Tejashwi Yadav to launch Operation Clean will sit at RJD office Bihar chief to be changed ऑपरेशन क्लीन चलाएंगे तेजस्वी यादव, RJD दफ्तर में खुद बैठेंगे; बिहार अध्यक्ष भी बदलेगा?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

ऑपरेशन क्लीन चलाएंगे तेजस्वी यादव, RJD दफ्तर में खुद बैठेंगे; बिहार अध्यक्ष भी बदलेगा?

बिहार विधानसभा चुनाव में हार से सबक लेते हुए आरजेडी में कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। तेजस्वी यादव ऑपरेशन क्लीन चलाकर पार्टी के भितरघाती और निष्क्रिय नेताओं पर कार्रवाई करेंगे। वह खुद पार्टी दफ्तर में नियमित रूप से बैठेंगे।

Mon, 19 Jan 2026 09:58 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
ऑपरेशन क्लीन चलाएंगे तेजस्वी यादव, RJD दफ्तर में खुद बैठेंगे; बिहार अध्यक्ष भी बदलेगा?

बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को मिली करारी हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ऐक्शन में आ गए हैं। तेजस्वी अपनी पार्टी में ऑपरेशन क्लीन चलाएंगे। इसके तहत प्रदेश से लेकर जिला और प्रखंड स्तरीय समितियां भंग कर दी जाएंगी। फिर नए सिरे से इसमें पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा तेजस्वी यादव खुद नियमित रूप से आरजेडी के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में बैठेंगे और पार्टी की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा बिहार में आरजेडी का अध्यक्ष भी बदले जाने की चर्चा है। मंगनीलाल मंडल की जगह किसी युवा नेता को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी जा सकती है।

तेजस्वी यादव ने हाल ही में पार्टी के वरीय नेताओं के साथ बैठक की। इसमें यह तय हुआ कि संगठन की सभी कमिटी को भंग किया जाएगा। नई कमिटी में सभी जाति एवं धर्म के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह फैसला विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद संगठन को और प्रभावी एवं धारदार बनाने की दिशा में कदम माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल के स्वास्थ्य को देखते हुए नए और ऊर्जावान नेता को बिहार में पार्टी की कमान सौंपने पर विचार चल रहा है। संभावना है कि 25 जनवरी को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस पर औपचारिक रूप से निर्णय ले लिया जाए।

300 भितरघातियों पर होगा ऐक्शन

इसके अलावा, चुनाव के ठीक पहले पार्टी से बगावत करने वालों की सूची प्रदेश राजद अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सौंप दी है। पार्टी ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई करेगी। ऐसे लगभग 300 लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। साथ ही प्रदेश राजद कार्यालय में आधा दर्जन से अधिक लोगों को चिह्नित किया गया है जो दल के अनुशासन को लगातार भंग कर रहे हैं। इन लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेजस्वी के हाथ RJD की कमान? कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की चर्चा तेज

प्रदेश कार्यालय में आने वालों को अकारण बैठने की इजाजत नहीं दी जाएगी। लगभग तीन दर्जन नेता सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी पोस्ट करते रहे हैं। इन नेताओं को भी चिह्नित किया गया है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरजेडी के निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान कर उनको कमिटी से बाहर निकाला जाएगा। उन नेताओं के खिलाफ भी पार्टी कार्रवाई करेगी, जो चुनाव के दौरान सक्रिय भूमिका में नहीं रहे।

तेजस्वी खुद बैठेंगे कार्यालय में

तेजस्वी पर आम लोगों की पहुंच से दूर होने का आरोप लगता रहा है। अब वे खुद प्रदेश आरजेडी कार्यालय में नियमित तौर पर बैठेंगे। प्रदेश कार्यालय में घटित होने वाली तमाम गतिविधियों पर वे खुद नजर रखेंगे। अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी का मानना है कि तेजस्वी के चेहरे पर बिहार के एक करोड़ 90 लाख लोगों ने अपना मत राजद और महागठबंधन को दिया है। लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए राजद जनहित के मुद्दों पर और आक्रामक रुख अपनाएगा। सड़क से लेकर सदन तक जोरदार तरीके से जनता के मुद्दों को उठाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।