Tejashwi Mahagathbandhan Election Manifesto RJD Congress CPI ML VIP MGB alliance announce promises Mahagathbandhan Manifesto Highlights: महागठबंधन के 'तेजस्वी प्रण' में क्या-क्या चुनावी वादे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Mahagathbandhan Manifesto Highlights: महागठबंधन के 'तेजस्वी प्रण' में क्या-क्या चुनावी वादे

Mahagathbandhan Manifesto Highlights: पटना के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव का साझा घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसे तेजस्वी प्रण पत्र नाम दिया गया है। इसमें राजद, कांग्रेस समेत अन्य घटक दलों के नेता मौजूद रहे। 

Tue, 28 Oct 2025 06:31 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
Mahagathbandhan Manifesto Highlights: महागठबंधन के 'तेजस्वी प्रण' में क्या-क्या चुनावी वादे

Mahagathbandhan Manifesto Highlights: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन का घोषणा पत्र जारी हो गया है। महागठबंधन की ओर से पटना के होटल मौर्या में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी घटक दलों के नेताओ ने मिलकर महागठबंधन का साझा मेनिफेस्टो जारी किया। इसका नाम तेजस्वी प्रण पत्र रखा गया है। इसमें तेजस्वी यादव की माई बहिन योजना, हर घर सरकारी नौकरी, 200 यूनिट मुफ्त बिजली के वादों के अलावा कुछ नई घोषणाएं भी शामिल हैं। राजद, कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेता मिलकर इस घोषणा पत्र जारी किया। इससे पहले दोपहर में मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन के सीएम फेस की घोषणा के बाद अब साझा चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जा रहा है, यह 'तेजस्वी प्रण पत्र' होगा।

महागठबंधन के घोषणा पत्र से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स यहां पढ़ें-

05:45 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE- महागठबंधन के घोषणा पत्र में और क्या वादे

  • 200 यूनिट मुफ्त बिजली
  • माइक्रो फाइनेंस कंपनियों पर लगाम के लिए नियामक कानून बनेगा
  • सहारा इंडिया के निवेशकों को पैसा वापस दिलाने के लिए एसआईटी बनेगी
  • हर व्यक्ति का 25 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज होगा
  • प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म मुफ्त और एग्जाम फीस माफ होगी
  • परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी
  • पेपर लीक पर कठोर कानून बनेगा
  • 8वीं से 12वीं तक के गरीब छात्रों को मुप्त टेबलेट मिलेगा
  • बिहार में हर 70 किलोमीटर पर एक कॉलेज-यूनिवर्सिटी होगी

05:37 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE- दिव्यांग पेंशन 3000 रुपये होगी

तेजस्वी प्रण पत्र में वादा किया गया है कि महागठबंधन की सरकार बनने पर बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत विधवा और वृद्धजनों को 1500 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। इसमें हर साल 200 रुपये की बढ़ोतरी भी की जाएगी। वहीं, दिव्यांगों की पेंशन इनसे दोगुनी होगी, उन्हें हर महीने 3000 रुपये मिलेंगे।

05:34 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE- महिलाओं को 5 साल तक हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे

महागठबंधन का वादा है कि सत्ता में आने पर 1 दिसंबर से माई-बहिन मान योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, और अगले 5 वर्षों तक प्रतिवर्ष 30,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।

05:30 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE- पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी

महागठबंधन ने वादा किया है कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनने पर बिहार में पुरानी पेंशन योजना (OPS Scheme) को बहाल किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा।

05:27 PM Mahagathbandhan Manifesto Live- रोजगार और उद्योगों पर क्या प्लान

महागठबंधन के मेनिफेस्टो में बिहार में उद्योग और रोजगार पैदा करने के लिए आईटी पार्क, स्पेशल इकोनॉमिक जोन, डेयरी-बेस्ड इंडस्ट्री, ग्रीन-बेस्ड इंडस्ट्री, स्वास्थ्य सेवा, कृषि उद्योग, फूड प्रोसेसिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण और पर्यटन के क्षेत्रों में कौशल-आधारित रोजगार का सृजन करने का वादा किया गया है।

