Tejashwi Yadav says Seemanchal roadmap ready will remove plight when come in power महागठबंधन सरकार आई तो सीमांचल विकास प्राधिकरण बनाएंगे; तेजस्वी यादव का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

महागठबंधन सरकार आई तो सीमांचल विकास प्राधिकरण बनाएंगे; तेजस्वी यादव का ऐलान

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने किशनगंज में गुरुवार को कहा कि सीमांचल के विकास के लिए उनका रोडमैप तैयार है। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है तो इसे तुरंत लागू कर दिया जाएगा।

Thu, 19 Dec 2024 07:17 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, वरीय संवाददाता, किशनगंज
share
महागठबंधन सरकार आई तो सीमांचल विकास प्राधिकरण बनाएंगे; तेजस्वी यादव का ऐलान

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सह राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि सीमांचल का रोडमैप तैयार है। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो इस क्षेत्र के विकास के लिए सीमांचल डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीमांचल विकास प्राधिकरण) का गठन करेंगे। ताकि सीमांचल के सभी जिलों का समुचित विकास हो सके और यहां से निर्धनता, बदहाली, बाढ़, बेरोजगारी सहित सभी समस्याएं दूर हो सकें। उन्होंने कहा कि सीमांचल में गरीबी, बेरोजगारी और पलायन बड़ा मुद्दा है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को आरजेडी कार्यकर्ताओं के संवाद के क्रम में किशनगंज पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो वृद्धा पेंशन को 400 से बढ़ाकर 1500 रुपये किया जाएगा। 200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किशनगंज में एएमयू का मामला भी अब तक लटका हुआ है। महिलाएं सबसे ज्यादा महंगाई की मार झेल रही हैं। स्मार्ट मीटर और जमीन सर्वे से लोग परेशान हैं।

तेजस्वी ने आगे कहा कि अपनी यात्रा में वे आरजेडी कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद के साथ ही जनता की समस्याओं से भी अवगत हो रहे हैं। उनके फीडबैक के आधार पर ही माई-बहिन मान योजना बनाई गई है। सरकार बनने के एक माह के अंदर इस योजना को लागू किया जाएगा और इसके तहत मां-बहनों को 2500 रुपये प्रतिमाह की राशि दी जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:17 महीने में कमाल, अब दीजिए पूरे पांच साल; तेजस्वी की माई-बहिन मान योजना पर पोस्

बता दें कि बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। मुस्लिम बाहुल्य सीमांचल इलाके पर आरजेडी समेत अन्य सभी दलों का खास फोकस है। 2020 के चुनाव में सीमांचल के चार जिलों (अररिया, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया) की 24 विधानसभा सीटों में से आरजेडी को महज एक सीट पर जीत मिल पाई थी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।