लालू-तेजस्वी की राजद को तोड़ेगी नीतीश की जेडीयू? नीरज फिर बोले- कई बेचैन विधायक संपर्क में
जेडीयू के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने एक बार फिर दावा किया है कि राजद के कई बेचैन विधायक लालू-तेजस्वी की पार्टी छोड़ना चाहते हैं और उनके संपर्क में हैं। इससे बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइडेट (जेडीयू) ने एक बार फिर विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में टूट का दावा किया है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने एक बार फिर कहा कि लालू एवं तेजस्वी की राजद के विधायकों में बेचैनी हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राजद के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। इससे पहले भी नीरज ने कहा था कि लालू-तेजस्वी के 17-18 विधायक एनडीए के संपर्क में हैं। इससे सियासी पारा गर्मा गया है।
जदयू के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोमवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि राजद विधायकों के अंदर काफी बेचैनी है। उन्होंने दावा किया कि राजद के सभी विधायक पार्टी नेतृत्व से खफा हैं। वे वहां से हटना चाहते हैं और हमारे संपर्क में हैं।
पिछले दिनों भी नीरज कुमार ने दावा किया था कि राजद के 17-18 विधायक एनडीए के संपर्क में हैं। बता दें कि इस साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में राजद को करारी हार का सामना करना पड़ा था। तेजस्वी यादव की पार्टी महज 25 सीटों पर सिमट गई थी।
आरजेडी दूसरी ओर जेडीयू की इन अटकलों को खारिज कर रही है। तेजस्वी की पार्टी की ओर से एनडीए में ही टूट का दावा कर दिया गया। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पिछले दिनों जदयू पर पलटवार कर कहा था कि खरमास के बाद बिहार में खेला हो सकता है। इसके अलग-अलग मायने भी निकाले गए थे।
वहीं, आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एनडीए के अंदर बेचैनी का माहौल है। बिहार चुनाव में 202 सीटें जीतने के बाद भी सत्ताधारी गठबंधन में खटपट हो रही है।
दरअसल, हाल ही में एक कार्यक्रम में मांझी ने बगावती तेवर दिखाते हुए उनकी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को राज्यसभा सीट नहीं मिलने पर बेटे संतोष सुमन को बिहार सरकार में मंत्री पद छोड़ने की सलाह दे दी। इस पर भी सियासत गर्माई हुई है।




साइन इन