कल भी NDA सरकार रहेगी, बदलाव का भ्रम ना रहे; विजय सिन्हा क्यों कर रहे ऐसी बात?
Vijay Sinha News: बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा उप-मुख्यमंत्री की दूसरी पारी में धारदार बयानबाजी कर रहे हैं। विजय ने मंगलवार को कहा कि बिहार में एनडीए सरकार थी, एनडीए सरकार है और आगे भी एनडीए सरकार ही रहेगी। बदलाव के भ्रम में ना रहें।
दो तिहाई बहुमत से ऊपर वाले जनमत के साथ इस समय जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश के कुमार के नेतृत्व में चल रही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बिहार में कल भी एनडीए की सरकार थी, आज भी एनडीए सरकार है और कल भी एनडीए सरकार ही रहेगी। उन्होंने कहा है कि लोग भ्रम में ना रहें कि कोई परिवर्तन होगा या मुक्ति मिल जाएगी। यह अजीबोगरीब बयान सिन्हा ने हड़ताल कर रहे अंचल पदाधिकारी और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को लेकर दिया है।
202 विधायकों वाले एनडीए की सरकार के भूत, वर्तमान या भविष्य पर कोई संदेह नहीं हैं, सिवाय इसके कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद जब नीतीश सांसद बनकर दिल्ली जाएंगे तो बिहार की राजधानी पटना में भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा। बीजेपी में इस समय सीएम कैंडिडेट की रेस चल रही है। भाजपा का संसदीय बोर्ड किसे राज्य में भाजपा का पहला मुख्यमंत्री बनाएगा, यह देखने वाली बात होगी। सबकी नजर भाजपा संसदीय बोर्ड, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की पसंद पर टिकी है।
बिहार में सोमवार से सभी अंचलाधिकारी (सीओ) और राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इस हड़ताल की वजह से अंचल कार्यालयों में काम ठप हो गया है। विजय सिन्हा इस हड़ताल से निपटने के लिए लगातार चेतावनी भरी बातें कर रहे हैं। सरकार ने पहले से इस्तीफा दे रखे 5 सीओ की चिट्ठी मंजूर कर ली है। सरकार नई बहाली जैसी धमकी भी दे रही है, लेकिन हड़ताल कर रहे अफसरों या कर्मचारियों पर इसका कोई असर अब तक दिख नहीं रहा है।
विजय सिन्हा को संभवतः हड़ताल के पीछे विपक्ष या किसी सरकार विरोधी ताकत के द्वारा फैलाया गया भ्रम नजर आ रहा है। उन्होंने उसी संदर्भ में कहा कि लोग भ्रम में न रहें, कल भी एनडीए की सरकार थी, आज और कल भी एनडीए की ही सरकार रहेगी। परिवर्तन होगा, मुक्ति मिल जाएगी, इस भ्रम में न रहें। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि लोग सीओ और आरओ को भड़काने की कोशिश न करें।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार की जनता के हित में जो काम शुरू हुआ है, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हड़ताल करने वाले सहानुभूति खो रहे हैं, इसलिए ऐसे लोग समय रहते सतर्क हो जाएं। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग बिहार के लिए अभिशाप बन गया था। हड़ताली कर्मचारियों और अधिकारियों को जनहित में काम करने की नसीहत देते हुए सिन्हा ने कहा कि अपनी जिम्मेवारी संभालें। उन्होंने कहा कि काम करने वालों को डराने-धमकाने की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने यह कहा कि जो सीओ काम कर रहे हैं, उन्हें परेशान किया जा रहा है। काम कर रहे लोगों को धमकाने वालों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन