जा रहा है।

इसके साथ ही वह 9वीं बार बजट पेश करने का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी हैं, जिसमें एक अंतरिम बजट भी शामिल है। पिछले चार वर्षों की तरह इस साल का बजट भी कागज रहित रूप में पेश किया गया। खास बात है कि साल 2019 में जब सीतारमण ने पहला बजट पेश किया था, तब वह चमड़े के ब्रीफकेस की जगह लाल कपड़े में लिपटा पारंपरिक बही खाता लेकर पहुंचीं थीं। साल 2017 से बजट एक फरवरी को ही पेश किया जाता है।

बजट 2026 स्पीच टाइम

लोकसभा में सीतारमण की तरफ से पूरा बजट भाषण पढ़ने के कुछ देर बाद बजट को राज्यसभा के पटल पर रखा गया। संसद का मौजूदा बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हुआ है। इसका पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा। उसके बाद नौ मार्च से दूसरे चरण की बैठक शुरू होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार बजट सत्र दो अप्रैल को समाप्त होगा।

बजट 2026 की बड़ी घोषणाएं

  • 1 अप्रैल से नया इनकम टैक्स एक्ट, 2025 लागू होने जा रहा है
  • संशोधित आयकर रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा को बढ़ाकर 31 दिसंबर से 31 मार्च करने का प्रस्ताव किया
  • किसानों की आय बढ़ाने के लिए बहु भाषीय एआई टूल 'भारत विस्तार' बनाने का प्रस्ताव
  • देश में दूसरा 'राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं न्यूरोसाइंसेज संस्थान' (निमहैन्स-2) खोला जाएगा

बजट 2026: क्या हुआ सस्ता और क्या महंगा, वित्त मंत्री ने किए बड़े ऐलान, चेक लिस्ट

अंग्रेजी में बजट से जुड़े अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें

बजट से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए बने रहिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ...

1 Feb 2026, 10:12:03 PM IST

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट में सीबीआई के लिए 1105 करोड़ रुपये का आवंटन, पिछली बार से 46.5 करोड़ रुपये ज्यादा

बजट 2026 Live: केंद्र सरकार ने रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के लिए 1,104.98 करोड़ रुपये आवंटित किए, जो चालू वित्त वर्ष की तुलना में 4.4 प्रतिशत अधिक है।सीबीआई को 2025-26 के बजट अनुमानों में 997.62 करोड़ रुपये आवंटित किये गये थे, जिसे बाद में संशोधित करके 1058.3 करोड़ रुपये कर दिया गया था।सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में कहा गया है कि सरकार ने 2026-27 के लिए एजेंसी को 1,104.98 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

बजट में कहा गया है, ''यह आवंटन केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के संस्थान व्यय के लिए है। ब्यूरो को लोक सेवकों, निजी व्यक्तियों, फर्मों के विरूद्ध भ्रष्टाचार के मामलों और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों की जांच एवं अभियोजन का कार्य सौंपा गया है।''

1 Feb 2026, 08:40:12 PM IST

बजट 2026 Live: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अनोखे अंदाज में की बजट की तारीफ

बजट 2026 Live: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अपने अनोखे तरीके से केंद्रीय बजट की तारीफ की है। उन्होंने कहा, "गांव-गांव का खुश हो जाएगा बच्चा क्योंकि यह बजट है बहुत अच्छा।"

उन्होंने आगे कहा कि यह बजट आम जनता को न्याय देता है। इसमें एमएसएमई सेक्टर को मजबूत समर्थन देने पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि आम आदमी को न्याय मिल सके। इससे लाखों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और कृषि क्षेत्र को भी अधिकतम समर्थन मिलेगा।

1 Feb 2026, 08:11:12 PM IST

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट में सरकार की लोकलुभावन योजनाओं से दूरी

बजट 2026 Live: केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश करते हुए लोकलुभावन योजनाओं से दूरी बनाकर रखी। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भी सरकार ने अपनी 'सुधार एक्सप्रेस' को जारी रखते हुए वैश्विक डेटा केंद्रों के लिए 'कर छूट' और कृषि एवं पर्यटन क्षेत्रों को प्रोत्साहन का प्रस्ताव रखा।

बजट में सरकार ने कृषि, छोटे उद्योगों और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दिया। इसमें पशुधन, मत्स्य पालन और उच्च मूल्य वाले कृषि क्षेत्रों के लिए भी कई कार्यक्रमों की घोषणा की गई। वहीं भारत को जैव-औषधि विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा गया है। कपड़ा क्षेत्र के लिए एक एकीकृत कार्यक्रम की भी घोषणा की गई।

1 Feb 2026, 07:56:11 PM IST

बजट 2026 Live: बीएसई के सारे शेयर लाल हैं: केंद्रीय बजट पर प्रियंका चतुर्वेदी

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट को लेकर शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट की प्रियंका चतुर्वेदी का बयान सामने आया है। उन्होंने बजट की आलोचना करते हुए कहा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सभी शेयर आज लाल निशान पर हैं। ऐसे में बजट का असर समझा जा सकता है। उन्होंने कहा, "सरकार इस बजट से जुड़ी उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतरी है। मुझे उम्मीद थी कि यह बजट देश की आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए कोई दिशा देगा। आम आदमी के लिए इसमें कोई राहत नहीं है।"

1 Feb 2026, 07:26:53 PM IST

बजट 2026 Live: मेडीकल टूरिज्म के लिए क्या कर रही सरकार

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत को मेडीकल टूरिज्म हब बनाने की महत्वाकांक्षी मिशन की शुरुआत की। उन्होंने केंद्रीय बजट पेश करते हुए भारत को मेडिकल वैल्यू टूरिज़्म (MVT) का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए कई परिवर्तनकारी कदमों की घोषणा की।

भारत को मेडिकल टूरिज्म सेवाओं के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने हेतु, केंद्र सरकार ने राज्यों को निजी क्षेत्र के साथ साझेदारी में पाँच क्षेत्रीय मेडिकल हब स्थापित करने में सहयोग देने का प्रस्ताव रखा है।

1 Feb 2026, 07:16:28 PM IST

केंद्र के ‘आंकड़ों की बाजीगरी’ वाले बजट में आम आदमी: ममता बनर्जी

बजट 2026 Live: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि 2026-27 का केंद्रीय बजट ''दिशाहीन एवं अदूरदर्शी आंकड़ों की बाजीगरी है'' तथा उसमें आम लोगों एवं उनके राज्य के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया, ''यह बजट दिशाहीन है, अदूरदर्शी, नीरस एवं जनविरोधी है। यह बजट महिला-विरोधी, किसान-विरोधी, शिक्षा-विरोधी है तथा यह अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के भी खिलाफ है। बजट में पश्चिम बंगाल के लिए कुछ भी नहीं है।''

मुख्यमंत्री ने दावा किया, ''शिक्षा के लिए आवंटित धन और सब्सिडी में कटौती की गई है, साथ ही सामाजिक सुरक्षा सब्सिडी और उर्वरक सब्सिडी भी घटाई गई है। यह झूठ का पुलिंदा है। भीषण अक्षमता का उदाहरण इससे अर्थव्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर जाएगी।''

1 Feb 2026, 06:57:28 PM IST

बजट 2026 Live: टेक्निकल भाषा का उपयोग किया बस, निराशावादी बजट: डिंपल यादव

बजट 2026 Live: समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने केंद्रीय बजट 2026 पर कहा, "इस बजट में कुछ भी नहीं है। खाली टेक्निकल टर्म्स और जो भाषा उपयोग किया गया है वो आम इंसान को समझ भी न आए ऐसी भाषा का उपयोग किया गया है। न महिलाओं, युवाओं, उत्पादन के लिए कुछ है और जिस तरह से स्वास्थ्य और शिक्षा का स्तर देश में लगातार गिर रहा है उसके लिए भी कुछ नहीं है...और किसान भाई-बहनों के लिए भी इस बजट में कुछ नहीं है। बहुत ही निराशावादी बजट है।"

