On PM Modis appeal, MP CM Mohan Yadav reduces vehicles in convoy, bans vehicle rallies पीएम मोदी की अपील पर सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला, काफिले में घटाईं गाड़ियां, वाहन रैलियों पर रोक, Brand-stories Hindi News - Hindustan
More

पीएम मोदी की अपील पर सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला, काफिले में घटाईं गाड़ियां, वाहन रैलियों पर रोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और सादगी की अपील के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटाने और दौरों के दौरान वाहन रैलियों पर रोक लगाने का फैसला किया है।

Thu, 14 May 2026 01:07 PMDakshita Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
पीएम मोदी की अपील पर सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला, काफिले में घटाईं गाड़ियां, वाहन रैलियों पर रोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन संरक्षण और सादगी अपनाने की अपील के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या कम करने के साथ-साथ दौरों के दौरान वाहन रैलियों पर रोक लगाने की घोषणा की है। राज्य सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह फैसला राष्ट्रहित में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।

सरकारी नोट के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मध्यप्रदेश राष्ट्रहित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि आगामी आदेश तक उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से केवल न्यूनतम आवश्यक वाहन ही शामिल होंगे और भ्रमण के दौरान किसी प्रकार की वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी।

राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री के काफिले में अब 13 वाहनों के बजाय केवल 8 वाहन रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के दौरों के समय किसी भी प्रकार की वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। सभी मंत्रियों को भी यात्रा के दौरान न्यूनतम वाहनों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी जानकारी के अनुसार नव नियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारियों को भी सादगी से कार्यभार ग्रहण करने और वाहन रैलियों से बचने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने और अनावश्यक ईंधन खपत कम करने की अपील भी की।

अतिरिक्त जानकारी में पीटीआई ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक में भी मंत्रियों से राष्ट्रीय हित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की। पीटीआई के अनुसार ये सादगी संबंधी उपाय अगले आदेश तक लागू रहेंगे।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक ऊर्जा अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच नागरिकों से ईंधन बचाने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और जिम्मेदार उपभोग की अपील की है।

इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी लोगों से मेट्रो, बस और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने तथा कारपूलिंग अपनाने की अपील की थी। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नागरिकों से ऊर्जा संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने का आग्रह किया था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।