05:25 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- जीविका दीदियों को भत्ता, संविदा कर्मी परमानेंट होंगे

जीविका दीदियों को अन्य कार्यों को पूरा करने के लिए हर महीने 2000 रुपये भत्ता भी दिया जाएगा। साथ ही सरकार में काम कर रहे सभी संविदा कर्मी और आउट सोर्सिंग पर काम करने वाले कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा।

05:23 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- जीविका दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिलेगा

महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र में कहा गया है कि जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा। उनका वेतन ₹30,000 प्रतिमाह निर्धारित किया जाएगा। उनके द्वारा लिए गए लोन पर ब्याज माफ कर दिया जाएगा।

05:20 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- 20 दिनों के भीतर हर घर सरकारी नौकरी देने का कानून बनेगा

महागठबंधन के मेनिफेस्टो में वादा किया गया है कि सरकार बनने के 20 दिन के भीतर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के के लिए अधिनियम लाया जाएगा। फिर 20 महीने के भीतर युवाओं को सरकारी नौकरी मिलना शुरू हो जाएगी।

05:14 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- तेजस्वी बोले- हम झूठे और टूटे-फूटे वादे नहीं करते हैं

तेजस्वी यादव ने कहा झूठे, टूटे-फूटे वादे नहीं करते हैं। जो कहते हैं वो करते हैं, जो कह रहे हैं, वो करेंगे। कुछ दिनों में हम बताने जा रहे हैं कि कैसे नौकरियां मिलेंगी। 2020 में वही लोग बोलते थे कि कैसे होगा और क्या होगा। जिस परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है, उसे हम एक जॉब देंगे। यह संभव होने वाला है। इस पर किसी को असमंजस की स्थिति नहीं रखनी चाहिए।

05:14 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- तेजस्वी बोले- अफसर ईमानदारी से चुनाव कराएं

तेजस्वी यादव ने चुनाव में लगे अफसरों को सलाह देते हुए कहा कि जिन लोगों ने संविधान की शपथ ली है, बिहार को उपनिवेश मत बनने दीजिए। वोट की चोरी मत कीजिए। तानाशाही मत कीजिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अफसरों को कहा गया है कि महागठबंधन का मजबूत बूथ पर स्लो पोलिंग कराया जाए। छल, कपट की नीति बिहार की जनता इस बार चलने नहीं देगी। अपने वोट की रक्षा करेगी. बेईमानी नहीं चलने देगी। अधिकारी ईमानदारी से चुनाव कराएं, पक्षपात ना करें।

05:12 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- तेजस्वी यादव बोले- एनडीए के पास कोई विजन नहीं

तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन ने अपने सीएम कैंडिडेट की घोषणा कर दी है। मगर एनडीए ने अभी तक आधिकारिक रूप से ऐसा कोई ऐलान नहीं किया है। उन्होंने सत्ताधारी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए के पास कोई विजन नहीं है। हमने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया, लेकिन उनका मेनिफेस्टो अब तक नहीं आया है।

05:08 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- नीतीश को सीएम नहीं बनाएगी भाजपा- तेजस्वी

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सहानुभूति है। भाजपा के लोग उनके चेहरे का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुतले की तरह उन्हें एनडीए में रखे हुए हैं। अमित शाह ने तो कंफर्म कर दिया कि नीतीश दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं, वह कह चुके हैं कि विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री तय किया जाएगा। चुनाव के बाद नीतीश को बीजेपी वाले मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे।

05:05 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- तेजस्वी बोले- बिहारी जो ठान लेता है वो पूरा करता है

तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन का प्रण है कि बिहार को नंबर वन कैसे बनाएं। मेनिफेस्टो में एक-एक घोषणा दिल से ली हुई है। हम अपने प्राण को झोंककर भी ये प्रण पूरा करने पड़े तो करेंगे। बिहारी जो ठान लेता है उसे पूरा करके ही रहता है। बिहार को हम विकसित और अव्वल राज्यों में देखना चाहते हैं। कुछ बाहरी शक्तियां बिहार को उपनिवेश बनाना चाहते हैं, जो कि हम हरगिज नहीं होने देंगे।

05:02 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- पुरानी पेंशन योजना लागू कराने का वादा

सीपीआई माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि महागठबंधन के मेनिफेस्टो में हर तबके के लिए वादे किए गए हैं। दिव्यांगों को अलग से पेंशन देने का वादा है। अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने की बात की गई है। साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने की भी मांग है।

04:57 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- मेनिफेस्टो में 20 दिन का प्रतिज्ञा पत्र

इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के आईपी गुप्ता ने कहा कि महागठबंधन के मेनिफेस्टो में 20 दिनों का प्रतिज्ञा पत्र है। महागठबंधन की सरकार बनने पर 20 दिनों के भीतर इनपर काम होगा।

04:54 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- हर घर को सरकारी नौकरी, भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन

महागठबंधन के मेनिफेस्टो तेजस्वी प्रण में हर घर को सरकारी नौकरी, भूमिहीनों को 5 डिसिमल जमीन देने का वादा किया गया है।

04:52 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- एनडीए से पहले महागठबंधन का मेनिफेस्टो आया

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि सबसे पहले महगठबंधन ने अपना मेनिफेस्टो जारी किया है। महागठबंधन ने पूर्व में अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के नाम की भी घोषणा कर दी थी।

04:50 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- महागठबंधन का मेनिफेस्टो जारी

महागठबंधन ने अपना मेनिफेस्टो जारी कर दिया है। इसे तेजस्वी प्रण नाम दिया गया है।

04:35 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- मेनिफेस्टो का नाम तेजस्वी प्रण पत्र

इंडिया गठबंधन की ओर से कुछ देर में चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जायेगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव गठबंधन के अन्य नेताओं की मौजूदगी में इसे जारी करेंगे। घोषणा पत्र को तेजस्वी प्रण नाम दिया गया है।

04:20 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- तेजस्वी बोले- ठेकुआ और प्रसाद खाकर, वापस परदेस नहीं जाना है

तेजस्वी यादव ने बिहार के प्रवासी मजदूरों से कहा, "छठ पर ठेकुआ और प्रसाद खाकर वापस परदेस नहीं जाना है। सभी को यहीं रूकना है, बिहार बनाने के लिए! सरकार बनाने के लिए! छठ मैया के आशीर्वाद से 14 नवंबर को आने वाली सरकार, आप सभी के लिए बिहार में ही रोजी-रोजगार का प्रबंध करेगी।"

04:05 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- थोड़ी देर में जारी होगा महागठबंधन का घोषणा पत्र

महागठबंधन का साझा चुनावी घोषणा पत्र थोड़ी देर में जारी किया जाएगा। घटक दलों के नेता पटना के होटल मौर्या में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने चुनावी वादे जनता के सामने रखेंगे।

03:15 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- एनडीए का मैनिफेस्टो कब आएगा?

महागठबंधन का घोषणा पत्र आज जारी होने वाला है, इस बीच एनडीए के मैनिफेस्टो की भी तारीख आ गई है। सत्ताधारी गठबंधन की ओर से 30 अक्टूबर को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा।

02:39 PM Mahagathbandhan Manifesto LIVE:- होटल मौर्या में शाम 4.30 बजे पीसी

महागठबंधन का चुनावी घोषणा पत्र शाम 4.30 बजे जारी होगा। घटक दलों की ओर से इस संबंध में पटना के होटल मौर्या में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है।

