Voter Adhikar Yatra LIVE: गाड़ी पर राहुल और प्रियंका ने निकाली वोटर अधिकार यात्रा, BJP बोली- INDI गठबंधन का टायर पंचर है
Voter Adhikar Yatra LIVE: वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका एक वाहन पर नजर आए। दोनों ही नेता हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी उनके साथ नजर आ रहे थे। सड़क पर वोटर अधिकार यात्रा के बैनर-पोस्टर नजर आ रहे थे।

Voter Adhikar Yatra LIVE: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कराए गए विशेष मतदाता पुनरीक्षण यानी एसआईआर के खिलाफ ‘इंडिया’ की ओर से जारी मतदाता अधिकार यात्रा मंगलवार को सुपौल में हुई। सुपौल और मधुबनी जिले में यात्रा प्रस्तावित थी। वोटर अधिकार यात्रा में प्रियंका गांधी भी नजर आईं। सुपौल में सड़क पर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं का जोश काफी हाई नजर आया।
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका एक वाहन पर नजर आए। दोनों ही नेता हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी उनके साथ नजर आ रहे थे। सड़क पर वोटर अधिकार यात्रा के बैनर-पोस्टर नजर आ रहे थे। महागठबंधन के कई नेता इस यात्रा में नजर आए। इधर बीजेपी ने वोटर अधिकार यात्रा पर महागठबंधन को घेरा है। बीजेपी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि जनता ने एसआईआर के मुद्दे को नकार दिया है औJ INDIA गठबंधन का टायर पंचर हो चुका है।
Voter Adhikar Yatra LIVE -:
Voter Adhikar Yatra LIVE - 14:06 PM - पटना में मार्च के साथ खत्म होगी यात्रा
वोटर अधिकार यात्रा सासाराम से 17 अगस्त को शुरू हुई थी। 16 दिवसीय यात्रा एक सितंबर को पटना में एक मार्च के साथ समाप्त होगी। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में महागठबंधन के नेताओं की यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 13:39 PM - राहुल के साथ एसयूवी में बैठे दिखे तेजस्वी यादव
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाद्रा मंगलवार को अपने भाई और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ बिहार के सुपौल में जारी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के अन्य प्रतिनिधियों के साथ एक एसयूवी में बैठे देखे गए। वाहन धीमी गति से चल रहा था और नेता हाथ हिलाकर उत्साही भीड़ का अभिवादन करते दिखे।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 13: 18 PM - आगे बिहार के इन जिलों में होगी यात्रा
यह यात्रा अब तक गयाजी, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार और पूर्णिया जिलों से होकर गुजर चुकी है। इसके बाद, यह मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण, भोजपुर और पटना जिलों से होकर गुजरेगी।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 13: 00 PM - एसआईआर पर भ्रम फैला रहे राहुल - शाहनवाज हुसैन
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम ( एसआईआर) पर राहुल भ्रम फैला रहे हैं। उनके लिए चुनाव जीतने पर चुनाव आयोग अच्छा और हारने पर बुरा हो जाता है। एसआईआर पर भ्रम फैला कर वे संवैधानिक संस्था के विरुद्ध लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं । एक सर्वे में उन्हें पता चला है कि वे बुरी तरह हारने जा रहे हैं । तभी से वे इस तरह का भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। एनडीए पूरी तरह एकजुट है। चिराग की भी रोशनी एनडीए को मिल रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए इस बार दो सौ से अधिक सीटों पर चुनाव जीतने जा रहा है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 12: 50 PM - राहुल-तेजस्वी के साथ में घूम रहे अर्बन नक्सल : शाहनवाज
