Bihar Flood: बिहार में गंगा नदी फिर लाएगी तबाही, बाढ़ का खतरा मंडराने के बाद अलर्ट जारी
Bihar Flood: बक्सर-पटना में अलर्ट जारी किया गया है। केंद्रीय जल आयोग ने बड़हिया, हाथीदह, मुंगेर, भागलपुर व कहलगांव को आगाह किया है। आयोग की रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले 24 घंटे के अंदर प्रयागराज 91 सेमी, वाराणसी में 49 सेमी, बक्सर में 11 सेमी और दीघा घाट में 6 सेमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
Bihar Flood: बिहार में गंगा का जलस्तर अगले हफ्ते फिर बढ़ा दिखेगा। इस बार पहाड़ों में हो रही बारिश और हथिनी कुंड बैराज के पानी से यमुना में उफान कारण बना है। यमुना का पानी प्रयागराज के पास गंगा में फैल रहा है। जिससे प्रयागराज, नैनी, फाफामाऊ, रामगंगा डबरी आदि प्वाइंट पर जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसका प्रभाव वाराणसी, बक्सर से पटना तक दिखना शुरू हो गया है। वाराणसी में भी चढ़े जलस्तर से बक्सर-पटना में अलर्ट जारी किया गया है। केंद्रीय जल आयोग ने बड़हिया, हाथीदह, मुंगेर, भागलपुर व कहलगांव को आगाह किया है।
आयोग की रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले 24 घंटे के अंदर प्रयागराज 91 सेमी, वाराणसी में 49 सेमी, बक्सर में 11 सेमी और दीघा घाट में 6 सेमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गांधीघाट में जलस्तर स्थिर है। हालांकि हाथीदह, मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर और कहलगांव में गंगा घटने की प्रवृति में है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता आदित्य प्रकाश ने बताया कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि के संकेत हैं। वहीं पीरपैंती में बाढ़ का पानी घटने से लोगों को राहत महसूस हो रहा है। उधर, कहलगांव के ग्रामीण इलाकों में भी यही हाल है।
जीआर राशि से वंचित बाढ़ पीड़ितों ने प्रखंड मुख्यालय में काटा बवाल
इधर इस्माईलपुर पश्चिमी भिट्ठा पंचायत के सैकड़ों बाढ़ पीड़ित महिलाओं व पुरुषों ने जीआर राशि नहीं मिलने पर शनिवार को इस्माईलपुर प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर जमकर बवाल काटा।पंचायत समिति सदस्य डब्लू मंडल, बाढ़ पीड़ित अरविंद कुमार, वार्ड सदस्य प्रह्लाद ठाकुर, बांके बिहारी मंडल, विलास राय आदि ने बताया कि इस्माईलपुर पश्चिमी भिट्ठा पंचायत के 16 वार्डों में से चौदह वार्ड बाढ़ प्रभावित हैं, लेकिन वार्ड नंबर 10 और 11 जो कि बाढ़ से प्रभावित नहीं हैं। इन वार्डों के लोगों को जीआर राशि का भुगतान किया गया।
जबकि वास्तविक बाढ़ पीड़ितों को जीआर राशि का भुगतान अबतक नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि हमारे पंचायत में मुस्लिम आबादी नहीं है, लेकिन मुस्लिम नाम के लोगों को वार्ड तीन और चार से जीआर राशि का लाभ दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि यदि सोमवार तक हमलोगों के खाते में जीआर राशि नहीं आयी तो हमलोग मंगलवार को डीएम कार्यालय का घेराव करने को मजबूर हो जाएंगे।
मुखिया प्रतिनिधि अनिल पोद्दार ने बताया कि पंचायत अनुश्रवण समिति से जीआर राशि हेतु सूची को अनुशंसित कर अंचलाधिकारी को सौंप दिया गया। उक्त सूची के अनुसार जीआर राशि का भुगतान नहीं हुआ है।। अंचलाधिकारी ने बताया कि 2024 की सूची को अपडेट करने के लिए संबंधित मुखिया को उपलब्ध कराया गया था। सूची के अनुसार आपदा प्रबंधन द्वारा जीआर राशि का भुगतान किया गया।




साइन इन