Mahagathbandhan Live: 14:02 PM - राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंगलवार को कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन का चुनाव घोषणा पत्र बिहार को देश का नंबर एक राज्य बनाने वाला विजन दस्तावेज होगा। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का चुनाव घोषणापत्र आज ही दोपहर में जारी किया जाना है। तेजस्वी ने यहां पत्रकारों से कहा, “हमारे पास बिहार के विकास के लिए स्पष्ट विजन और रोडमैप है। इसे ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ भी कहा जा सकता है।”

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “हमने चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी... हम आज अपना घोषणापत्र जारी करने जा रहे हैं। राजग की पार्टियों का क्या? उन्होंने न तो अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा की है और न ही घोषणापत्र जारी किया। वे तो हमारे वादों की नकल करते हैं।”

तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के लिए कोई रचनात्मक कार्य नहीं किया। ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी ने कहा, “प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं... विपक्ष के नेताओं को कोसते हैं और नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा देते हैं।”

Mahagathbandhan Live: 13:49 PM - सारण की रैली में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजग सरकार को इसकी जरा भी परवाह नहीं है।

Mahagathbandhan Live: 13:43 PM - केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने SIR के दूसरे चरण पर कहा, "चुनाव आयोग वोट चोरी नहीं बल्कि आप (कांग्रेस) वोट की चोरी करना चाहते हैं। चुनाव आयोग संविधान में प्रावधान उसके आधार पर काम कर रहा है। आप कुछ दिन संविधान की कोपी लेकर घूम रहे थे। आजकल नहीं घूम रहे क्योंकि वो संविधान के विरोध में बोल रहे हैं। संविधान में लिखा हुआ है जो इस देश का नागरिक वही इस देश का मतदाता होगा...आप कह रहे कि जो इस देश का नागरिक नहीं है उसे भी वोटर बना दे तो वोट चोरी कौन कर रहा है आप कि चुनाव आयोग? आप घुसपैठिए के बल पर चुनाव जीतना चाहते हैं....राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अपनी विश्वनीयता खो रहे हैं।"

Mahagathbandhan Live: 13:30 PM - ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि महागठबंधन घोषणा पत्र जारी करने के दौरान कुछ अन्य राजनीतिक घोषणाएं भी कर सकता है। जैसे कि अगर RJD, कांग्रेस और वामपंथी गठबंधन चुनाव जीतते हैं तो अल्पसंख्यक समुदाय से एक उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

इससे पहले, जब यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया था, तो यह भी घोषणा की गई थी कि VIP प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। कहा जा रहा है कि इस कदम का मकसद निषादों को लुभाना था, जो एक अत्यंत पिछड़ा वर्ग है और जिससे सहनी संबंधित हैं।

Mahagathbandhan Live: 13:10 PM -बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, राज्य का सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन जहां चुनाव प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं, वहीं दोनों गठबंधनों के भीतर बगावत की चिंगारी भी अब खुलकर सामने आने लगी है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विधायकों, पांच पूर्व विधायकों, विधान परिषद के पूर्व सदस्यों समेत कुल 27 नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया।

जिन दो विधायकों को निष्कासित किया गया है उनमें छोटे लाल राय और मोहम्मद कामरान शामिल हैं। पार्टी द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इन नेताओं पर पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ प्रचार करने या फिर निर्दलीय रूप से चुनावी मैदान में उतरने का आरोप था।

Mahagathbandhan Live: 12:54 PM - महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हमने सीएम का चेहरा भी घोषित कर दिया है। आज हम 'तेजस्वी प्रण पत्र' जारी करने जा रहे हैं कि हम अगले 5 साल कैसे काम करने जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि एनडीए अपने सीएम के नाम की घोषणा करे। उनके पास क्या योजनाएं हैं? उनका विजन क्या है और वे बिहार को कैसे आगे ले जाएंगे? हमने एक रोडमैप, एक विजन दिया है और हम स्पष्ट हैं कि हम बिहार को नंबर वन बनाएंगे। वे केवल नकारात्मक बातें करते हैं और हमारे नेताओं पर आरोप लगाते हैं..."

