इस बैंक की बड़ी गलती: होम लोन ग्राहकों से काट लिया ज्यादा EMI, कई ग्राहकों को कर दिया डिफॉल्टर घोषित
Bank of Baroda में सिस्टम गड़बड़ी के कारण होम लोन ग्राहकों से ज्यादा EMI काट ली गई। कई ग्राहकों को डिफॉल्टर घोषित कर दिया गया और क्रेडिट स्कोर भी प्रभावित हुआ। जानें बाद में बैंक ने क्या किया…

बैंक ऑफ बड़ौदा में एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है, जिसके चलते होम लोन लेने वाले कई ग्राहकों के खातों से तय ईएमआई से ज्यादा रकम काट ली गई। यह समस्या मार्च महीने में सामने आई, जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बैंक के सिस्टम में गड़बड़ी के कारण कुछ खातों पर गलती से ज्यादा ब्याज दर लागू हो गई। इसका सीधा असर यह हुआ कि ग्राहकों के खातों से उनकी निर्धारित ईएमआई से अधिक राशि काट ली गई। हालांकि, कुछ मामलों में इसका उल्टा भी हुआ, जहां ग्राहकों से कम ब्याज वसूला गया।
डिफॉल्टर घोषित होने से बढ़ी परेशानी
इकनॉमिक टाइम्स की खबर के मतुाबिक जिन ग्राहकों के खाते से ज्यादा पैसा कट गया और बैलेंस कम हो गया, उन्हें बैंक के सिस्टम ने डिफॉल्टर के रूप में चिन्हित कर दिया। इसके बाद कई ग्राहकों को वसूली एजेंसियों के कॉल आने लगे, जिससे वे घबरा गए। इतना ही नहीं, इस गड़बड़ी का असर उनके क्रेडिट स्कोर पर भी पड़ा, जो भविष्य में लोन लेने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है।
बैंक ने दी सफाई, कहा- समस्या ठीक कर दी गई
बैंक के प्रवक्ता ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नियमित समीक्षा के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई, जो सीमित संख्या में खातों तक ही सीमित थी। उन्होंने बताया कि जिन ग्राहकों से ज्यादा पैसे कटे थे, उन्हें रिफंड कर दिया गया है। जिन खातों में कम ब्याज लिया गया था, वहां अंतर की राशि वसूल ली गई है।
ग्राहकों के लिए क्या है सबक?
यह घटना बताती है कि ग्राहकों को अपनी बैंक स्टेटमेंट और ईएमआई कटौती पर नियमित नजर रखना बेहद जरूरी है। किसी भी असामान्य लेनदेन की स्थिति में तुरंत बैंक से संपर्क करना चाहिए, ताकि नुकसान से बचा जा सके।




साइन इन