After the Bargi Dam accident, CM Dr. Mohan Yadav visited Jabalpur and ordered an investigation बरगी डैम हादसे के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव का जबलपुर दौरा, जांच के आदेश, Brand-stories Hindi News - Hindustan
More

बरगी डैम हादसे के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव का जबलपुर दौरा, जांच के आदेश

9 लोगों की मौत, 28 को बचाया गया; सरकार ने मुआवजा घोषित किया, एडवेंचर टूरिज्म के लिए SOP बनाने की तैयारी

Sat, 2 May 2026 08:35 PMUjala Chowdhry लाइव हिन्दुस्तान
share
बरगी डैम हादसे के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव का जबलपुर दौरा, जांच के आदेश

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 मई को जबलपुर पहुंचकर बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की और स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में नौ लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजा। सेना के गोताखोरों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

अधिकारियों के अनुसार, हादसे के पास ही जल जीवन मिशन का कार्य चल रहा था, जहां मौजूद कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर बचाव कार्य में मदद की। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटना के बाद मौके पर मौजूद रहे।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 2-2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने हादसे के दौरान लोगों की जान बचाने में मदद करने वालों को 51-51 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

सरकार ने इस घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक, राज्य सरकार के सचिव और जबलपुर संभाग के आयुक्त शामिल होंगे। समिति हादसे के कारणों, परिस्थितियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की जांच करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नाव, क्रूज और एडवेंचर टूरिज्म से जुड़ी गतिविधियों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने पर भी जोर दिया।

बरगी डैम हादसे के बाद राज्य में जल आधारित पर्यटन गतिविधियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। पिछले कुछ वर्षों में मध्य प्रदेश में ऐसे पर्यटन को बढ़ावा दिया गया है, जिसके चलते अब सुरक्षा मानकों को लेकर नई व्यवस्था की तैयारी की जा रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।