Two people going in wedding procession died in road accident had lost their way बारात में जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, बाइक से रास्ता भटक गए थे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बारात में जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, बाइक से रास्ता भटक गए थे

छपरा-मुजफ्फरपुर हाइवे पर एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। वे बारात में शामिल होने जा रहे थे और रास्ता भटक गए थे।

Mon, 12 May 2025 04:43 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, भेल्दी (छपरा)
share
बारात में जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, बाइक से रास्ता भटक गए थे

बिहार के सारण जिले के भेल्दी में एक ही बाइक पर सवार होकर बारात में जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर रेवा पुल के पास रविवार की रात को हुआ। मृतकों में भेल्दी थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह का पुत्र अमित कुमार सिंह (20) एवं आनंदी सिंह का पुत्र सुभाष कुमार सिंह (20) शामिल है। दोनों मकेर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रात में वे रास्ता भटक गए थे, जिसके बाद उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार द।

मिली जानकारी के अनुसार रास्ता भटकने के बाद अमित और सुभाष बाइक को लेकर रेवा पुल से आगे बढ़ने लगे। तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। राहगीरों ने उन्हें लहुलुहान अवस्था में बाइक के नीचे दबने की सूचना पुलिस को दी। सरैया थाने की पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल भेज दिया।

घर में मचा कोहराम

अमित और सुभाष की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों पर कोहराम मच गया। अमित की मां पुष्पा देवी अपने बेटे का शव देखते ही बेहोश बेसुध होकर गिर पड़ी। वह जब भी होश में आती हैं, अपने बेटे के शव से लिपटकर रोने लगती हैं। भाई जितेंद्र कुमार सिंह, धनंजय सिंह एवं सुमित कुमार सिंह दहाड़ मारकर रोते नजर आए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:11 हजार वोल्ट के तार में सटी बस, 2 की मौत 17 झुलसे; बिहार में कहां हुआ हादसा

वहीं मृतक सुभाष कुमार सिंह के घर भी चीख-पुकार मची हुई है। सुभाष की मां पार्वती देवी अपने बेटे की मौत के गम में छाती पीट-पीटकर रोने लगी। भाई उमेश कुमार सिंह, बहन रूबी, रूपा एवं प्रियंका कुमारी के आंखों से भी आंसू सूखने का नाम नहीं ले रहे थे। पिता आनंदी सिंह बेसूध पड़े नजर आए। कटसा पंचायत के मुखिया गौतम कुमार साह, पैक्स अध्यक्ष संतोष कुमार राय, बीडीसी प्रतिनिधि पिंटू राय, हाला सिंह ने मृतक के परिजन को ढाढस बंधाते हुए सांत्वना दी।

जाना था हसनपुरा और रास्ता भटककर मुजफ्फरपुर की ओर निकल गए

बाइक सवार अमित कुमार सिंह एवं सुभाष कुमार सिंह अगर रास्ता नहीं भटकते तो दोनों की मौत शायद नहीं होती? वे हसनपुरा गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। मगर एनएच 722 के सहारे रेवा पुल से आगे बढ़ने लगे जहां अनियंत्रित वाहन ने दोनों को रौंद दिया। बाइक सवार को रौंदने के बाद चालक फरार हो गया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।