एक खबर और शेयर मार्केट में आ गई जान, सेंसेक्स 700 अंक उछला, IT स्टॉक्स भी चढ़े
Stock Market Update: घरेलू शेयर मार्केट में मंगलवार को आए भूचाल के बाद आज उछाल है। आज यानी बुधवार, 25 फरवरी को सुबह के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर मार्केट में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। यह तेजी आईटी स्टॉक्स में उछाल की बदौलत आई है।

घरेलू शेयर मार्केट में मंगलवार को आए भूचाल के बाद आज उछाल है। आज यानी बुधवार, 25 फरवरी को सुबह के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर मार्केट में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। यह तेजी आईटी स्टॉक्स में उछाल की बदौलत आई है। वह भी तब जब खबर आई कि एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने सेल्सफोर्स सहित कई सास (SaaS) कंपनियों के साथ साझेदारी की घोषणा की है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सेंसेक्स 700 अंक से अधिक उछलकर 82,958 के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 लगभग 1 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,650 के स्तर को फिर से पार कर गया।
दरअसल, एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने सेल्सफोर्स सहित कई सास (SaaS) कंपनियों के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इससे यह संकेत मिला है कि एआई कंपनियां सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनियों के साथ मिलकर काम करेंगी, न कि उन्हें बदलेंगी या बाधित करेंगी।
इस खबर के बाद मंगलवार को अमेरिकी शेयर मार्केट का तकनीकी शेयरों वाला नैस्डैक इंडेक्स 1 प्रतिशत से अधिक चढ़ा। आईबीएम के शेयर में भी मंगलवार को 5 प्रतिशत से अधिक की उछाल आई, जबकि सोमवार को इसमें अक्टूबर 2000 के बाद की सबसे बड़ी एक दिवसीय गिरावट देखी गई थी।
अब खत्म हो सकती है आईटी शेयरों में यह लगातार बिकवाली
एक्सपर्ट्स के मुताबिक कई प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में पिछले एक महीने में 18% से 26% तक की गिरावट आई है। उनका मानना है कि आईटी शेयरों में यह लगातार बिकवाली अब खत्म हो सकती है और इस सेगमेंट में कुछ रिकवरी की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि एंथ्रोपिक के क्लॉड चैटबॉट का सॉफ्टवेयर एंड सर्विस सेक्टर की कंपनियों के साथ साझेदारी करना, भारतीय आईटी कंपनियों के लिए सहयोग के नए अवसर पैदा कर सकता है।
घरेलू बाजार में हर तरफ खरीदारी का रुख
बाजार में यह उछाल सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मिड और स्मॉल कैप कंपनियों के सूचकांकों में भी आधे प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। इससे साफ है कि घरेलू बाजार में हर तरफ खरीदारी का रुख रहा। इस तेजी का असर निवेशकों की संपत्ति पर भी साफ देखा गया। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में एक ही सेशन में करीब 3 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह पिछले सेशन के लगभग 466 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 469 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इस साल भारतीय शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव
इस साल भारतीय शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। निवेशकों के बीच बढ़ती घबराहट का अंदाजा डर सूचकांक इंडिया वीआईएक्स से लगाया जा सकता है, जिसमें इस साल अब तक करीब 40 प्रतिशत की तेज उछाल आई है। आमतौर पर इंडिया VIX का सामान्य स्तर 12 से 15 के बीच माना जाता है, जबकि 9-12 के बीच इसे निचला स्तर माना जाता है। इस सामान्य दायरे में बाजार के पास ऊपर या नीचे जाने के लिए पर्याप्त कारण होते हैं, हालांकि जरूरी नहीं कि भारी उतार-चढ़ाव ही देखने को मिले।
विदेशी निवेशक भी लौटे
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) द्वारा फिर से खरीदारी शुरू करना। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने लाइव मिंट को बताया कि नकारात्मक पक्ष आईटी शेयरों में लगातार कमजोरी है, जो हाल ही में आए एंथ्रोपिक शॉक से उपजी है। वहीं सकारात्मक पक्ष यह है कि लंबे समय बाद फरवरी में एफआईआई फिर से खरीदार बने हैं।
आईटी सेक्टर पर AI के असर को लेकर चर्चा
बाजार में इस बात को लेकर काफी चर्चा है कि AI आईटी सेक्टर को किस तरह प्रभावित करेगा। इसी आशंका के चलते हाल के दिनों में वैश्विक टेक शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है कि कहीं एआई आईटी सेवाओं को बड़े पैमाने पर बाधित न कर दे। हालांकि, बुधवार सुबह निफ्टी आईटी इंडेक्स में करीब 3 प्रतिशत की तेजी आई, जो एक दिन पहले 5 प्रतिशत टूट गया था। यह रिकवरी अमेरिकी टेक शेयरों में आई तेजी के बाद आई है।




साइन इन