Aviation Stocks indigo spicejet share skyrocket after gov announced re open airports सीजफायर के बाद सरकार ने किया बड़ा ऐलान, रॉकेट बन गए ये शेयर, खरीदने की लूट, Business Hindi News - Hindustan
More

सीजफायर के बाद सरकार ने किया बड़ा ऐलान, रॉकेट बन गए ये शेयर, खरीदने की लूट

सरकार ने जम्मू-कश्मीर और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों सहित 32 हवाई अड्डों पर परिचालन की अनुमति दे दी, जिन्हें पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।

Mon, 12 May 2025 01:48 PMVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share
सीजफायर के बाद सरकार ने किया बड़ा ऐलान, रॉकेट बन गए ये शेयर, खरीदने की लूट

Aviation Stocks: एविएशन कंपनी के शेयर में आज सोमवार को तूफानी तेजी देखी जा रही है। एयर इंडिया, इंडिगो से लेकर स्पाइसजेट समेत एविएशन कंपनी के शेयर में तूफानी तेजी है। दरअसल, भारत और पाकिस्तान ने बीते शनिवार को सीजफायर का ऐलान किया। इसके बाद आज सरकार ने जम्मू-कश्मीर और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों सहित 32 हवाई अड्डों पर परिचालन की अनुमति दे दी, जिन्हें पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। दोनों देशों द्वारा सैन्य गतिविधियों को बंद करने पर सहमति जताने के दो दिन बाद ही नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) जारी किया गया। इसके बाद इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और स्पाइसजेट के शेयरों में 10% की तेजी देखी गई। इंडिगो के शेयर कारोबार के दौरान 5,485 रुपये पर पहुंच गए थे। वहीं, स्पाइसजेट के शेयर 46.61 रुपये तक पहुंच गए।

एएआई का ऐलान

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने सोमवार को घोषणा की कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के मद्देनजर पिछले सप्ताह अस्थायी रूप से बंद किए गए 32 हवाई अड्डों पर नागरिक उड़ान परिचालन फिर से शुरू होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति के कारण श्रीनगर और अमृतसर सहित उत्तर तथा पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ान परिचालन नौ मई से 15 मई तक निलंबित कर दिया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भारत ने खो दिया है अपना राफेल? खबरों के बीच क्रैश हुआ यह डिफेंस शेयर, मचा हड़कंप

क्या है डिटेल

सोमवार को एक बयान में, सरकारी स्वामित्व वाले एएआई ने कहा कि 32 हवाई अड्डे जो 15 मई को 05.29 बजे तक नागरिक विमान परिचालन के लिए बंद कर दिए गए थे, अब तत्काल प्रभाव से परिचालन के लिए उपलब्ध हैं। बयान में कहा गया है, "यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सीधे एयरलाइंस से उड़ान के संबंध में जानकारी लें तथा नियमित अद्यतन जानकारी के लिए एयरलाइन्स की वेबसाइट पर नजर रखें।" एएआई ने अन्य विमानन प्राधिकरणों के साथ मिलकर एअरमैन को नोटिस (नोटिस टू एअरमेन - नोटैम्स) जारी किए थे, जिसमें उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों को सभी नागरिक उड़ान परिचालनों के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की गई थी।

एयर इंडिया ने क्या कहा?

हवाई अड्डों को फिर से खोलने के बारे में विमानन अधिकारियों की अधिसूचना के बाद, एयर इंडिया जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट के लिए उड़ानें शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। इस समय हम आपकी समझदारी की सराहना करते हैं, क्योंकि हमारी टीमें इन हवाई अड्डों पर परिचालन को सामान्य बनाने के लिए काम कर रही हैं। कृपया आगे की अपडेट के लिए बने रहें। अधिक जानकारी के लिए, कृपया हमारे संपर्क केंद्र पर 011-69329333 / 011-69329999 पर कॉल करें या हमारी वेबसाइट http://airindia.com पर जाएं।

इंडिगो ने क्या कहा?

सरकार के निर्देशों के बाद, हाल ही में बंद किए गए हवाई अड्डे अब एयरलाइनों के संचालन के लिए उपलब्ध हैं। इंडिगो ने अपनी उड़ान बुकिंग फिर से खोल दी है और आज, 12 मई, 2025 से चुनिंदा मार्गों पर ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया है, जिसकी शुरुआत इस प्रकार है:

• दिल्ली - चंडीगढ़

• दिल्ली - जम्मू - दिल्ली

• दिल्ली - अमृतसर - दिल्ली

अगले कुछ दिनों में पूरे नेटवर्क में धीरे-धीरे और उड़ानें फिर से शुरू होंगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए www.goindigo.in और आधिकारिक साइट देखें। किसी भी सहायता के लिए, ग्राहक हमसे customer.experience@goindigo.in पर संपर्क कर सकते हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,