1 Feb 2026, 06:46:02 PM IST

बजट 2026 Live: बेहद निराशाजनक बजट: तमिलनाडु सीएम स्टालिन

बजट 2026 Live: तमिलनाडु की 'अनदेखी करने' को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने रविवार को कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया केंद्रीय बजट राज्य के लिए बेहद निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि बजट में तमिलनाडु के हितों की पूरी तरह से उपेक्षा कर दी गयी है तथा गरीबों, महिलाओं, किसानों और हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए कुछ भी नहीं है।

उन्होंने यहां एक बयान में कहा, ''तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की दहलीज पर है, ऐसे में हमें उम्मीद थी कि कम से कम इस साल तो राज्य केंद्र की भाजपा सरकार की नजरों में आएगा और हमारी आवाज उस तक पहुंचेगी। हालांकि, इस साल भी भाजपा सरकार ने सिर्फ निराशा ही दी है।''

1 Feb 2026, 06:40:59 PM IST

बजट 2026 Live: बहुचर्चित जी राम जी योजना को बजट में 95,692.31 करोड़ रुपए

बजट 2026 Live: मनरेगा के स्थान पर लाई गई जी राम जी योजना के लिए भी केंद्र सरकार ने आम बजट में खजाना खोला है। सरकार ने इस योजना के लिए ₹95,692.31 करोड़ आवंटित किए हैं, जबकि मनरेगा के लिए ₹30,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग का कुल बजट लगभग 21 प्रतिशत बढ़ाया गया है, और यह आवंटन देश को “आत्मनिर्भर और विकसित गांवों” की दिशा में आगे ले जाएगा।

1 Feb 2026, 06:08:59 PM IST

बजट 2026 Live: असम सीएम हिमंत ने की बजट की तारीफ

बजट 2026 Live: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने केंद्रीय बजट 2026-27 को 'सुधारोन्मुखी' बजट करार देते हुए उसकी सराहना की और कहा कि इससे राज्य सहित देश के समूचे पूर्वी क्षेत्र को सार्थक रूप से लाभ होगा। उन्होंने कहा कि बजट में भारत की वैश्विक आकांक्षाओं और जमीनी स्तर के विकास के बीच एक अच्छा संतुलन बनाए रखा गया है।

सरमा ने 'एक्स' पर कई पोस्ट कर केंद्रीय बजट के कई बिंदुओं को सूचीबद्ध किया और इस बात पर बल दिया कि असम को कई पहलुओं में लाभ होने वाला है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को केंद्रीय बजट प्रस्तुत किया गया।

सरमा ने कहा, '' विकसित भारत बजट-2026 प्रस्तुत करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई। यह बजट भारत की वैश्विक आकांक्षाओं और जमीनी स्तर के विकास के बीच एक उत्कृष्ट संतुलन स्थापित करता है।''

1 Feb 2026, 06:06:28 PM IST

बजट 2026 Live: कैंसर की दवाएं, माइक्रोवेव ओवन होंगे सस्ते; आयातित छाते, एटीएम महंगे

बजट 2026 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में पेश केंद्रीय बजट 2026-27 में सीमा शुल्क में कटौती की घोषणा की। इससे 17 कैंसर की दवाओं के साथ-साथ सात दुर्लभ बीमारियों के लिए विशेष चिकित्सकीय आवश्यकताओं वाली दवाओं एवं खाद्य पदार्थों के साथ-साथ 'माइक्रोवेव ओवन' में उपयोग होने वाले कलपुर्जों की कीमत भी कम हो जाएगी। आयातित सस्ते छाते, एटीएम/कैश डिस्पेंसर, कॉफी भूनने, बनाने या 'वेंडिंग' मशीन जैसी कुछ वस्तुएं हालांकि मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) में वृद्धि के कारण महंगी होने वाली हैं।

1 Feb 2026, 05:53:22 PM IST

बजट 2026 Live: पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने आम बजट को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

बजट 2026 Live: पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिंदबरम ने आम बजट को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार और वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्वेक्षण को दरकिनार कर दिया और जनता के समक्ष जुमलेबाजी करने के अपने पसंदीदा शगल पर लौट आए हैं। चिदंबरम यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि केंद्र का पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) घटा है और कई अहम क्षेत्रों व योजनाओं के लिए आवंटन में कटौती की गई है।

1 Feb 2026, 05:42:25 PM IST

बजट 2026 Live: केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने की बजट की आलोचना