Mahagathbandhan Live: 12:36 PM -छपरा जिले के तरैया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा ‘हमें दीजिए एक मौक़ा, नौकरी मिलेगी पक्का आपके भरोसे का लगाऊँगा छक्का!’

Mahagathbandhan Live: 12:00 PM - जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने कहा, "कर्पूरी ठाकुर, महात्मा गांधी, बाबा साहब अंबेडकर और गांधी जी जननायक थे... लालू यादव की राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर छत्र छाया है। हमारे ऊपर उनकी छत्र छाया नहीं है।

Mahagathbandhan Live: 11:29 AM - बिहार में चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक और बड़ा ऐलान कर दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के नाई, कुम्हार, बढ़ई, लोहार, माली और मोची जैसी मेहनतकश जातियों के स्वरोजगार, आर्थिक उत्थान और उन्नति के लिए 5 साल के लिए 5 लाख की एकमुश्त ब्याज रहित राशि प्रदान की जाएगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस पैसे से इस वर्ग के लोग अपने लिए औजार, इत्यादि खरीदेंगे।

Mahagathbandhan Live: 11:21 AM - बिहार की जनता बदलाव के मूड में- तेजस्वी

RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "आज हम लोग का चुनाव प्रचार है और हमें बिहार के हर जगह जाना है और इस बार बिहार की जनता बदलाव की मूड में हैं...जो लोग बिहार से पलायन किए हुए जो रोजी-रोटी के बाहर गए हुए थे वो छठ में किस तरह से वापस आए वो आपने देखा होगा...ये देखकर पीड़ा हुई यही रेल मंत्री ने घोषणा की थी कि 12000 स्पेशल ट्रेन चलाएंगे। लेकिन किस प्रकार से हमारे भाई-बहनें ट्रेनों में आए वो आपने देखा। लोग ठुस-ठुसकर ट्रेन में आए हैं। कहां गए इनके स्पेशल ट्रेन? इन लोगों ने केवल बिहार के लोगों को ठगने का काम किया है...ये अब चलने वाला नहीं है.."

Mahagathbandhan Live: 11:00 AM - कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारक बिहार चुनाव में करेंगे प्रचार

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, कन्हैया कुमार और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव शामिल हैं। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, कांग्रेस की बिहार इकाई के प्रमुख राजेश राम, कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, सचिन पायलट, रणदीप सुरजेवाला और सैयद नसीर हुसैन के साथ-साथ वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, तारिक अनवर, गौरव गोगोई, मोहम्मद जावेद और अखिलेश प्रसाद सिंह भी इस सूची में शामिल हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Mahagathbandhan Live: 10:55 AM - राहुल-तेजस्वी सााथ करेंगे प्रचार

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 29 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। वह मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र और दरभंगा में महागठबंधन समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में दो संयुक्त जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन सभाओं में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के प्रमुख राजेश राठौड़ ने सोमवार बताया कि यह राहुल गांधी का विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पहला बिहार दौरा है।उनके अनुसार, राहुल गांधी सकरा (सुरक्षित) सीट से महागठबंधन द्वारा मैदान में उतारे गए उम्मीदवार उमेश राम के पक्ष में अपनी पहली सभा को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात राहुल गांधी दरभंगा में राजद सहित महागठबंधन के उम्मीदवार के लिए आयोजित सभा में जनता से समर्थन की अपील करेंगे।

Mahagathbandhan Live: 10:45 AM -आधी आबादी के बिना समृद्धि नहीं - तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा था कि बिहार की आधी आबादी के बिना समृद्धि की कल्पना नहीं की जा सकती। “हमारी सरकार महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि उनके सामाजिक अधिकारों की रक्षा भी करेगी।”

Mahagathbandhan Live: 10:31 AM - महागठबंधन के मेनिफेस्टो में हो सकते हैं ये वादे-

