technical problem in indigo flight at patna airport passengers worried 178 में सिर्फ 103 ही गए, पटना एयरपोर्ट पर विमान में खराबी आने के बाद क्यों मची खलबली, Bihar Hindi News - Hindustan
More

178 में सिर्फ 103 ही गए, पटना एयरपोर्ट पर विमान में खराबी आने के बाद क्यों मची खलबली

विमान में यात्रियों की बोर्डिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी इसी बीच पायलट को कुछ तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद बोर्डिंग टाल दी गई। पायलट से मिली सूचना के बाद विमान की तकनीकी खराबी को दूर करने की कोशिश की जाती रही।

Mon, 9 Dec 2024 05:25 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, पटना
share
178 में सिर्फ 103 ही गए, पटना एयरपोर्ट पर विमान में खराबी आने के बाद क्यों मची खलबली

पटना से कोलकाता जाने वाले इंडिगो के विमान में रविवार को तकनीकी (सॉफ्टवेयर संबंधित) खराबी आ गई। इस वजह से इस कोलकाता जाने वाले 178 यात्री एयरपोर्ट परिसर में ही साढ़े तीन घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार 6ई 6917 के पटना एयरपोर्ट पर 178 यात्रियों को लेकर आई थी। शाम 4 बजे के आसपास इसे विमान संख्या 6ई 775 बनकर यात्रियों के साथ पटना एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भरना था।

विमान में यात्रियों की बोर्डिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी इसी बीच पायलट को कुछ तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद बोर्डिंग टाल दी गई। पायलट से मिली सूचना के बाद विमान की तकनीकी खराबी को दूर करने की कोशिश की जाती रही। यात्रियों ने बताया कि 3 घंटे तक विमानन प्रतिनिधियों द्वारा उन्हें यह सूचना दी जाती रही कि विमान को ठीक करने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि इसे देर शाम तक ठीक नहीं किया जा सका। यात्रियों ने बताया कि काफी देर बाद उन्हें यह जानकारी दी गई कि दूसरे विमान से उन्हें कोलकाता भेज दिया जाएगा। इस दौरान वे साढ़े तीन घंटे तक एयरपोर्ट पर उहापोह की स्थिति में फंसे रहे। रात पौने आठ बजे के आसपास यात्रियों को दूसरे विमान से कोलकाता भेज दिया गया। 178 यात्रियों को कोलकाता जाना था पर सिर्फ 103 यात्री ही स्पेशल विमान में सवार हुए।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।