बजट 2026 Live: केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार को केंद्रीय बजट की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इससे राज्य के प्रति केंद्र सरकार की लगातार जारी भेदभावपूर्ण नीतियां और उपेक्षापूर्ण रवैया उजागर हुआ है। विजयन ने यहां एक बयान में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जानबूझकर इस तथ्य की अनदेखी की कि केरल भी भारत का हिस्सा है।

संसद में सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की लंबे समय से जारी मांगों जैसे- एम्स की स्थापना, रेलवे विकास के लिए सात हाई स्पीड कॉरिडोर और विड़िण्गम बंदरगाह के लिए विशेष पैकेज-को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।

1 Feb 2026, 05:19:06 PM IST

बजट 2026 Live: पश्चिम बंगाल नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी क्या बोले

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट पर पश्चिम बंगाल नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने बजट की सराहना की। उन्होंने कहा, "यह बजट बहुत अच्छा है। मरीजों को किफायती दामों पर दवाएं मिलेंगी। इस बजट में हमारे मध्यम वर्ग के लोगों को महत्वपूर्ण कर राहत भी दी गई है... मैं इस बजट का स्वागत करता हूं। यह बजट देश और पश्चिम बंगाल के लिए बहुत अच्छा है।"

1 Feb 2026, 04:56:13 PM IST

बजट 2026 Live: बजट पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू

बजट 2026 Live: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आम बजट की तारीफ की है। उन्होंने कहा, “एक विकसित भारत के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की रिफॉर्म एक्सप्रेस आज के बजट में बेहद महत्वपूर्ण तरीके से दिखाई देती है। मेरा मानना है कि आज का बजट सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी नहीं है। हमारी वित्त मंत्री ने विकसित भारत के लिए रिफॉर्म एक्सप्रेस का एक मजबूत खाका पेश किया है। मैं बहुत खुश हूँ, और जो पैकेज घोषित किया गया है और जिसे स्थापित किया गया है, वह वास्तव में शानदार है।

पूर्वी क्षेत्र के विकास के लिए जो किया गया है, एक्सप्रेस हाईवे से जुड़े ऐलान, बौद्ध सर्किट, और अल्पसंख्यकों के लिए की गई बड़ी घोषणाएँलइन सब से मैं पूरी तरह संतुष्ट हूँ। एक मंत्री के रूप में मैं बहुत खुश हूँ। उससे भी ज्यादा, एक भारतीय नागरिक के रूप में मैं इस बजट को लेकर बेहद उत्साहित हूँ।

1 Feb 2026, 03:59:22 PM IST

बजट 2026 Live: ये 2047 के विकसित भारत का बजट: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

बजट 2026 Live: केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने केंद्रीय बजट की तारीफ की है। उन्होंने कहा, "ये बजट संपूर्ण और सर्वग्राही बजट है मैं कपड़ा मंत्री होने के नाते इतना ही कह सकता हूं कि ये यात्रा पीएम मोदी का 2014-15 में चला 15-16 लाख से आज 53 लाख से ऊपर गया है और राजकोषीय घाटा भी 4.3 है। केंद्र सरकार ने कपड़ा को प्राथमिकता दी, ये 2047 के विकसित भारत का बजट है।"

1 Feb 2026, 03:46:30 PM IST

बजट 2026 Live: मोदी सरकार के पास कोई नया विचार नहीं, गंभीर संकटों को किया नजर अंदाज: मल्लिकार्जुन खरगे

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "मोदी सरकार के पास अब कोई नए विचार नहीं बचे हैं। यह बजट भारत की बड़ी आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों के संदर्भ में जितने जवाब देता है, उससे कहीं ज्यादा सवाल खड़े कर देता है। इसमें गरीबों के लिए कुछ भी नहीं है। महंगाई पर नियंत्रण के लिए न तो कोई समाधान दिया गया है, न कोई सकारात्मक सुझाव और न ही कोई ठोस कदम।

आर्थिक सर्वेक्षण बताता है कि व्यापार को लेकर अनिश्चितता भारत के लिए एक बड़ी चुनौती है, लेकिन बजट में इस समस्या को लगभग नजर अंदाज कर दिया गया है। इसी तरह रुपये की गिरती कीमत से निपटने के लिए भी सरकार के पास कोई योजना नहीं है।"

