SVU action on Engineer Rajiv Kumar illegal assets worth of crores raids at three locations इंजीनियर राजीव कुमार पर SVU का शिकंजा कसा; करोड़ों की अवैध संपत्ति, 3 ठिकानों पर रेड, Bihar Hindi News - Hindustan
More

इंजीनियर राजीव कुमार पर SVU का शिकंजा कसा; करोड़ों की अवैध संपत्ति, 3 ठिकानों पर रेड

राजीव कुमार वर्तमान में विभाग के पटना में पंत भवन स्थित खरीद एवं गुणवत्ता नियंत्रण कार्यालय में कार्यकारी अभियंता हैं। उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या-15/2026 दर्ज किया गया है।

Sat, 18 April 2026 09:42 AMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
इंजीनियर राजीव कुमार पर SVU का शिकंजा कसा; करोड़ों की अवैध संपत्ति, 3 ठिकानों पर रेड

SVU Raid: विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही उनके पटना स्थित कार्यालय और दो आवास सहित कुल तीन ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दीगई है। राजीव कुमार पर सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए और बिहार सरकार में एक लोक सेवक के नाते अवैध रूप से लगभग 1,10,24,271/-रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, जो उनके ज्ञात कानूनी आय के स्रोतों से अधिक है।

राजीव कुमार वर्तमान में विभाग के पटना में पंत भवन स्थित खरीद एवं गुणवत्ता नियंत्रण कार्यालय में कार्यकारी अभियंता (अधीक्षक अभियंता का कार्यालय) हैं। एसवीयू ने बताया कि कार्यपालक अभियंता के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या-15/2026 दर्ज किया गया है। साथ ही निगरानी पटना के विशेष न्यायाधीश द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पटना में आरोपी के पंत भवन स्थित कार्यालय, पटना के रामनगरी रोड स्थित फ्लैट,(202,पश्चिम ब्लॉक, सुमित चंद्रम, गृहम अपार्टमेंट) और खगौल रोड, दानापुर के लैंडमार्क गोल्ड स्थित फ्लैट संख्या 807 में जांच की जा रही है।

राजीव कुमार के आवास पर दस्तावेजों को खंगालती निगरानी टीम

छापेमारी में बरामदगी को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गयी है। माना जा रहा है कि इंजीनियर राजीव कुमार के ठिकानों से भारी मात्रा में चल और अचल संपत्ति के दस्तावेज मिल सकते हैं। उनके खिलाफ कई मामलों में आरोप लगाए गए हैं। जिनकी पुष्टि हो गई उनके आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। कई अन्य मामलों में अवैध संपत्ति का खुलासा हो सकता है। राजीव कुमार ने काली कमाई करके अकूत संपत्ति अर्जित की है। आरोप सही पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। उनकी अवैध संपत्ति को सरकार जब्त कर सकती है। खबर लिखे जाने तक छापेमारी की कार्रवाई जारी है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।