thunderstorm and rain alert in 18 district of bihar due to Western Disturbance and Moist Air from way of bengal weather Bihar Weather: पश्चिम विक्षोभ का असर, बिहार के 18 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट; आगे कैसा रहेगा मौसम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: पश्चिम विक्षोभ का असर, बिहार के 18 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट; आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: मौसम के बदलते मिजाज से लोग बेहाल हैं। कभी तेज धूप शरीर को झुलसा रही है, तो कभी ठंडी हवाओं के प्रवाह से मौसम सुहाना हो जा रहा है। हर 24 से 48 घंटे में मौसम का रंग बदल रहा है। इसका सीधा असर अधिकतम तापमान पर पड़ रहा है।

Mon, 4 May 2026 06:32 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, पटना
share
Bihar Weather: पश्चिम विक्षोभ का असर, बिहार के 18 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट; आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवा और पश्चिम विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार आठ मई तक बिहार के मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। इस दौरान पटना सहित कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ आंधी-पानी की चेतावनी है। सोमवार को पटना सहित आसपास इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा के आसार है। बिहार के उत्तरी भागों के 18 जिलों में आंधी-पानी के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की गति 50-60 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार है।

रविवार को पटना सहित आसपास इलाकों में सुबह के समय काले बादल छाए रहने एवं ठंडी हवा के कारण मौसम सामान्य बना रहा। मोतिहारी, बेतिया, बेगूसराय, सीवान, गोपालगंज, सहरसा, छपरा आदि भागों में आंधी-पानी के साथ वर्षा से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मोतिहारी में 7.0 मिमी, मधेपुरा में 0.5 मिमी, समस्तीपुर के पूसा में 6.0 मिमी, वैशाली में 4.0 मिमी, सिवान के जीरादेई में 7.5 मिमी, मुंगेर में 1.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई।

पश्चिम चंपारण के योगपट्टी में 8.4 मिमी, औरंगाबाद के ओबरा में 1.2 मिमी, फारबिसगंज में 1.0 मिमी, गयाजी के इमामगंज में 1.0 मिमी, भभुआ के चैनपुर में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, मौसम में बदलाव आने के साथ पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 36.6 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। रविवार को मधुबनी, शेखपुरा, सबौर, सुपौल और पूर्णिया को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

पटना में अधिकतम पारे की 10 दिनों से उछलकूद

मौसम के बदलते मिजाज से लोग बेहाल हैं। कभी तेज धूप शरीर को झुलसा रही है, तो कभी ठंडी हवाओं के प्रवाह से मौसम सुहाना हो जा रहा है। हर 24 से 48 घंटे में मौसम का रंग बदल रहा है। इसका सीधा असर अधिकतम तापमान पर पड़ रहा है। बीते दस दिनों से पटना के अधिकतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। कभी बारिश, कभी तेज धूप और कभी लू के बाद पुरवा बयार की ठंडक राजधानी में मौसम के सभी रंग नजर आ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कम अंतराल पर तापमान में इस तरह का बदलाव कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को विशेष परेशान करता है। शरीर मौसम के इस बदलाव के साथ सामंजस्य नहीं बिठा पा रहा है। ऐसे में वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

पछुआ पर हावी पुरवा: बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आ रही हवाएं अभी प्रभावी हैं। आठ-नौ दिन पहले तक पटना सहित सूबे के अधिकांश जिलों में पछुआ हवा का असर था। हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश और सूबे के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण तापमान में क्रमिक गिरावट दर्ज की गई। दस दिनों में पटना के अधिकतम तापमान में करीब 11 डिग्री तक की कमी आई है। मौसमविदों के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री तक उतार-चढ़ाव संभव है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।