सीएम चेयर के खेल में... सिर काटकर हत्या-मॉब लिंचिंग पर तेजस्वी ने नीतीश, मोदी दोनों को लपेटा
तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार के भयावह हालात हैं। अररिया जिले के फारबिसगंज में एक शख़्स ने सरेआम बीच बाजार दूसरे शख्स का गला काट दिया और सैकड़ों लोगों के बीच उसका सिर लेकर घूमता रहा।

बिहार के अररिया में गुरुवार हृदय विदारक खूनी वारदात का गवाह बना। एक सत्तू विक्रेता ने मामूली विवाद में एक पिकअप चालक का सिर धारदार हथियार से काटकर धड़ से अलग कर दिया। उन्मादी भीड़ ने उसके बाद आरोपी सत्तू विक्रेता को घर से खींच कर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद सड़कों पर ऐसा बवाल मचा कि एसपी को खुद हैलमेट और लाठी से लैस होकर सड़क पर उतड़ना पड़ा। इस पर राजनीति शुरू हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर डबल इंजन सरकार पर हमला बोला है।
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार के भयावह हालात हैं। अररिया जिले के फारबिसगंज में एक शख़्स ने सरेआम बीच बाजार दूसरे शख्स का गला काट दिया और सैकड़ों लोगों के बीच उसका सिर लेकर घूमता रहा। बाद में मृतक के परिजनों ने हत्या करने वाले को ढूंढ़कर उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस भी कानून व्यवस्था को संभालने की जगह जान बचाती दिखी।
उन्होंने कहा है कि महाचौपट राज की इससे बड़ी तस्वीर क्या हो सकती है? यह घटना साफ दिखा रही है कि बिहार में कानून व्यवस्था किस हद तक बदहाल हो चुकी है। सत्ताधारी भाजपा-जदयू के नेता सीएम चेयर के खेल में लगे हैं और बिहार में हर दिन लूट, हत्या, अपराध और बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिनदहाड़े सरेआम हत्याएं हो रही हैं और कानून का जरा भी डर नहीं है। बालू-दारू में मस्त-व्यस्त और पस्त एनडीए शासन के कारण बिहार की आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बिहार में एनडीए राज नहीं, महाचौपट राज है। नरेंद्र मोदी पाँच साल बाद चुनावों में आकर फिर भी जंगलराज का बेसुरा राग गायेंगे। और एक बात सिर काट कर घूमने का दृश्य अभी हाल ही में आई प्रोपगंडा फ़िल्म का दृश्य था, भाजपा सरकार अपने प्रोपेगेंडे के लिए जो ज़हर समाज में भर रही है ये भी दिल दहलाने वाला है। ज़हर की खेती का खामियाजा अब दिखना शुरू हो चुका है।




साइन इन