1 Feb 2026, 03:24:35 PM IST

बजट 2026 Live: बंगाल को बांग्लादेश की तरह देखती है केंद्र सरकार: अभिषेक बनर्जी

बजट 2026 Live: तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय बजट में बंगाल को अलग-थलग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने एक घंटे 25 मिनट तक भाषण दिया। मतलब कुल 85 मिनट तक, जिसमें 5100 सेकंड होते हैं। इन इन 5100 सेकंड में बंगाल का नाम एक बार भी नहीं लिया गया। चाहे किसान समुदाय हो या देश के युवा, सरकार एआई, स्किल इंडिया और तकनीकी उन्नति की बात करती है, लेकिन युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा और रोजगार कैसे पैदा होगा, इस पर कोई ठोस चर्चा नहीं हुई। किसानों के लिए कोई आर्थिक सुरक्षा नहीं है। यह एक चेहराविहीन, आधारहीन बजट है। केंद्र सरकार बंगाल को बांग्लादेश की तरह देखती है नहीं तो बंगाल का जिक्र एक बार भी क्यों नहीं हुआ? हमें इस बजट से कोई उम्मीद नहीं थी। उन्हें पता था कि बंगाल में पैसा खर्च करने पर भी वे जीत नहीं पाएंगे। इसलिए, उनके नजरिए से देखें तो उन्होंने बंगाल पर पैसा खर्च न करना ही बेहतर समझा।"

1 Feb 2026, 03:20:18 PM IST

बजट 2026 Live: टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा बजट पर क्या बोले

बजट 2026 Live: टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने केंद्रीय बजट की कड़ी आलोचना करते हुए इसे फेंकू और लपेटू करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में न तो युवाओं के रोजगार पर ध्यान दिया गया है और न ही किसान कल्याण या देश के कर्ज पर कोई ठोस बात की गई है। उन्होंने कहा, "यह एक ‘फेंकू और लपेटू’ बजट है। यह विकसित भारत के लिए नहीं है। इसमें न रोजगार की बात है और न ही देश पर चढ़े मौजूदा कर्ज की। केंद्र सरकार कई राज्यों का पैसा दबाए बैठी है। किसानों के कल्याण के लिए कौन-सी नई योजना लाई गई?”

1 Feb 2026, 03:09:05 PM IST

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट से ममता बनर्जी निराश, बोलीं- बंगाल को एक पैसा भी नहीं दिया।

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी निराशा जाहिर की है। उन्होंने केंद्र सरकार के ऊपर घोषणा के बाद फंड जारी न करने का आरोप लगाया। केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा एक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बंगाल को मिलने के फैसले को सरकार का झूठ बताया। उन्होंने कहा, "तीन कॉरिडोर की घोषणा की है, जबकि हम पहले ही छह की घोषणा कर चुके हैं। जिन तीन कॉरिडोर के बारे में उन्होंने जो भी कहा है वह पूरी तरह झूठ और बकवास है। यह सब पहले से प्रक्रिया में है और हमने वहां काम शुरू भी कर दिया है। इस बजट में बंगाल को एक पैसा भी नहीं दिया गया है।

1 Feb 2026, 03:02:06 PM IST

बजट 2026 Live: जल्द से जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर जोर: पीएम मोदी

बजट 2026 Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि आज का भारत रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है। पीएम मोदी ने भारत के तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के सपने का जिक्र करते हुए कहा कि देश के 1.4 अरब नागरिक अब सिर्फ तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। वह जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं। यही करोड़ों देश वासियों का संकल्प है।

1 Feb 2026, 02:50:57 PM IST

बजट 2026 Live: ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना और भी ज्यादा होगी मजबूत, बजट का 14.68 फीसदी हिस्सा डिफेंस के नाम

बजट 2026 Live: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पेश हुए पहले बजट में सरकार ने सेना को और भी ज्यादा ताकतवर बनाने की मंशा जाहिर कर दी है। केंद्रीय बजट का 14.68 फीसदी हिस्सा सरकार ने रक्षा मंत्रालय के लिए रखा है, जो कि रुपयों के हिसाब से देखें तो 7.85 लाख करोड़ रुपए बनता है। पिछले बजट के दौरान यह आंकड़ा 6.81 लाख करोड़ था।

