तेजस्वी के राघोपुर की जनता पर तेजप्रताप मेहरबान, रोहिणी ने वीडियो शेयर किया; लालू फैमिली में क्या चल रहा
तेज प्रताप यादव का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें वे अपने आवास पर कुछ लोगों को खाना खिलाते दिख रहे हैं। रोहिणी आचार्या ने इस वीडियो को अपने हैंडल से शेयर किया है।

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनैतिक सरगर्मी चरम पर है। सभी नेता अपने अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। इधर राजद से बाहर कर दिए गए लालू यादव के बड़े लाल और हसनपुर विधायक तेज प्रताप यादव अपने भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के क्षेत्र राघोपुर पर काफी मेहरबान हैं। उनकी बहन रोहिणी आचार्या ने भी तेज प्रताप का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वे बाढ़ से पीड़ित लोगों को अपने आवास पर खाना खिला रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित राघोपुर में चुनाव से पहले राजनीति काफी गर्म है। इस क्षेत्र के विधायक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हैं। लेकिन, उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव राघोपुर में काफी सक्रिय हैं। बड़े तेज वहां न सिर्फ राहत कार्य चला रहे हैं बल्कि मौके निकालकर तेजस्वी यादव पर तंज भी कस देते हैं। हालांकि तेज प्रताप ज्यादा बयान नीतीश कुमार के खिलाफ देते हैं पर तेजस्वी को निशाने पर लेने से नहीं चूकते।
तेज प्रताप यादव का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें वे अपने आवास पर कुछ लोगों को खाना खिलाते दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर उन्होंने लिखा है कि देर रात राघोपुर विधानसभा के बाढ़ से पीड़ित महिला और पुरुष आवास के बाहर सुरक्षा कर्मियों के रूम में आकर बैठे थे। जैसे ही सूचना मिल कि तुरंत खुद गेट पर पहुंचे और उनका हाल समाचार लिया। उसके बाद सभी के घर के अंदर लेकर आए और खाना, पानी के साथ रहने की उचित व्यवस्था की। उन्हें आर्थिक सहायता भी दिया। गरीब और जरूरतमंदों की सेवा ही भगवान की सच्ची सेवा होती है।
इस वीडियो को उनकी बहन रोहिणी आचार्या ने अपने हैंडल पर शेयर कर दिया है। सियासी गलियारे में इसपर चर्चा सुगबुगाहट शुरू हो गई है। जब तेज प्रताप यादव को परिवार से अलग किया गया था तो रोहिणी ने पिता का समर्थन किया था। मीसा भारती ने भी तेज प्रताप का साथ नहीं दिया था। उन्हें किसी बहन ने राखी भी नहीं बांधी थी।




साइन इन