गेहूं-मक्का बर्बाद, पेड़ धड़ाम, ट्रांसफर्मर जमीन पर, 4 मरे; बेमौसम बारिश ने बिहार में तबाही मचा दी
मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, भागलपुर समेत कई जिलों में गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ। वैशाली में तेज हवा से केले की फसल बर्बाद हो गई।

बिहार में बेमौसम बारिश ने तबाही मचा दी। पूर्णिया समेत सीमांचल के इलाके में मक्के की फसल काफी नुकसान हुआ तो गया में पोल टूट जाने के टांसफर्मर जमीन पर गिर गया। मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, भागलपुर समेत कई जिलों में गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ। वैशाली में तेज हवा से केले की फसल बर्बाद हो गई। कई जिलों में पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए। अररिया में घर गिरने से दबकर बच्चे की मौत समेत राज्य भर में चार की मौत हो गई। बाढ़ में ठनका गिरने से एक तार के पेड़ में आग लग गई। मौसम की मार किसानों से लेकर व्यापारियों तक पड़ी है। गर्मी से निजात मिली है लेकिन, अस्पतालों में सर्दी, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
गया में खराब मौसम से फ्लाइट डायवर्ट
खराब मौसम के कारण शुक्रवार की शाम दिल्ली से गया आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की शेड्यूल फ्लाइट को गया एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले वाराणसी एयरपोर्ट डायवर्ट कर लैंडिंग करना पड़ा। तेज हवा और बारिश के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से क्लियरेंस नहीं मिलने पर फ्लाइट को वाराणसी भेजा गया। मौसम में सुधार होने के बाद करीब तीन घंटे की देरी से शाम 7:15 बजे इंडिगो की फ्लाइट गया एयरपोर्ट पहुंची। गया एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि दिल्ली से उड़ान भरकर फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर गया पहुंच गयी थी। लेकिन, खराब मौसम के कारण उसे सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद एटीसी के निर्देश पर फ्लाइट को वाराणसी एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

मुजफ्फरपुर में तैयार गेहूं नष्ट
मुजफ्फरपुर में शुक्रवार की शाम आंधी व बारिश से खेत में तैयार गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। सबसे अधिक गायघाट, कटरा, औराई और हथौड़ी इलाके में नुकसान हुआ है। हथौड़ी के सोहिजन निवासी किसान संजीव कुमार ने बताया कि गेहूं और मक्के की फसल खेत में धराशायी हो गई। मधेपुरा पंचायत के किसान दुर्गा पासवान, बेराई दक्षिणी पंचायत के किसान लखींद्र पासवान ने बताया कि फसल बर्बाद होने से लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।
पूर्णिया में मक्का की फसल को भारी नुकसान
तूफान और बारिश का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। खासकर मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। आम और लीची को भी नुकसान हुआ है। हालांकि मखाना उत्पादक किसान खुश हैं। शुक्रवार रात अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। आंधी इतनी तेज थी कि कई जगहों पर घरों के टीन के छत उड़ गए।

अररिया में ओलावृष्टि ने जिले में मचाई तबाही
शुक्रवार की देर शाम आंधी-तूफान, बारिश व ओलावृष्टि ने जमकर तबाई मचाई। इससे जहां दर्जनों जगहों पर टिन के छतरी उड़ गये वहीं कई कच्ची घर धाराशाई हो गये। इस आंधी तूफान व ओलावृष्टि से सैकड़ो एकड़ में लगे मक्का, दलहन और तेलहन फसल नुकसान हुआ है। आम व लीची मंजर को भी भारी क्षति पहुंची है। शुक्रवार की रात आंधी तूफान के बाद से शहर से लेकर गांव तक विद्युत आपूर्ति सेवा बाधित है। बारिश से अररिया बस स्टैंड झील में तब्दील है। वहीं पलासी प्रखंड मुख्यालय में तेज आंधी में बीएसएनएल का टावर गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गया। इधर आंधी तूफान ने रानीगंज में भी भारी तबाही मचाई। मक्के, गेंहू की फसल को भारी नुकसान हुआ है। रानीगंज के पहुंसरा, कालाबलुवा, विस्टोरिया, हाँसा, पचीरा, बिशनपुर आदि पंचायतों में मक्के की सैकड़ों एकड़ फसल की क्षति हुई है। क्षेत्र में कई लोगों के कच्चे मकान गिरे। देर शाम से बिजली गायब है। कई जगहों पर बिजली के तार टूटे हैं।

बांका में तेज आंधी में उड़ा पंडाल, लाखों का टेंट हाउस धराशायी
बांका के शंभूगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के समीप आयोजित गौ कृपा कथा के दौरान शुक्रवार शाम अचानक आए तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाया गया लाखों रुपए का विशाल टेंट हाउस देखते ही देखते धराशायी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम होते-होते मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवा के साथ आई आंधी ने पंडाल को हिलाना शुरू कर दिया और कुछ ही मिनटों में पूरा टेंट गिर पड़ा। उस समय कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने में जुट गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की सूचना है। टेंट हाउस में लगे कुर्सी, पंखे, लाइट और अन्य उपकरण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे आयोजकों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम कई दिनों से चल रहा था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा सुनने पहुंच रहे थे। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने पूरे आयोजन को प्रभावित कर दिया।
भागलपुर में दहलन, तेलहन तबाह
भागलपुर में शुक्रवार की शाम को तेज आंधी और बारिश के दौरान जिले भर में आम एवं रबी फसल को भारी नुकसान हुआ है। तेज आंधी में आम के मंजर झड़ गए तो जिन पेड़ों में टिकोले आना शुरू हो गया था उसमें भी क्षति हुई है। वहीं मसूर, मटर एवं गेहूं सहित तिलहन फसलों को भी इससे नुकसान हुआ है। दियारा क्षेत्र में मक्के की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर आ रही है। इस बाबत जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर प्रसाद ने बताया कि अभी नुकसान कितना हुआ है इसके लिए तय मानदंडों पर सभी प्रखंडों से जानकारी ली जा रही है। तुरंत यह नहीं बताया जा सकता है कितना नुकसान है। बीएओ इसकी रिपोर्ट देंगे। अगर शनिवार को भी आंधी बारिश तेज होती है तो नुकसान की संभावना होगी
ईद के मौके पर बेतिया में खुशी और उत्साह का माहौल था,वहीं अचानक हुई तेज बारिश ने जश्न के रंग में खलल डाल दिया।सुबह से ही मौसम ने करवट ली और गरज के साथ शुरू हुई बारिश ने लोगों की खुशियों पर पानी फेर दिया।ईद की नमाज के बाद लगने वाले मेले में इस बार दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण कई दुकानों पर ग्राहक नहीं पहुंच सके,जिससे व्यापार प्रभावित हुआ। मिठाई,खिलौने और सजावटी सामान बेचने वाले दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते रहे,लेकिन लगातार होती बारिश के चलते भीड़ नहीं जुट सकी। वहीं ईद के इस खास मौके पर बच्चे नए कपड़े पहनकर बड़े उत्साह के साथ मेले के लिए घरों से निकले थे, लेकिन अचानक शुरू हुई बारिश ने उनकी खुशी फीकी कर दी।




साइन इन