1 Feb 2026, 02:32:33 PM IST

बजट 2026 Live: असली संकटों से अनजान बजट: राहुल गांधी

बजट 2026 Live: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आम बजट को लेकर अपनी निराशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह बजट भारत के असली संकटों के प्रति पूरी तरह से अंधा है। सोशल मीडिया साइट पर किए अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “युवाओं के पास नौकरियां नहीं है। मैन्यूफैक्चरिंग में गिरावट है, निवेशक देश से पूंजी निकाल रहे हैं। घरेलू बचत तेजी से घट रही है। किसान संकट में हैं। आने वाले वैश्विक झटकों को पूरी तरह से नजर अंदाज किया गया है। यह बजट दिशा सुधार से इनकार करता है।”

1 Feb 2026, 01:55:41 PM IST

बजट 2026 Live: बजट पर क्या बोले शशि थरूर

बजट 2026 Live: यूनियन बजट पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "हमें बहुत कम डिटेल्स मिलीं। 3-4 हेडलाइंस थीं, लेकिन हम ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद का इंतजार कर रहे थे। वह कहां है? हम इसे केरल में चाहते थे। हमारे यहां आयुर्वेद की बहुत पुरानी परंपरा है। लेकिन हमने केरल का नाम नहीं सुना। हमने मछुआरों और नारियल के नाम सुने - वह केरल हो सकता है...लेकिन जब उन्होंने शिप रिपेयर की बात की, तो उन्होंने वाराणसी और पटना का नाम लिया लेकिन केरल का नहीं। यह थोड़ा हैरान करने वाला है। शायद बजट डॉक्यूमेंट में और डिटेल्स हों। मैंने अभी उसे पढ़ा नहीं है। स्पीच में बहुत कम डिटेल्स थीं।"

1 Feb 2026, 01:54:43 PM IST

बजट 2026 Live: लोकपाल के लिए 30 करोड़ रुपये आवंटित, सीवीसी को 54.56 करोड़ रुपये

बजट 2026 Live: केंद्रीय बजट 2026-27 में लोकपाल को अगले वित्त वर्ष में स्थापना और निर्माण संबंधी खर्चों को पूरा करने के लिए 30 करोड़ रुपये दिए गए हैं। बजट दस्तावेज के अनुसार, चालू वित्त वर्ष के लिए लोकपाल के लिए संशोधित बजटीय प्रावधान 32 करोड़ रुपये है। वपिछले बजट में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लोकपाल के मद में 44.32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।

1 Feb 2026, 01:31:10 PM IST

बजट 2026 Live: सेंसेक्स, निफ्टी में बजट घोषणा के बीच भारी गिरावट क्यों हुई

बजट 2026 Live: स्थानीय शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में रविवार को दोपहर के कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बजट में जिंस वायदा पर प्रतिभूति लेनदेन कर को 0.02 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत करने का प्रस्ताव इसकी मुख्य वजह रही। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सरकार के सभी प्रकार के शेयरधारकों के लिए बायबैक से प्राप्त आय पर पूंजीगत लाभ के रूप में कर लगाने की भी घोषणा की। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 2,370.36 अंक या 2.88 प्रतिशत की भारी गिरावट आई और यह 80,000 अंक के स्तर से नीचे टूटकर 79,899.42 अंक पर आ गया। 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 748.9 अंक या 2.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,571.75 अंक पर आ गया।

1 Feb 2026, 01:19:43 PM IST

बजट 2026 Live: विदेश में रहने वाले कर सकेंगे भारतीय कंपनियों में निवेश

बजट 2026 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को कहा कि 'भारत के बाहर रहने वाले व्यक्तिगत व्यक्ति' (PROI) अब पोर्टफोलियो निवेश योजना के जरिये सूचीबद्ध भारतीय कंपनियों में इक्विटी निवेश कर सकेंगे। सीतारमण ने संसद में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए कहा कि पीआरओआई के लिए निवेश सीमा को भी अब पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा जा रहा है।

1 Feb 2026, 01:07:50 PM IST

Budget 2026 Live: बजट पर क्या बोले भाजपा सांसद

Budget 2026 Live: केंद्रीय बजट 2026 पर भाजपा सासंद कमलजीत सहरावत ने कहा, "आज का बजट विकसित भारत और भारत की संस्कृति दोनों को मिलाकर बनाया गया है। भारत को बायोफार्मा हब के रूप में विकसित किया जाए... पर्यटन को बढ़ाने के लिए कॉरिडोर की घोषणा की गई है। इंफ्रास्ट्रक्चर की बात की गई है। टैक्स प्रक्रिया को आसान करने की बात की गई है। 2047 के विकसित भारत को जिस तरह से आगे बढ़ना चाहिए उसका रोडमैप इसमें रखा गया है।"

1 Feb 2026, 01:01:33 PM IST

Budget 2026 Live: दवाओं पर छूट

Budget 2026 Live: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, 'मरीजों, खासकर कैंसर से पीड़ित लोगों को राहत देने के लिए, मैं 17 दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी से छूट देने का प्रस्ताव करती हूं। मैं दवाओं, मेडिसिन और खास मेडिकल मकसद के लिए इस्तेमाल होने वाले खाने के पर्सनल इंपोर्ट पर इंपोर्ट ड्यूटी से छूट देने के मकसद से 7 और दुर्लभ बीमारियों को जोड़ने का भी प्रस्ताव करती हूं।'

1 Feb 2026, 12:56:45 PM IST

Budget 2026 Live: बजट उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता, फीका और निराशाजनक है: कांग्रेस

Budget 2026 Live: कांग्रेस ने वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट को फीका और निराशाजनक करार देते हुए रविवार को कहा कि यह उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण भी पारदर्शी नहीं रहा और इसमें प्रमुख कार्यक्रमों एवं योजनाओं के लिए बजटीय आवंटन की जानकारी नहीं दी गई।

1 Feb 2026, 12:38:09 PM IST

Budget 2026 Live: नए इनकम टैक्स एक्ट पर क्या बोलीं निर्मला सीतारमण

Budget 2026 Live: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में अपने बजट भाषण में कहा, ''इसे (प्रत्यक्ष कर संहिता) रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया और आयकर अधिनियम, 2025 पहली अप्रैल, 2026 से प्रभावी होगा (What is New Income Tax Act 2025)। सरलीकृत आयकर नियमों और फॉर्म को जल्द ही अधिसूचित किया जाएगा, जिससे करदाताओं को इसकी आवश्यकताओं से परिचित होने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।'' उन्होंने आगे कहा कि फॉर्म को इस तरह से तैयार किया गया है कि सामान्य नागरिक बिना किसी कठिनाई के इनका पालन कर सकें।

वर्ष 2025 का आयकर कानून राजस्व तटस्थ है और इसमें कर दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसने केवल प्रत्यक्ष कर कानूनों को समझने में सरल बनाया है, अस्पष्टताओं को दूर किया है, जिससे मुकदमों की गुंजाइश कम हुई है।

1 Feb 2026, 12:34:38 PM IST

Budget 2026 Live: बजट भाषण के दौरान बाजार धड़ाम

Budget 2026 Live: बजट भाषण के दौरान बाजार में भारी हलचल देखने को मिली। खबर है कि एक ओर जहां Sensex 869.93 पॉइंट्स गिरकर 81,399.85 पर आ गया। वहीं, Nifty में 294.9 पॉइंट्स की गिरावट देखी गई। Nifty 25,025.75 पर रहा।

1 Feb 2026, 12:20:45 PM IST

Budget 2026 Live: लघु मध्यम उद्योगों के लिए क्या लाई सरकार

Budget 2026 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि अगले वित्त वर्ष में लघु, मध्यम उद्यमों को चैंपियन बनाने और सूक्ष्म उद्यमों को सहायता प्रदान करने की योजना के तहत इसमें इक्विटी सहायता उपलब्ध करायी जाएगी। सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए कहा कि इसके लिए 10,000 करोड़ रुपये के समर्पित एसएमई विकास निधि की शुरुआत की जाएगी और आत्मनिर्भर भारत कोष में अतिरिक्त 2000 करोड़ रुपये डाले जाएंगे।

