अभी तो चुनाव शुरू हुआ है, आगे देखिए... तेजस्वी के नौकरी वादे पर क्या बोले तेज प्रताप
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के ऐलान के बाद तेजस्वी यादव ने हर घर को सरकारी नौकरी देने का वादा किया। इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि चुनाव अभी शुरू ही हुआ है, देखते हैं आगे क्या होता है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बजते ही आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने युवाओं के रोजगार पर बड़ा दांव खेला है। उन्होंने घोषणा की है कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो राज्य के हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। यह तेजस्वी का चुनावी ऐलान के बाद पहला बड़ा वादा है, जिससे उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर फिर से अपनी पकड़ मजबूत करने का इशारा दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने कहा, “जब पिछली सरकार हमारी योजनाओं की नकल कर रही थी, तब मैंने साफ कहा था कि अब हम चुनाव के बाद ही अपने वादे सामने रखेंगे। अब वक्त है बिहार के युवाओं को उनका हक देने का।”
अभी चुनाव की शुरुआत है: तेज प्रताप यादव
तेजस्वी यादव के इस वादे पर उनके बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने संयमित प्रतिक्रिया दी है। पटना में पत्रकारों से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा, “चुनाव की अभी शुरुआत है। देखिए, आगे क्या होता है। अभी इस पर कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी।”
रोजगार बनेगा चुनावी एजेंडा
तेजस्वी यादव लगातार बेरोजगारी को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर घर में सरकारी नौकरी सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि बिहार के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में ठोस कदम है। उनका कहना है कि रोजगार देने से न केवल युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि परिवारों की आमदनी और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
क्या इस वादे से मजबूत होगी तेजस्वी की सीएम दावेदारी?
तेजस्वी यादव ने जिस तरह बेरोजगारी पर ध्यान केंद्रित किया है, उससे वे एक बार फिर रोजगार देने वाले नेता की छवि को पुख्ता करने में जुट गए हैं। अब देखना यह होगा कि ‘हर घर में सरकारी नौकरी’ का यह वादा जनता को कितना लुभाता है और क्या यह तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद की ओर एक कदम और आगे बढ़ा पाएगा।




साइन इन