मुजफ्फरपुर । भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि राहुल गांधी व तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा फ्लाॅप हो गई है। इस यात्रा में टिकट के इच्छाधारी नेता व उनके कार्यकर्ता ही साथ है। ये नेता एक दूसरे के पोस्टर पर अपना पोस्टर साट रहे हैं । इसके अलावा अर्बन नक्सल लोग उनके साथ घूम रहे हैं। आमलोगों को इस यात्रा से कोई मतलब नहीं है। वे मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 12: 35 PM - INDI गठबंधन का टायर पंचर हो चुका है- दिलीप जायसवाल
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, 'मतदाता ने उनके इस (SIR के)मुद्दे को नकार दिया है। जब उच्चतम न्यायालय इस मामले को देख रही है, उसके बाद राहुल गांधी या INDI गठबंधन द्वारा रोड पर आकर इस बात की चर्चा करना, यह सीधा बताता है कि उनको ना संविधान पर भरोसा है, ना लोकतंत्र पर भरोसा है...INDI गठबंधन का टायर पंचर हो चुका है।'
Voter Adhikar Yatra LIVE - 12: 21 PM - माता जानकी मंदिर में करेंगी पूजा
बिहार चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है। बिहार में दिग्गज नेताओं का जुटान है और महागठबंधन वोटर अधिकार यात्रा कर रहा है। राहुल गांधी के साथ अब उनकी बहन प्रियंका गांधी भी इस यात्रा में शामिल है। सुपौल और मधुबनी में राहुल गांधी के साथ जहां उनकी बहन प्रियंका गांधी होंगी तो वही बुधवार को प्रियंका गांधी का सीतामढ़ी में कार्यक्रम होगा। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को प्रियंका गांधी माता जानकी के मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 11: 57 AM - तेजस्वी यादव बिहार चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरा - दीपांकर भट्टाचार्य
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि ‘‘इस बात के पर्याप्त संकेत हैं’’ कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव बिहार में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’) की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है।
सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में राजद नेता द्वारा स्पष्ट रूप से राहुल गांधी को ‘‘अगला प्रधानमंत्री’’ उम्मीदवार बनाने की वकालत किए जाने के बावजूद, गांधी की ओर से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने में उदासीन रवैये को लेकर किए गए सवाल के जवाब में भट्टाचार्य ने यह टिप्पणी की।
भाकपा (माले) लिबरेशन नेता ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘समझदार लोग इशारों को समझ सकते हैं। अभी कल आपने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को अगल-बगल मोटरसाइकिल चलाते देखा। भले ही ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन समय-समय पर कई संकेत मिलते रहे हैं।’’
Voter Adhikar Yatra LIVE - 11: 23 AM - बिहार कांग्रेस ने शेयर की तस्वीरें
बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के तहत सुपौल में राहुल गांधी मौजूद हैं। बिहार कांग्रेस ने इस यात्रा की कई तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नजर आ रहे हैं। बिहार कांग्रेस ने तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स हैंडल पर लिखा, ' बिहारवासियों के अपार जनसमर्थन के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ जारी है… हम ठान कर निकले हैं- 'वोट चोरी' नहीं होने देंगे, आपका हक नहीं छिनने देंगे।'
Voter Adhikar Yatra LIVE - 11: 05 AM - मधुबनी में यात्रा का होगा ब्रेक
सुबह करीब 9 बजे वोटर यात्रा की शुरुआत हुई। सुपौल में यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महागठबंधन में शामिल नेताओं का जोश काफी हाई नजर आया। मधुबनी के फुलपरास में लंच ब्रेक होगा। शाम 4 बजे यात्रा झंझारपुर से फिर शुरू होगी।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 10: 39 AM - सड़क पर पैदल चल रहे कार्यकर्ता
