बंगाल चुनाव से पहले नितिन नवीन को BJP में बड़ा ओहदा क्यों? कार्यकारी अध्यक्ष बनने वाले फर्स्ट बिहारी
बिहार से सटे पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव है। नितिन नवीन की ताजपोशी को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है। बंगाल में बड़ी संख्या में बिहारी वोटर और उनके स्वजातीय कायस्थ मतदाता भी हैं।

भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में बिहार ने लंबी छलांग लगाई है। राज्य के पथ निर्माण और नगर विकास मंत्री और पार्टी के युवा नेता नितिन नवीन को भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। पार्टी की परिपाटी के आधार पर उन्हें संभावित राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। वैसे तो भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा की राजनीति भी बिहार से ही शुरू हुई थी, लेकिन वे मूल निवासी हिमाचल प्रदेश के हैं। इस तरह बिहार भाजपा से किसी नेता को पहली बार संगठन में इतने बड़े ओहदे की जिम्मेवारी मिली है। लंबे अरसे बाद किसी राष्ट्रीय पार्टी की कमान एक बिहारी को सौंपी गई है।
बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत और हिन्दी पट्टी में भाजपा की मजबूत स्थिति का इनाम माना जा रहा है। बिहार से सटे पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव है। नितिन नवीन की ताजपोशी को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है। बंगाल में बड़ी संख्या में बिहारी वोटर और उनके स्वजातीय कायस्थ मतदाता हैं। नितिन नवीन इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रह चुके हैं। वे अनुराग ठाकुर की टीम के सदस्य थे। पार्टी के युवा नेता नितिन नवीन की बिहार विधानसभा चुनाव में भी अहम भूमिका रही। नेताओं के चुनावी कार्यक्रमों के प्रबंधन की जिम्मेवारी उनके पास थी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद तक पहुंचे थे कैलाशपति मिश्र
संगठन में इससे पहले पार्टी के कई वरीय नेताओं को राष्ट्रीय कमेटी में जगह मिली है, लेकिन कोई भी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तक नहीं पहुंच पाए। बिहार भाजपा के भीष्म पितामह कहे जाने वाले कैलाशपति मिश्र पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद तक पहुंचे थे। सुशील कुमार मोदी, रेणु देवी राधामोहन सिंह भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। सांसद रविशंकर प्रसाद भी राष्ट्रीय महामंत्री रह चुके हैं। रविशंकर प्रसाद, राजीव प्रताप रूडी, शाहनवाज हुसैन पार्टी का पक्ष रखने के लिए प्रवक्ता की जिम्मेवारी संभाल चुके हैं। विधान पार्षद संजय मयूख अभी राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी व प्रवक्ता की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। पूर्व विधान पार्षद हरेन्द्र प्रताप पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं, जबकि मौजूदा समय में भाजपा की राष्ट्रीय कमेटी में इकलौते नेता ऋतुराज सिन्हा हैं। ऋतुराज राष्ट्रीय मंत्री के पद पर काम कर रहे हैं।
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति की घोषणा के बाद पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन का भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। वीरचंद पटेल स्थित कार्यालय में रविवार शाम पार्टी नेताओं ने फूलों की माला और गुलदस्ता देकर अपने कार्यकारी अध्यक्ष का अभिनंदन किया। वहीं, प्रदेश कार्यालय परिसर नितिन नवीन जिंदाबाद के नारों से गूंजता रहा।
पिता को किया नमन
पटना के विधायक और बिहार सरकार के मंत्री को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने को सभी के मन में गौरव और सम्मान का भाव दिखा। नवीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने की सूचना मिलते ही पार्टी नेता और समर्थक उनके आवास और पार्टी कार्यालय की ओर कूच करने लगे। नितिन नवीन सबसे पहले अपने आवास पर पहुंचे पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिले। उसके बाद अपने पिता स्व नवीन किशोर सिन्हा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। आवास के बाद वह पार्टी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उनके आने से पहले ही वरिष्ठ नेतागण पार्टी कार्यालय पहुंच गये थे। सभी वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष के लिए फूलों का गुलदस्ता और माला लेकर पहुंचे थे।
स्वागत में खड़े थे दिलीप, मंगल, सम्राट
गाड़ी जैसे ही कार्यालय में पहुंची, नितिन नवीन जिंदाबाद के गगनचुंबी नारे लगने लगे। पार्टी प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नवीन का स्वागत और अभिनंदन किया। विधानसभा चुनाव जीत के बाद यह पहला मौका था, जब पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।




साइन इन