Will make cities Karbala JDU leader Gulam Rasool Balyawi controversial statement शहरों को कर्बला बना देंगे... RJD के बाद अब JDU नेता का विवादित बयान, गुलाम रसूल बलियावी ने दोहराई बात, Bihar Hindi News - Hindustan
More

शहरों को कर्बला बना देंगे... RJD के बाद अब JDU नेता का विवादित बयान, गुलाम रसूल बलियावी ने दोहराई बात

जेडीयू नेता गुलाम रसूल बलियावी ने कहा कि उन्होंने शहरों को कर्बला में तब्दील करने की बात कही। वे इस पर कायम हैं। कर्बला का मतलब मानवता और भाईचारे के लिए सब कुछ कुर्बान करने से है।

Fri, 20 Jan 2023 11:38 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
शहरों को कर्बला बना देंगे... RJD के बाद अब JDU नेता का विवादित बयान, गुलाम रसूल बलियावी ने दोहराई बात

बिहार में महागठबंधन के नेताओं की विवादित बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। अब जेडीयू नेता गुलाम रसूल बलियावी ने मुस्लिमों को संबोधित करते हुए विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि अगर उनके आका की इज्जत पर हाथ डाला तो शहरों को कर्बला बना दिया जाएगा। उन्होंने यह बयान बीजेपी से निष्कासित नुपूर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर की गई विवादित टिप्पणी के खिलाफ दिया गया। गुलाम रसूल बलियावी अपने बयान पर अडिग हैं। इससे पहले बिहार सरकार में आरजेडी कोटे से शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर रामचरितमानस को नफरती ग्रंथ बताकर विवादों में आए थे।

जेडीयू के वरिष्ठ नेता गुलाम रसूल बलियावी ने दो दिन पहले झारखंड के हजारीबाग में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान मंच से भाषण देते हुए वे भड़काऊ बयानबाजी करने लगे। उन्होंने कहा, "मुझे जितनी गालियां देनी है दे दो, लेकिन अगर मेरे आका की इज्जत पर हाथ डाला तो शहरों को भी कर्बला बना देंगे।"

बलियावी बयान पर अडिग, बोले- मुस्लिम बच्चों को आतंकी बताकर मार रहे

जेडीयू नेता गुलाम रसूल बलियावी ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि उन्होंने शहरों को कर्बला में तब्दील करने की बात कही। वे इस पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि कर्बला का मतलब मानवता और भाईचारे के लिए सब कुछ कुर्बान करने के लिए है। इस समय देश में हमारे बच्चों को आतंकवादी बताकर उठा कर 18-20 साल तक सलाखों के पीछे रखा जा रहा है। अगर हमारे बच्चे विरोध करने जाते हैं तो उन्हें गोली मार दी जाती है। मुस्लिमों के अधिकारों की रक्षा के लिए मुस्लिम सेफ्टी एक्ट लाया जाए।

रामचरितमानस पर टिप्पणी से विवादों में आए शिक्षा मंत्री

महागठबंधन में शामिल पार्टियों की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने इसे नफरत फैलाने वाला ग्रंथ बताया और कहा कि इसमें समाज को बांटने के बारे में लिखा गया है। इसके बाद देश भर में उनका विरोध हुआ। बिहार के कई जिलों की अदालतों में शिक्षा मंत्री के खिलाफ परिवाद दायर हुए हैं। 
 

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।