Adani group plans 20K crore rs super critical thermal power plant in bihar detail here बिहार के लिए अडानी समूह ने खोला खजाना, ₹20000 करोड़ निवेश का ऐलान, Business Hindi News - Hindustan
More

बिहार के लिए अडानी समूह ने खोला खजाना, ₹20000 करोड़ निवेश का ऐलान

  • अडानी समूह एक अत्याधुनिक थर्मल पावर प्लांट लगाने वाला है। इसके अलावा, समूह राज्य में अपने सीमेंट, फूड प्रोसेसिंग और लॉजिस्टिक कारोबार का भी विस्तार कर रहा है।

Fri, 20 Dec 2024 03:58 PMDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
बिहार के लिए अडानी समूह ने खोला खजाना, ₹20000 करोड़ निवेश का ऐलान

Adani group in bihar: गौतम अडानी समूह ने बिहार में 20,000 करोड़ रुपये के नए निवेश का ऐलान किया है। इसके तहत अडानी समूह एक अत्याधुनिक थर्मल पावर प्लांट लगाने वाला है। इसके अलावा, समूह राज्य में अपने सीमेंट, फूड प्रोसेसिंग और लॉजिस्टिक कारोबार का भी विस्तार कर रहा है। इसकी जानकारी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक प्रणव अडानी ने दी है। वह वैश्विक निवेशक सम्मेलन- बिहार बिजनेस कनेक्ट 2024 को संबोधित कर रहे थे।

क्या कहा प्रणव अडानी ने

प्रणव अडानी ने कहा- अडानी समूह ने बिहार में तीन क्षेत्रों लॉजिस्टिक, गैस वितरण और कृषि लॉजिस्टिक में पहले ही करीब 850 करोड़ रुपये का निवेश किया है। हम अब इन क्षेत्रों में 2,300 करोड़ रुपये का और निवेश करने जा रहे हैं। निवेश हमारी वेयरहाउसिंग और मेंटेनेंस कैपिसिटी को बढ़ाएगा। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहन, शहरों में गैस वितरण (सीजीडी) और कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) क्षेत्र में हमारी उपस्थिति का विस्तार करेगा। इससे 27,000 अतिरिक्त प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इस काम के लिए निवेश

इसके अलावा अडानी समूह बिहार में गति शक्ति रेलवे टर्मिनल, आईसीडी (अंतर्देशीय कंटेनर डिपो) और औद्योगिक वेयरहाउसिंग पार्क जैसे स्ट्रैटजिक इंफ्रा के विकास में करीब 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रहा है। प्रणव अडानी ने कहा- हम इसके अलावा स्मार्ट मीटर मैन्युफैक्चरिंग में निवेश कर रहे हैं। बिहार पारंपरिक बिजली मीटर से स्मार्ट मीटर की ओर बढ़ रहा है, इसीलिए हम पांच शहरों सीवान, गोपालगंज, वैशाली, सारण और समस्तीपुर में बिजली खपत पर स्वचालित निगरानी की व्यवस्था के लिए 28 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर के मैन्युफैक्चरिंग और स्थापना को लेकर 2,100 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इससे इस क्षेत्र में कम से कम 4,000 स्थानीय नौकरियां सृजित होगी।

सीमेंट कारोबार में निवेश

उन्होंने साथ ही कहा कि राज्य में सीमेंट कारोबार का कारखानों में विभिन्न चरणों में 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से एक करोड़ टन सालाना क्षमता तक विस्तारित किया जाएगा। गौतम अडानी ने कहा- हम बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के अवसर भी तलाश रहे हैं। हमारी अत्याधुनिक बिजलीघर (अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट) स्थापित करने के लिए करीब 20,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना है। उन्होंने कहा- हमें उम्मीद है कि इस परियोजना के क्रियान्वयन के चरण में कम से कम 12,000 नौकरियों और परिचालन चरण के दौरान लगभग 1,500 कुशल नौकरियों का सृजन होगा।

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,