woman clashed with police officer in Muzaffarpur grabbed his collar tore uniform constable rescued कॉलर पकड़ा, वर्दी फाड़ी; मुजफ्फरपुर में पुलिस अफसर से भिड़ गई महिला, सिपाही ने छुड़ाया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

कॉलर पकड़ा, वर्दी फाड़ी; मुजफ्फरपुर में पुलिस अफसर से भिड़ गई महिला, सिपाही ने छुड़ाया

भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर कुदाल से हमला करने का प्रयास किया। दारोगा की वर्दी फाड़ दी और कॉलर पकड़कर मारपीट की। इसी बीच एक युवक ने पुलिस की गाड़ी की चाबी छीन ली।

Fri, 10 April 2026 01:57 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
कॉलर पकड़ा, वर्दी फाड़ी; मुजफ्फरपुर में पुलिस अफसर से भिड़ गई महिला, सिपाही ने छुड़ाया

Attack on Police: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक पुलिस अफसर के साथ बदतमीजी का हद हो गई। एक महिला ने पहले कॉलर पकड़ा फिर वर्दी फाड़ दी। मौके पर मौजूद सिपाही ने उन्हें मुक्त कराया। घटना मुशहरी थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर गांव में गुरुवार की है जब भू विवाद में दो गुटों के बीच मारपीट हो गई की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर कुदाल से हमला करने का प्रयास किया। दारोगा की वर्दी फाड़ दी और कॉलर पकड़कर मारपीट की। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मारपीट की इस घटना में दोनों ओर से कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस से लोग उलझ गए। एक युवक ने पुलिस की गाड़ी की चाबी ड्राइवर से छीन ली। चाबी मांगने पर डायल 112 के चालक की जमकर पिटाई कर दी। सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया गया है।

मामला बिगड़ता देख दारोगा जयकिशोर सिंह ने थानेदार सुबोध कुमार मेहता को सूचना दी। इसके बाद थानेदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोग तथा चौकीदार विकास पासवान के प्रयास से पुलिस की गाड़ी की चाबी वापस मिली। दारोगा ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय से उक्त जमीन पर धारा 144 लगी हुई है। इसके बावजूद एक गुट द्वारा उस पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। दारोगा ने बताया कि कुदाल छीनने पर पवन पासवान और सिंधु देवी ने कॉलर पकड़ कर मारपीट शुरू कर दी और वर्दी फाड़ दी।

घायल राजीव रंजन और वीणा देवी ने ग्रामीण पवन पासवान, प्रभु पासवान, सिंधु देवी एवं बिरजू पासवान पर लाठी-डंडे से लैस होकर पिटाई करने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बिरजू पासवान और उसका परिवार धारा 144 का नोटिस रिसीव कर चुका है। इसके बाद भी काम करवा रहे थे। दूसरे गुट के प्रभु पासवान ने बताया कि पुलिस ने आते ही उसके भाई पवन के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। पवन का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया कि जिस पर निर्माण कार्य हो रहा है, वह उसकी निजी जमीन है। दूसरी ओर, राजीव रंजन का कहना है कि दूसरे गुट द्वारा जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

इस मामले में मुशहरी के थानेदार ने बताया कि अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने एसएचओ को पूरी छानबीन करके कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला या बदसलूकी गैरकानूनी गतिविधि है। जो भी इस कांड के दोषी हैं उनके खिलाफ ऐक्शन लिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।