पटना के दीघा घाट पर गंगा में नहाते 2 युवक डूबे, परिजनों ने किया हंगामा; SDRF की तलाश जारी
परिजन मरीन ड्राइव पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। सड़क जाम करने की कोशिश की लेकिन दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर हटवाया। SDRF की टीम को बुलाया गया है जो गोताखोरों के साथ मिलकर युवकों की तलाश में जुटी है।

पटना में दो युवक गंगा नदी में डूब गए। दीघा थाना क्षेत्र में रविवार को गंगा नदी में नहाने के क्रम में दो युवक डूबे। दोनों युवक नवरात्र पूजा के लिए मिट्टी लेने गंगा किनारे पहुंचे थे। नहाने के दौरान गहराई में जाने से हादसा हुआ। डूबने वाले युवकों की पहचान गर्दनीबाग निवासी सुमित कुमार और गौतम कुमार के रूप में हुई है। एसडीआरएफ उनकी तलाश कर रही है
घटना के बाद परिजन आक्रोशित होकर मरीन ड्राइव पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। परिजनों ने सड़क जाम करने की कोशिश की लेकिन दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम हटवाया। सूचना मिलने पर SDRF की टीम को बुलाया गया है, जो अपने गोताखोरों के साथ मिलकर युवकों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक सुमित भागलपुर में जॉब करते थे। नवरात्र के लिए वह छुट्टी लेकर घर आए थे। वह अपने दोस्त बंटी के साथ पूजा की मिट्टी और गंगा जल लेने मरीन ड्राइव पर गए थे। इसी दौरान नहाते हुए यह हादसा हो गया। दो घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया गया। इसी बात से परिजन आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे।पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
परिवार के लोग भी स्थानीय गोताखोर की मदद से खोजबीन में लगे हैं। खबर लिखे जाने तक युवकों का पता नहीं चल पाया है। त्योहारी माहौल में इस घटना से परिवार के लोग और भी विचलित हैं। घाट पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। समय बीतने के साथ परिजनों का उम्मीद टूटती जा रही है।




साइन इन