बारात में चिराग का गाना बजाया तो तेजस्वी के समर्थक भड़के, बिहार में शादी में जमकर चले ईंट- पत्थर
शादी समारोह के दौरान चिराग पासवान का गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। विवाद होते होते लोगों के बीच पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

Bihar Crime News: शादी का मौका था। राजेश पासवान के घर से बेटे की बारात निकलने से ठीक पहले बिलौकी की रस्म अदा की जा रही थी। डीजे की धुन पर पुरुष, महिलाएं और बच्चे डांस का आनंद ले रहे थे। डीजे पर केंद्रीय मंत्री सह लोजपा आरवी के सुप्रीमो चिराग पासवान के समर्थन वाला गाना बज रहा था। तभी महिलाओं की भीड़ पर पत्थर बरसने लगे।
घटना बिहार के वैशाली जिसे के बिंदुपुर थाने के कठौलिया गांव की है जहां एक शादी समारोह के दौरान चिराग पासवान का गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। विवाद होते होते लोगों के बीच पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और पांच लोगों को हिरासत में लिया। पत्थर चलाने का आरोप राजद नेता तेजस्वी यादव के समर्थकों पर है जो यादव समाज से ताल्लुक रखते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कथौलिया बांध के पास राजेश पासवान के बेटे पिंटू कुमार की शादी की बारात निकलने से पहले हुई। 'बिलौकी' की रस्म के दौरान चिराग पासवान का एक गाना बजाया गया, जिस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति व्यक्त की। गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई। दूसरे समुदाय के लोगों ने बारात को आगे बढ़ने से रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने दूल्हे सहित अन्य बारातियों को सुरक्षित आगे निकलवाया। इस पथराव में कई लोग चोटिल हुए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आईं। इधर लोग घंटों मामले के सुलह को लेकर थाने पर जमे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए और लोग अपनी-अपनी ओर से पत्थर चलाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की निगरानी में देर शाम को बारात निकाली गई।
शादी समारोह में आई महिला मुंद्रिका देवी ने रोते हुए बताया कि डीजे के साथ केवल महिलाएं थीं। पासवान का गाना बज रहा था। तभी यादव समाज के कुछ उपद्रवी तत्व ईंट, पत्थर, ढेला से मारने लगे। सबने कहा कि इसमें सिर्फ महिलाएं औैर बच्चे हैं लेकिन, कोई शांत नहीं हुआ। उसके बाद मोबाइल से फोन करके परिजनों को जानकारी दी। जब सब लोग जुटे तो पत्थर चलाना बंद किया। कुछ युवकों ने महिलाओं का जेवर छीनने की कोशिश की। ग्रामीण रमेश पासवान ने बताया कि जब भी पासवान टोला से बारात निकलती है तो यादव टोला के लोग मारपीट करते हैं। उधर लालू यादव का गाना बजता है तो हम लोग कुछ नहीं बोलते हैं। लेकिन, इधर चिराग पासवान का बजता है तो हमेशा वे लोग लड़ाई करते हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस गश्त तेज कर दी गयी है।




साइन इन