200 यूनिट मुफ्त बिजली

500 रुपये में गैस सिलेंड

पंचायत प्रतिनिधियों को दोगुना भत्ता

हर परिवार में सरकारी नौकरी

Mahagathbandhan Live: 10:11 AM - राहुल गांधी 29 अक्तूबर को बिहार दौरे पर होंगे। कांग्रेस सांसद मुजफ्फरपुर और दरभंगा में महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र में राहुल गांधी रैली करेंगे।

Mahagathbandhan Live: 10:06 AM -सीएम नीतीश कुमार भी आज ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार करेंगे। सीएम मुजफ्फरपुर के बरुआ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा सीएम समस्तीपुर के उजियारपुर में भी सभा करेंगे।

Mahagathbandhan Live: 09:56 AM - बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का आज धुंआधार चुनाव प्रचार होगा। तेजस्वी यादव छपरा के कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।

Mahagathbandhan Live: 09:42 AM - भाजपा नेता एवं अभिनेता पवन सिंह ने कहा, “सभी को छठ पूजा की बधाई...” बिहार चुनाव प्रचार पर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा," मुझे जैसा आदेश मिलेगा वैसे हमें सेवा भाव से सेवा करना है।"

Mahagathbandhan Live: 09:15 AM - प्रियंका गांधी नहीं रहेंगी मौजूद

महागठबंधन आज अपने चुनावी घोषण पत्र का ऐलान कर सकता है। पहले ऐसी खबरें थी कि इस मौके पर प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी। लेकिन अब प्रियंका गांधी का बिहार दौरा टल गया है।

Mahagathbandhan Live: 09:08 AM - राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर वह जाति सर्वेक्षण के निष्कर्षों के अनुरूप आरक्षण वृद्धि से जुड़े नए विधेयक लाएंगे और केंद्र से अनुरोध करेंगे कि इन कानूनों को न्यायिक समीक्षा से बचाने के लिए नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए, जैसा कि तमिलनाडु में है।

Mahagathbandhan Live: 08:40 AM - तेजस्वी यादव ने हाल ही में हर परिवार के एक सदस्य के लिए सरकारी नौकरी सुनिश्चित करने का वादा किया था लेकिन सत्तापक्ष और जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने इसे चुनावी रेवड़ी करार दिया था। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस वादे को जमीन पर उतारने के लिए ‘‘वैज्ञानिक अध्ययन’’ किया गया है।

Mahagathbandhan Live: 08:22 AM -सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम)सहित कुछ अन्य पक्षों ने सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन ने ‘‘यादव और निषाद समुदाय को तो जगह दी लेकिन उनसे अधिक संख्या वाले मुस्लिम समुदाय की अनदेखी कर दी।’

Mahagathbandhan Live: 08:10 AM - ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि घोषणा पत्र जारी करने के दौरान कुछ और अहम राजनीतिक घोषणा की जा सकती है, जिनमें अल्पसंख्यक समुदाय से किसी नेता को उपमुख्यमंत्री बनाये जानी की बात भी सामने आ रही है। तेजस्वी यादव को जब मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था, तब भी यह कहा गया था कि विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद दिया जा सकता है।महागठबंधन का यह कदम निषाद समुदाय को साधने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Mahagathbandhan Live: 08:00 AM - राजद नेताओं के अनुसार अब तक नेता प्रतिपक्ष ने जो-जो घोषणाएं की है, उसको घोषणा पत्र में समाहित किया गया है। हर परिवार से एक को सरकारी नौकरी देने की घोषणा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आरक्षण की सीमा बढ़ाने की घोषणा को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।

Mahagathbandhan Live: 7.50AM - महागठबंधन पंचायत प्रतिनिधियों को दोगुना भत्ता, पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों को पेंशन देने को भी घोषणा पत्र में शामिल कर सकता है। महागठबंधन घोषणा पत्र में कुछ और नए वायदे भी सार्वजनिक कर सकता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।