1 Feb 2026, 12:17:14 PM IST

Budget 2026 Live: हर जिले में बनेगा एक बालिका छात्रावास

Budget 2026 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश के हर जिले में एक बालिका छात्रावास स्थापित करने की रविवार को घोषणा की। देश में 700 से अधिक जिले हैं। सीतारमण ने पशु चिकित्सा महाविद्यालयों, अस्पतालों और जांच प्रयोगशालाओं के लिए ऋण से जुड़ी पूंजीगत सब्सिडी सहायता योजना का भी प्रस्ताव रखा।

1 Feb 2026, 12:12:53 PM IST

Budget 2026 Live: चिकित्सकीय पर्यटन के लिए 10 हजार करोड़ रुपये

Budget 2026 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को चिकित्सकीय पर्यटन के लिए पांच केंद्र स्थापित करने और अगले पांच वर्ष में बायोफार्मा शक्ति कार्यक्रम के लिए 10,000 करोड़ रुपये का आवंटन करने का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं राज्यों को पांच क्षेत्रीय चिकित्सकीय केंद्र स्थापित करने में सहायता देने के लिए एक योजना शुरू करने का प्रस्ताव रखती हूं।' उन्होंने कहा कि ये केंद्र एकीकृत स्वास्थ्य सेवा परिसरों के रूप में कार्य करेंगे जिनमें चिकित्सकीय, शिक्षा और अनुसंधान सुविधाएं शामिल होंगी।

1 Feb 2026, 12:07:09 PM IST

Budget 2026 Live: कब तक फाइल कर सकेंगे रिटर्न

Budget 2026 Live: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में कर विवरण दायर करने के लिए अलग अलग समय सीमा का प्रस्ताव दिया गया है। सीतारमण ने ऐलान किया है कि इंडीविजुअल्स 31 जुलाई तक रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। जबकि, नॉन ऑडिट बिजनेस और ट्रस्ट्स को 31 अगस्त तक रिटर्न दाखिल करने होंगे।

1 Feb 2026, 11:59:09 AM IST

Budget 2026 Live: 1 अप्रैल से इनकम टैक्स एक्ट 2025 होगा लागू

Budget 2026 Live: इनकम टैक्स एक्ट 2025, एक अप्रैल 2026 से लागू हो जाएंगे। नए नियम और फॉर्म्स जल्द ही जारी किए जाएंगे। फॉर्म्स को इस तरह से बनाया गया है कि एक आम नागरिक बगैर परेशानियों के लिए नियमों का पालन कर सकेगा।

1 Feb 2026, 11:57:20 AM IST

Budget 2026 Live: NIMHANS-2 की होगी स्थापना, ये दो शहर चुने गए

Budget 2026 Live: केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि उत्तर भारत में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक भी संस्थान नहीं है। ऐसे में सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य के लिए निमहांस-2 की स्थापना का ऐलान किया है। इसके लिए रांची और तेजपुर का चुनाव किया है।

1 Feb 2026, 11:52:35 AM IST

Budget 2026 Live: महिलाओं के लिए SHE की घोषणा

Budget 2026 Live: केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने SHE मार्ट्स का ऐलान किया है। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं इनका काम कप्तान के तौर पर संभालेंगी। लखपति दीदी की तर्ज पर सरकार ने महिलाओं को क्रेडिट लिंक्ट मार्ट्स का जिम्मा सौंपने का प्रस्ताव दिया है। इसके जरिए ग्रामीण महिलाएं आजीविका कमा सेकेंगी। SHE का मतलब सेल्फ हेल्प ग्रुप है।

1 Feb 2026, 11:47:32 AM IST

Budget 2026 Live: चिकित्सा पर्यटन के लिए सरकार ने चुने 5 राज्य

Budget 2026 Live: पूर्वी भारत में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव पेश किया है। खगोल विज्ञान को बढावा देने के लिए चार टेलिस्कोप इंफ्रा:फैसिलिटी की स्थापना की जाएगी। सरकार चिकित्सा पर्यटन के लिए पांच केंद्रों की स्थापना में राज्यों की मदद करेगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।