राहुल गांधी की गाड़ी पर प्रियंका गांधी और तेजस्वी गांधी भी मौजूद थे। अपने चहेते नेता को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा थी। कांग्रेस वर्कर सड़क पर जोश से भरे नजर आ रहे हैंं। कांग्रेस वर्कर लगातार सड़क पर चल रहे हैं।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 10: 24 AM - इंडिया गठबंधन में जबरदस्त उत्साह
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और नेत्री प्रियंका गांधी आज झंझारपुर की सड़कों पर दोनों भाई-बहन एक साथ मिथिलांचल में पहली बार आ रहे हैं। मोहना चौक से लेकर राम चौक होते हुए कन्हौली तक की सड़क पर तमाम जगह स्वागत में पोस्टर बैनर और तोरण द्वार लगे हुए हैं। इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोग भी प्रियंका और राहुल को देखने के लिए काफी उत्साहित है। संभावना है कि झंझारपुर की सड़कों पर जब वह खुली जीप से अथवा पैदल यात्रा करेंगे तो सड़क के दोनों और लोगों का भारी हुजूम दिखेगा।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 10: 17 AM - जदयू को हजम करना चाहती है भाजपा
कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी जदयू को इस चुनाव में निपटाने के फेर में है। जदयू को बीजेपी हजम करना चाहती है। एनडीए में बिखराव शुरू हो गया है। इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 1:30 बजे फुलपरास के सिजोलिया में ओबीसी संवाद होगा। सकरी चौक पर सभा का आयोजन किया जाना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता विजय कुमार चौधरी, प्रशांत राज, भास्कर चौधरी, शाकिर अंसारी, मनोज झा, शुभंकर झा, नरेंद्र झा सहित कई लोग मौजूद थे।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 10: 13 AM - सामाजिक संवाद के बाद यात्रा झंझारपुर के लिए रवाना होगी
वोटर अधिकार यात्रा के तहत सुपौल में दोपहर 3:30 से 4.15 बजे तक सिजौलिया के दुर्गामंदिर परिसर में सामाजिक संवाद है। संवाद के बाद यात्रा मोहना झंझारपुर के लिए रवाना होगी। मोहना रोड से सरिसवपाही रोड राजे चौक से गुजरेगी। वहां से शाम करीब 7:30 बजे सकरी अंदर ब्रिज में ब्रेक होगा। इसके बाद यह यात्रा दरभंगा जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, कृष्णा अल्लावरू प्रभारी, सुशील पासी प्रभारी सचिव, धीरज गुर्जर यात्रा को-ऑर्डिनेटर, तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश साहनी, राम नरेश पांडेय शामिल होंगे। उदय भानु चिब राष्ट्रीय अध्यक्ष यूथ कांग्रेस, अनिल जय हिंद राष्ट्रीय अध्यक्ष पिछड़ा प्रकोष्ठ, अखिलेश यादव पर्यवेक्षक मधुबनी, बलजीत सिंह को-ऑर्डिनेटर आदि शामिल होंगे।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 9: 57 AM - कांग्रेस वर्करों का जोश हाई
सुपौल में वोटर अधिकार यात्रा जारी है। प्रियंका गांधी, राहुल गांधी जैसे दिग्गज कांग्रेस नेता इस यात्रा में मौजूद हैं। सड़क पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम नजर आ रहा है। राहुल और प्रियंका गांधी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी हुई है। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी भी नजर आए हैं। कांग्रेस वर्करों का जोश हाई नजर आ रहा है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 9: 50 AM - सुपौल में राहुल-प्रियंका का रोड शो
वोटर अधिकार यात्रा सुपौल जिले में जारी है। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी सुपौल की सड़क पर रोड शो कर रहे हैं। दोनों ही नेता एक वाहन पर सवार हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं के हाथ में पार्टी के झंडे नजर आ रहे हैं। सड़क पर काफी भीड़ नजर आ रही है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 9: 30 AM - मधुबनी में 74 किलोमीटर की होगी यात्रा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा मंगलवार को मधुबनी पहुंचेगी। इस दौरान जिले में 74 किमी लंबी यात्रा के दौरान कई दिग्गज शामिल होंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबोध मंडल व यात्रा के संयोजक धीरज गुर्जर ने बताया कि मंगलवार की सुबह नौ बजे मधुबनी जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। करीब 12:30 बजे यात्रा फुलपरास के लोहिया चौक पर पहुंचेगी। फुलपरास से करीब छह किलोमीटर दूर झिलमिल ढाबा पर लंच रखा गया है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 9: 17 AM - राहुल की बात सुनने के लिए कार्यकर्ता बेताब हैं - सांसद रंजीत रंजन
