कटिहार में नीतीश कुमार के कार्यक्रम की तैयारी में जुटे दो मजदूरों की मौत, रौंदकर चली गई स्कॉर्पियो
कटिहार जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम की तैयारी में जुटे दो मजदूरों को स्कॉर्पियो गाड़ी ने टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने हाइवे जाम कर दिया।

बिहार के कटिहार जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे दो मजदूरों की शुक्रवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा एनएच-31 पर विषहरी स्थान के पास हुआ। सड़क किनारे काम कर रहे दो मजदूरों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने रौंद दिया। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने हाइवे जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कटिहार जिले के समेली में शनिवार को कार्यक्रम प्रस्तावित है। लगभग 40 मजदूर सीएम के कार्यक्रम की तैयारी के काम में लगे हुए थे। इनमें से कुछ लोग हाइवे के किनारे बांस का घेरा लगाने का काम कर रहे थे। इसी बीच कुरसेला की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो मजदूरों को कुचल दिया और डुमर की ओर फरार हो गई।
घटना के बाद साथी मजदूरों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रैक्टर एवं बांस का बल्ला लगाकर एनएच-31 को जाम कर मुआवजे की मांग शुरू कर दी। इससे करीब 2 घंटे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। सूचना मिलने पर पर कुरसेला सीओ अनुपम, समेली सीओ और थानाध्यक्ष राकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया। पुलिस ने फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक मजदूर कटिहार और हाजीपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ।




साइन इन