वोटर अधिकार यात्रा को लेकर राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने बताया कि यात्रा के सफल आयोजन को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी कार्यकर्ता जोश में भरे हुए हैं। सभी अपने चहेते नेता को देखने, उनसे बात करने और उनकी बातें सुनने को बेताब हैं। राज्यसभा सांसद ने कहा कि सुपौल जिले में डेढ़ लाख लोगों का वोट काट लिया गया है। क्या सत्ता दल या चुनाव आयोग बता सकता है कि ये वोट सुपौल जिले की किस पंचायत, किस टोले और किस प्रखंड के लोगों के वोट हैं। जिनका नाम काट दिया गया है, वह कौन हैं। यही सवाल राहुल गांधी लगातार बिहार में सूची से नाम कटे करीब 65 लाख वोटरों के लिए पूछ रहे हैं।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 9: 00 AM - तेजस्वी के आने से 3 घंटे पहले ही पुलिसवाले रहेंगे तैनात
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगमन को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित लहटन चौधरी सभागार में डीएम सावन कुमार व एसपी सरथ आरएस ने प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को बताया गया कि सुबह आठ बजे राहुल गांधी का आगमन निर्धारित है। उनके आगमन तीन घंटे पूर्व ही सभी की ड्यूटी पर प्रतिनियुक्त रहेंगे। कोई भी बाहरी व्यक्ति हेलीपैड पर प्रवेश नहीं करेगा। जबकि जिला प्रशासन पूरे रूट की वीडियोग्राफी कराएगा।
प्रतिनियुक्त पदाधिकारी विशेषकर लोहिया चौक, महावीर चौक एवं हुसैन चौक पर सतर्कता के साथ डयूटी करेंगे। वहीं अनावश्यक रूप से भीड़-भाड़ नहीं हो, इसका ध्यान रखेंगे। मौके पर अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर इन्द्रवीर कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, भू-अर्जन पदाधिकारी सतीश कुमार रंजन समेत अन्य मौजूद रहे।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 8: 50 AM - राहुल, तेजस्वी की यात्रा में सुरक्षा कड़ी
डिग्री कॉलेज के बाद राहुल गांधी का काफिला मधुबनी जिले के फुलपरास की ओर निकल जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में है। इधर बिहार के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुपौल आगमन को लेकर पूरा जिला प्रशासन अलर्ड मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बीते करीब एक हफ्ते से शहर में वरीय अधिकारियों की एक्सरसाइज चल रही थी। यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस अधिकारी व कर्मियों की तैनाती भी की गई है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 8: 40 AM - सुपौल में वोटर अधिकार यात्रा का रूट चार्ट, पढ़ लें
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हेलीकॉप्टर के माध्यम से जिला मुख्यालय स्थित आईटीआई कॉलेज में बने हेलीपैड पर सुबह नौ बजे पहुंचेंगे। इसके बाद वहां से सड़क मार्ग से हुसैन चौक पहुंचेंगे। हुसैन चौक पर वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत होगी। इसके बाद यात्रा का अगला पड़ाव थाना चौक, महावीर चौक, लोहियानगर चौक, गौरवगढ़ होते हुए डिग्री कॉलेज तक होगा। डिग्री कॉलेज में यात्रा का समापन हो जाएगा।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 8: 25 AM - सुपौल में लगे बैनर-पोस्टर
बता दें कि सत्ता पक्ष व चुनाव आयोग पर मतदाताओं के ‘वोट चोरी’ की बात कह राहुल गांधी बीते 17 अगस्त से बिहार के अलग-अलग जिलों में वोटर अधिकार यात्रा का आयोजन कर लोगों के बीच जा रहे हैं। अभी तक इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव दूसरे जिलों में जा रहे थे, लेकिन पहली बार सुपौल से प्रियंका गांधी भी इस यात्रा में शामिल हो रही हैं। इसको लेकर महागठबंधन के सभी घटक दलों की ओर से यात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है। इधर, पूरे शहर में महागठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधियों ने पोस्टर-बैनर से पाट रखा है। शहर की हृदयस्थली और मुख्य चौराहा लोहियानगर चौक फिलहाल बैनर-पोस्टर से पट चुका है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 8: 14 AM - सुपौल में हुसैन चौक से राहुल गांधी की यात्रा
वोटर अधिकार यात्रा के क्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को सुपौल में रहेंगे। सुपौल में उनकी यात्रा करीब चार किमी तक होगी। जबकि इस यात्रा की शुरुआत सुबह नौ बजे शहर के हुसैन चौक से प्रस्तावित है। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी वोटर अधिकार यात्रा में शामिल रहेंगे।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 8: 10 AM - पटना में महागठबंधन करेगा मार्च
एक सितम्बर को इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा का समापन होना है। पहले इस यात्रा का समापन गांधी मैदान में रैली आयोजित कर होना था। मगर अब इसमें बदलाव होने की संभावना है। गांधी मैदान का आवंटन अब तक नहीं होने से महागठबंधन ने अब गांधी मैदान की गांधी मूर्ति से पटना हाईकोर्ट के समीप बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तक मार्च करने का निर्णय लिया है। आज-कल में गठबंधन की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 8: 00 AM - तय वक्त पर नहीं मिला पैसा- मिथिला हाट प्रबंधक
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान ओबीसी संवाद का स्थान बदले जाने को लेकर मिथिला हाट के प्रबंधक रोशन कुमार ने बताया कि कांग्रेस के लोग एस्टीमेट के अनुसार तय समय पर पैसे का भुगतान नहीं कर सके। इस कारण 26 अगस्त को मिथिला हाट का हॉल दूसरे को दे दिया गया।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 7: 50 AM - ओबीसी संवाद का स्थान बदला
झंझारपुर। राहुल गांधी के वोट अधिकार यात्रा के दौरान ओबीसी संवाद कार्यक्रम अब मिथिला सिजोलिया दुर्गा स्थान प्रांगण में होगा। कांग्रेस नेता व पूर्व एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम की सफलता से घबरा चुकी है। इसी कारण मिथिला हाट प्रबंधन ने ओबीसी संवाद कार्यक्रम के लिए हॉल की बुकिंग नहीं दी। उन्होंने कहा कि दरभंगा के जीबछ घाट के हाई स्कूल मैदान में होने वाले कार्यक्रम को भी प्रशासन ने रद्द कर दिया है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 7: 40 AM -मधुबनी में पहली बार राहुल-प्रियंका एक साथ
मधुबनी में पहली बार एक साथ राहुल व प्रियंका के आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। यात्रा को लेकर महागठबंधन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। यात्रा के गुजरने के तमाम रास्तों में पोस्टर-बैनरों से पाट दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर एसपी योगेन्द्र कुमार ने पूरे रूट का जायजा लिया है।
Voter Adhikar Yatra LIVE - 7: 35 AM - वोटर अधिकार यात्रा में होगा सामाजिक संवाद
मधुबनी जिले में फुलपरास से करीब छह किलोमीटर दूर झिलमिल ढाबा पर लंच रखा गया है। वहीं, 3:30 से 4.15 बजे तक सिजौलिया के दुर्गामंदिर परिसर में सामाजिक संवाद है। संवाद के बाद यात्रा मोहना झंझारपुर के लिए रवाना होगी। मोहना रोड से सरिसवपाही रोड राजे चौक से गुजरेगी। वहां से शाम करीब 7:30 बजे सकरी अंदर ब्रिज में ब्रेक होगा। इसके बाद यह यात्रा दरभंगा जिले में प्रवेश करेगी।




साइन इन